फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: चलती बस का स्टेयरिंग हुआ फेल, सड़क किनारे पेड़ से टकराई; यात्रियों में मची चीख-पुकार

Tue, 25 Aug 2026 06:00 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के सेवरा गांव के पास मंगलवार को एक यात्री बस अचानक हादसे का शिकार हो गई। बिलासपुर से मरवाही जा रही दीप ट्रैवल्स की बस कथित तौर पर स्टेयरिंग में तकनीकी खराबी आने के बाद अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। हादसे के वक्त बस में करीब 15 से 20 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई। हालांकि एक महिला यात्री को अंदरूनी चोट आने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, बस बिलासपुर से रवाना होकर पेंड्रा पहुंची थी। यहां से यात्रियों को लेकर बस मरवाही की ओर बढ़ रही थी। सेवरा गांव के आगे पहुंचते ही अचानक बस के स्टेयरिंग में खराबी आ गई। चालक ने वाहन को संभालने की कोशिश की, लेकिन बस पर नियंत्रण नहीं हो सका और वह सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी।

टक्कर के बाद बस में बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। अचानक हुए हादसे से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।

हादसे में अधिकांश यात्री सुरक्षित रहे। एक महिला यात्री को अंदरूनी चोट लगने की बात सामने आई है, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में स्टेयरिंग फेल होने की बात सामने आने की पुष्टि की है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

इस घटना ने यात्री बसों की तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों की नियमित फिटनेस और तकनीकी जांच कितनी जरूरी है, यह हादसा एक बार फिर सामने लाता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें