मौसम में बृहस्पतिवार सुबह हुए बदलाव के कारण करीब चार घंटें तक बरसात हुई। बरसात के कारण नगर में विभिन्न स्थानों पर जलभराव हो गया। हापुड़ मार्ग रेलवे क्रासिंग पर निर्माणाधीन आरओबी की सर्विस रोड धसने से जाम लग गया। दिन भर जाम की स्थिति बनी रही है। जलभराव और जाम के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।बृहस्पतिवार सुबह मौसम में आए बदलाव के कारण तेज हवाएं चली और झमाझम बरसात हुई। बरसात के कारण दिल्ली-मेरठ मार्ग पर कई स्थानों पर जल जमाव हो गया। नगर के सौंदा कट,मोदीनगर मंदिर और सीकरी पंप आदि स्थानों पर भारी जलभराव होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं हापुड़ मार्ग पर निर्माणाधीन आरओबी की क्षतिग्रस्त सड़क धस गई। इसके कारण यातायात बाधित हो गया और वहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। दिनभर वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। लोगों ने आरओबी निर्माण में लगी कार्यदायी संस्था पर लापरवाही का आरोप लगाया। आरोप है कि दोनों तरफ की सर्विस रोड काफी समय से क्षतिग्रस्त है कई बार आंदोलन भी किया मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।