टाइप-सी केबल: एक जैसे दिखने वाले यूएसबी-सी केबल हर फोन में अलग तरह से क्यों काम करते हैं? जानिए चार बड़े कारण
आजकल लॉन्च होने वाले अधिकतम फोन में यूएसबी टाइप-सी पोर्ट देखने को मिलता है। पहली नजर में सभी टाइप-सी पोर्ट और केबल एक जैसे दिखाई देते हैं, इसलिए ज्यादातर लोगों को लगता है कि कोई भी यूएसबी सी केबल हर फोन के साथ एक जैसी स्पीड से काम करेगी। लेकिन ऐसा नहीं है। आइए जानते हैं अपने फोन के लिए सही केबल चुनने और उसकी पूरी क्षमता का फायदा उठाने का सबसे आसान तरीका।

विस्तार
कई बार नया केबल लगाने के बाद फोन की चार्जिंग धीमी हो जाती है, फाइल ट्रांसफर में ज्यादा समय लगता है या फोन को टीवी और मॉनिटर से कनेक्ट करने पर डिस्प्ले आउटपुट नहीं मिलता। इसकी वजह हमेशा खराब केबल नहीं होती। यूएसबी-सी के अलग-अलग स्टैंडर्ड और डिवाइस में दिए गए अलग फीचर्स इसके लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। अगर आप नया यूएसबी-सी केबल खरीदने जा रहे हैं या अपने फोन की पूरी क्षमता का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इन बातों को समझना जरूरी है।
फास्ट चार्जिंग में सबसे बड़ा फर्क
- यूएसबी टाइप-सी आने के बाद ऐसा लगा था कि सभी चार्जर और केबल एक जैसी चार्जिंग स्पीड देंगे। लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं है।
- यूएसबी पावर डिलीवरी यानी यूएसबी-पीडी एक यूनिवर्सल चार्जिंग स्टैंडर्ड है। इसके अलावा कई स्मार्टफोन कंपनियां अपनी अलग फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी भी इस्तेमाल करती हैं।
- वनप्लस में सुपरवूक, श्याओमी में हाइपरचार्ज, ओप्पो में सुपरवूक, वीवो में फ्लैशचार्ज और सैमसंग में सुपर फास्ट चार्जिंग जैसी तकनीकें मिलती हैं।
- इन तकनीकों की अधिकतम स्पीड के लिए कई बार कंपनी का ओरिजिनल चार्जर और सही केबल जरूरी होता है। जैसे मान लीजिए, अगर आपका फोन 100W या 120W चार्जिंग सपोर्ट करता है और आप सामान्य यूएसबी-सी चार्जर या केबल इस्तेमाल करते हैं, तो फोन कम पावर पर चार्ज हो सकता है।
- ऐसे में 100W या 120W की क्षमता वाले फोन पर आपको 18W, 25W या 45W जैसी कम चार्जिंग स्पीड भी मिल सकती है।
यूएसबी-सी का मतलब तेज डेटा ट्रांसफर नहीं
- यूएसबी-सी सिर्फ कनेक्टर का नाम है। इसका मतलब यह नहीं है कि हर यूएसबी-सी पोर्ट या केबल हाई-स्पीड डेटा ट्रांसफर करेगा।
- कुछ स्मार्टफोन अभी भी यूएसबी 2.0 स्टैंडर्ड इस्तेमाल करते हैं, जिसकी अधिकतम स्पीड 480Mbps तक होती है। वहीं यूएसबी 3.2 और USB4 जैसे स्टैंडर्ड इससे काफी ज्यादा तेज डेटा ट्रांसफर कर सकते हैं।
- इसका फर्क खासतौर पर तब दिखाई देता है, जब आप 4K वीडियो, बड़ी फोटो लाइब्रेरी या भारी फाइलें फोन से कंप्यूटर में ट्रांसफर करते हैं।
- इसलिए केवल फोन में यूएसबी-सी पोर्ट देखकर यह मान लेना सही नहीं है कि डेटा ट्रांसफर भी तेज होगा। फोन के स्पेसिफिकेशन में USB स्टैंडर्ड जरूर चेक करें।
हर यूएसबी-सी फोन से टीवी या मॉनिटर कनेक्ट नहीं होगा
- यहां पर एक बात और जान लीजिए कि यूएसबी-सी पोर्ट का इस्तेमाल सिर्फ चार्जिंग और डेटा के लिए नहीं होता। कुछ डिवाइस इससे टीवी, मॉनिटर या प्रोजेक्टर पर वीडियो आउटपुट भी दे सकते हैं।
