युवाओं के कौशल विकास को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें उद्योगों की वास्तविक जरूरतों और व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना जरूरी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है। यह बात वन मिलियन फॉर वन बिलियन (1एम1बी) के संस्थापक एवं सीईओ मानव सुबोध ने गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के शुभारंभ के दौरान कही। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तकनीकी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। ऐसे में विद्यार्थियों को नई तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान देना जरूरी है। इसके लिए विश्वविद्यालयों और उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना होगा। उद्योगों के साथ मिलकर काम करने से विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यक्षेत्र की चुनौतियों को समझने और उनका समाधान तलाशने का अवसर मिलेगा। मानव सुबोध ने कहा कि ग्रीन स्किल्स और एआई केवल तकनीकी बदलाव नहीं हैं, बल्कि भविष्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। युवाओं को इन क्षेत्रों में प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए। विश्वविद्यालयों में स्थापित ऐसे सेंटर विद्यार्थियों को नवाचार और नए विचारों पर काम करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करा सकते हैं।