दिल्ली-गुरुग्राम-बावल नमो भारत कॉरिडोर के निर्माण की तैयारी के तहत इसके रास्ते में आ रही यूटिलिटी को शिफ्ट किया जा रहा है। इसी कड़ी में राजीव चौक पर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की मास्टर वाटर लाइन को शिफ्ट किया जा रहा है। अभी यह लाइन प्रस्तावित स्टेशन के बीच से गुजर रही है, जिसे हटाकर एक तरफ किया जा रहा है, ताकि कॉरिडोर के निर्माण में बाधा न आए। यहां पर अंडरग्राउंड स्टेशन का निर्माण किया जाना है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) की ओर से दिल्ली-गुरुग्राम-बावल नमो भारत कॉरिडोर पर काम किया जाना है। इसके लिए कॉरिडोर के रास्ते में आने वाली विभिन्न यूटिलिटी को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा रहा है। राजीव चौक पर मास्टर वाटर लाइन की शिफ्टिंग भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। लाइन को एक तरफ करने से आगे निर्माण कार्य के लिए जगह उपलब्ध हो सकेगी।