सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा को लेकर छठ महापर्व आयोजन समिति महादेव घाट ने होटल बेबीलॉन टॉवर रायपुर में अहम बैठक ली। इसमें छठ पूजा की तैयारियों को लेकर समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों के बीच चर्चा की गई। कार्यक्रम की रुपरेखा बनाई गई। कार्यक्रम व्यवस्था को लेकर समिति के लोगों को जिम्मेदारी सौंपने को लेकर भी मंथन किया गया। इस बार की छठ पूजा भव्य तरीके से मनाने के लिये बजट समेत कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। छठ महापर्व आयोजन समिति महादेव घाट के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने अमर उजाला से खास चर्चा में कहा कि हर वर्ष पूजा के पहले समिति के सभी सदस्यों को बुलाया जाता है। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। इस साल होने वाले कार्यक्रम को लेकर रणनीति बनाई गई। कार्यक्रम की भव्यता और अन्य सुधार समेत तमाम मुद्दों को लेकर चर्चा की गई। इस बैठक से ही यह मानकर चल जाता है कि आज से ही छठ पूजा का आगाज हो जाता है। महादेव घाट छठ स्थल की साफ-सफाई की जाएगी। भंडारा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पंडाल की साज सज्जा, पार्किंग व्यवस्था, अतिथियों के आगमन को लेकर बातचीत की गई। इस बार महादेव घाट छठ पूजा स्थल पर निर्माण कार्य चल रहा है। वहां पर स्टील का पुल बनाया जाना है। ऐसे में पूजा स्थल में परिवर्तन किया गया है। नए स्थल पर व्रतियों को छठ पूजा करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि हर हाल में छत्तीसगढ़ का विकास नहीं रुकना चाहिए क्योंकि छत्तीसगढ़ के विकास में ही हम सब का विकास है।