- लेकिन इसके लिए डिवाइस में डिस्प्लेपोर्ट ऑल्ट मोड का सपोर्ट होना जरूरी है। हर स्मार्टफोन में यह सुविधा नहीं मिलती।
- अगर फोन इस फीचर को सपोर्ट करता है, तो यूएसबी-सी के जरिए मॉनिटर या टीवी से कनेक्ट किया जा सकता है। कुछ डिवाइस में सैमसंग DeX जैसे फीचर्स की मदद से फोन को लगभग डेस्कटॉप कंप्यूटर की तरह इस्तेमाल करने की सुविधा भी मिलती है।
- वहीं कई बजट और मिड-रेंज फोन में वीडियो आउटपुट के लिए जरूरी हार्डवेयर मौजूद नहीं होता। ऐसे में महंगा यूएसबी-सी टू एचडीएमआई एडैप्टर खरीदने के बावजूद टीवी या मॉनिटर पर स्क्रीन दिखाई नहीं देगी।
यूएसबी 4 और थंडरबोल्ट में भी है अंतर
- यूएसबी 4 और थंडरबोल्ट दोनों हाई-स्पीड कनेक्टिविटी से जुड़े स्टैंडर्ड हैं, लेकिन दोनों को पूरी तरह एक जैसा नहीं माना जा सकता।
- इनमें हाई-स्पीड डेटा ट्रांसफर, वीडियो आउटपुट, चार्जिंग और पीसीआई एक्सप्रेस सपोर्ट जैसे कई फीचर्स मिल सकते हैं। हालांकि यूएसबी 4 स्टैंडर्ड निर्माताओं को अलग-अलग क्षमताएं चुनने की सुविधा देता है।
- इसका मतलब है कि किसी डिवाइस पर यूएसबी4 लिखा होने के बावजूद जरूरी नहीं कि उसमें यूएसबी4 से जुड़े सभी एडवांस फीचर्स मौजूद हों।
- किसी डिवाइस में मल्टीपल डिस्प्ले सपोर्ट मिल सकता है, जबकि किसी दूसरे में यह सुविधा नहीं होगी। इसी तरह पीसीएलई टनलिंग और डॉकिंग स्टेशन सपोर्ट भी हर डिवाइस में समान नहीं होता।
- इसलिए सिर्फ यूएसबी4 नाम देखकर यह मान लेना सही नहीं है कि हर एक्सेसरी हर डिवाइस पर अपनी पूरी क्षमता से काम करेगी।
यूएसबी-सी केबल खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप नया यूएसबी-सी केबल खरीदने जा रहे हैं, तो केवल उसकी कीमत या लंबाई देखकर फैसला न करें।
1. चार्जिंग क्षमता चेक करें
अगर आपका फोन 100W या उससे ज्यादा फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है, तो उसी क्षमता को सपोर्ट करने वाला केबल चुनें।
2. डाटा ट्रांसफर स्पीड देखें
बड़ी फाइलें ट्रांसफर करने के लिए यूएसबी3.2 या यूएसबी4 सपोर्ट वाला केबल ज्यादा उपयोगी रहेगा।
3. डिस्प्ले सपोर्ट चेक करें
फोन को टीवी या मॉनिटर से कनेक्ट करना है तो फोन और केबल दोनों में डिस्प्लेपोर्ट ऑल्ट मोड का सपोर्ट होना जरूरी है।
4. भरोसेमंद केबल चुनें
भविष्य के इस्तेमाल और बेहतर सुरक्षा के लिए USB-IF सर्टिफाइड केबल चुनना बेहतर विकल्प माना जाता है।
एक जैसा यूएसीबी-सी पोर्ट देखकर न खरीदें केबल
- यूएसीबी-सी ने चार्जिंग और कनेक्टिविटी को काफी आसान बनाया है, लेकिन हर यूएसीबी-सी पोर्ट और केबल की क्षमता एक जैसी नहीं होती। कहीं चार्जिंग स्पीड अलग हो सकती है, कहीं डेटा ट्रांसफर धीमा हो सकता है और कहीं डिस्प्ले आउटपुट का सपोर्ट ही नहीं मिलता।
- इसलिए नया केबल खरीदने से पहले फोन और केबल दोनों के स्पेसिफिकेशन जरूर चेक करें। सही चार्जर और सही यूएसीबी-सी केबल का इस्तेमाल करके ही आप अपने स्मार्टफोन की चार्जिंग, डेटा ट्रांसफर और कनेक्टिविटी की पूरी क्षमता का फायदा उठा पाएंगे।