गुरुग्राम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को गुरुग्राम की तस्वीर बदलने के लिए मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता, सड़क, पेयजल और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं में धरातल पर बदलाव दिखाई देना चाहिए। विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। ऐसे में अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करें। मुख्यमंत्री ने निर्माण एवं विध्वंस कचरे (सीएंडडी वेस्ट) के प्रबंधन के लिए जिले में 10 स्थानों पर एक-एक हेक्टेयर जमीन चिह्नित करने और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास करीब 500 एकड़ में स्थायी निस्तारण केंद्र विकसित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री मंगलवार को जीएमडीए और नगर निगम अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम, सड़क, पेयजल और सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं की प्रगति जानी।