फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुना सिटी: जर्जर भवन के कारण चौरोली के आंगनवाड़ी केंद्र पर लगा ताला, नए ठिकाने की तलाश

चौरोली गांव के कंपोजिट विद्यालय परिसर में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र के भवन की हालत बेहद खराब हो चुकी है। भवन की दीवारों का प्लास्टर जगह-जगह से उखड़ गया है। कई स्थानों पर ईंटें दिखाई देने लगी हैं और उनके बीच लगा मसाला भी निकल रहा है। भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए आंगनवाड़ी केंद्र पर ताला लगा दिया गया है। अब विभाग की ओर से केंद्र के संचालन के लिए उसी परिसर में किसी दूसरे अस्थायी स्थान की तलाश की जा रही है।

ऐसे में जर्जर भवन में छोटे बच्चों को बैठाना उनकी सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बना हुआ है। भवन की स्थिति को देखते हुए विभाग ने यहां बच्चों को नहीं बैठाने का निर्णय लिया है। आंगनवाड़ी केंद्र पर ताला लगाए जाने के बाद अब विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इसके संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुटे हैं। इसके लिए उसी परिसर में संचालित कंपोजिट विद्यालय चौरोली के प्रधानाचार्य से अस्थायी रूप से जगह उपलब्ध कराने की मांग की गई है, ताकि केंद्र का संचालन किसी सुरक्षित स्थान पर किया जा सके।

खंडर जैसा लगता है केंद्र
आंगनवाड़ी केंद्र की इमारत की हालत ऐसी है कि इसे देखकर किसी पुराने खंडहर का अहसास होता है। भवन की बाहरी दीवारों पर जगह-जगह प्लास्टर उखड़ा हुआ है। नीचे की तरफ ईंटें पूरी तरह दिखाई दे रही हैं। दीवारों में लगा मसाला भी धीरे-धीरे निकल रहा है। इसके अलावा खिड़कियों और दरवाजों की स्थिति भी ठीक नहीं है। भवन के आसपास भी साफ-सफाई और रखरखाव की कमी दिखाई दे रही है। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण भवन की हालत लगातार खराब होती नजर आ रही है।

सुपरवाइजर की ओर से आंगनवाड़ी केंद्र के भवन की रिपोर्ट मिलने के बाद रिपोर्ट आगे भेज दी है। साथ ही भवन की खराब स्थिति को देखते हुए वहां बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र के संचालन के लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है।- कुलप्रीत कौर,बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ)

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें