दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित लोकतंत्र बचाओ रैली में गुरुग्राम से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर और जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता सेक्टर-29 स्थित लेजरवैली मैदान से बसों और निजी वाहनों में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस दौरान पूर्व सांसद राज बब्बर और रैली के गुरुग्राम प्रभारी एवं पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस ने कई बसों को रोक दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर पैदल ही दिल्ली की ओर बढ़ने लगे।