कर्णप्रयाग। विकासखंड के गनोली, रवेंठा, रोलजुन्यारी, गैन और सजकटा के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए रविवार को चौथे दिन भी श्रमदान जारी रखा। चौथे दिन ग्रामीणों ने करीब 24 मीटर सड़क का निर्माण किया। अब तक ग्रामीण चार दिनों में 110 मीटर से अधिक लंबी कच्ची सड़क बना चुके हैं। दो दशक से सड़क का इंतजार कर रहे ग्रामीणों का सब्र तब जवाब दे गया जब बीते रविवार को गांव की एक गर्भवती महिला को पैदल प्रसव के लिए अस्पताल जाना पड़ा और रास्ते में ही महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। इससे नाराज ग्रामीणों ने बीते 26 नवंबर से खुद ही सड़क बनाने का काम शुरू किया। रविवार को भी रवेंठा, मोली और रोलजुन्यारी की महिलाएं, पुरूष और युवा सड़क निर्माण के कार्य में जुटे रहे। ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर ने कहा कि दो दशक से उन्हें विभाग, सरकार और प्रशासन से केवल आश्वासन मिले हैं।