गुरुग्राम में ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में बने क्रिकेट ग्राउंड के चौधरी सुरेंद्र सिंह क्रिकेट पवेलियन का छज्जा रविवार को गिर गया था। हालांकि यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैच कराने और खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना एक साल बाद भी धरातल पर नहीं उतर सकी है। ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में क्रिकेट, फुटबॉल समेत अन्य खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए करीब 634 करोड़ रुपये की योजना को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के बोर्ड से करीब एक साल पहले मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर राजीव चौक के पास करीब 45 एकड़ में ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बना हुआ है। अभी इसमें क्रिकेट, फुटबाॅल और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों के लिए सुविधा उपलब्ध है। हालांकि खेल परिसर को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस करने के लिए यहां क्रिकेट और फुटबॉल स्टेडियम के साथ कई अन्य खेल सुविधाएं विकसित करने की योजना तैयार की गई थी। योजना के तहत करीब 8.5 एकड़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम विकसित किया जाना है। इसमें करीब 35 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। क्रिकेट स्टेडियम पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।