फरीदाबाद में 'नशामुक्त एवं स्वस्थ हरियाणा, जहां दूध-दही का खाना' के संकल्प के साथ हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा हरियाणा में नशे के विरुद्ध व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा बल्लभगढ़ से साइकिल चलाकर राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सराय ख्वाजा पहुंचे। उन्होंने आने-जाने के दौरान लगभग 32 किलोमीटर की साइकिल यात्रा की और संदेश दिया- “साइकिल चलाओ, स्वास्थ्य पाओ और नशे को जड़ से मिटाओ।” विद्यालय में प्रधानाचार्य शमशेर सिंह राणा, शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक दिनेश तथा दो हजार विद्यार्थियों और बहत्तर शिक्षकों की उपस्थिति में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।