YouTube: यूट्यूब पर अब ऐसा कंटेंट बनाने वाले क्रिएटर्स की खैर नहीं, अकाउंट हो सकता है बैन!
Youtube New Policy:
यूट्यूब गैर-कानूनी गैंबलिंग ऐप्स या वेबसाइट्स को प्रमोट करने वाले क्रिएटर्स को अब बैन कर सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ तीन महीनों में 4.3 करोड़ विजिट्स गैंबलिंग साइट्स पर रिकॉर्ड की गई हैं।

विस्तार
अगर आप YouTube पर गैंबलिंग से जुड़े कंटेंट देखते या बनाते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। YouTube ने ऐलान किया है कि अब गैर-कानूनी गैंबलिंग ऐप्स और वेबसाइट्स को प्रमोट करने वाले क्रिएटर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे क्रिएटर्स के अकाउंट बैन किए जा सकते हैं और उनके वीडियो भी प्लेटफॉर्म से हटाए जाएंगे।
अनअप्रूव्ड गैंबलिंग सर्विस का प्रमोशन पड़ेगा भारी
नए नियमों के तहत अगर कोई क्रिएटर गैर-कानूनी गैंबलिंग ऐप्स या वेबसाइट्स का लोगो या लिंक अपने कंटेंट में दिखाएगा, तो उसका अकाउंट ब्लॉक किया जा सकता है। YouTube का कहना है कि यह कदम खासतौर पर युवा दर्शकों को बचाने के लिए उठाया गया है।
19 मार्च से लागू होंगे नए नियम
YouTube उन वीडियो पर एज रेस्ट्रिक्शन लगाएगा जो गैंबलिंग साइट्स या ऐप्स को प्रमोट करते हैं। ये वीडियो साइन-आउट यूजर्स और 18 साल से कम उम्र के दर्शकों को नहीं दिखाए जाएंगे। अगर कोई क्रिएटर गैंबलिंग से गारंटीड रिटर्न मिलने का दावा करता है, तो उसका कंटेंट तुरंत हटा दिया जाएगा।
भारत में ऑनलाइन गैंबलिंग पर सख्ती
गूगल की नीतियों के मुताबिक, भारत में गैंबलिंग विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही ऑनलाइन केसिनो गेम्स का प्रमोशन भी बैन है। बावजूद इसके, भारत में ऑनलाइन गैंबलिंग साइट्स पर हर महीने करोड़ों लोग विजिट करते हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ तीन महीनों में 4.3 करोड़ विजिट्स गैंबलिंग साइट्स पर रिकॉर्ड की गई हैं।