दिल्ली- मेरठ मार्ग स्थित तेल मिल गेट कॉलोनी के सामने शनिवार पूर्वाहन गन्ने से लदे ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद यातायात बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात सामान्य कराया। जनपद मेरठ के लिसाड़ी गेट स्थित सद्दीक नगर कॉलोनी निवासी अब्दुल रहमान अपने साथी नाजिर के साथ शनिवार पूर्वाहन बाइक से गुरुग्राम जा रहे थे। जैसे ही वह दिल्ली- मेरठ मार्ग स्थित तेल मिल गेट कॉलोनी के सामने पहुंचे तभी गन्ने से लदे ट्रैक्टर ट्राली ने किसी वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। एंबुलेंस से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।