VI 5G: जियो और एयरटेल के बाद वोडाफोन-आइडिया ने 5जी को लेकर दिया बयान, कही ये बात
Vi ने इस साल जुलाई में ही ट्राई के साथ मिलकर भोपाल में 5G का ट्रायल किया था। ट्रायल के दौरान वोडाफोन आइडिया के नेटवर्क पर 1 जीबीपीएस की स्पीड हासिल हुई थी।

विस्तार
हाल ही में रिलायंस ने अपनी एनुअल जेनरल मीटिंग (AGM) 2022 में 5G को लेकर घोषणा की है। वहीं टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने भी जल्द ही 5जी सेवाओं को शुरू करने की बात कही है। जियो और एयरटेल के बाद अब वोडाफोन-आइडिया (Vi) की ओर से भी 5जी को लेकर बयान जारी किया गया है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO रविंदर ठक्कर ने सोमवार को कहा कि कंपनी यूज केस के हिसाब से 5G सर्विस लॉन्च करने का एलान करेगी। बता दें कि Vi 5G स्पेक्ट्रम खरीदने के मामले में जियो और एयरटेल के बाद तीसरे नंबर पर है।
रविंदर ठक्कर 5जी की लॉन्चिंग के सवाल का जबाव देते हुए कहा कि कंपनी कस्टमर्स की मांग, कैपेसिटी की जरूरत और कंपीटिटिव डायनैमिक जैसे विभिन्न फैक्टर के आधार पर 5G रोलआउट करने का निर्णय लेगी। यानी अभी Vi ग्राहकों को 5जी सेवाओं के इस्तेमाल के लिए लंबा इंतेजार करना पड़ सकता है। उम्मीद की जा रही है कि Vi 2023 और 2024 के बीच 5G सेवाओं को शुरू कर सकता है।
वहीं जियो की 5जी सर्विस दिवाली तक यानी की अक्टूबर में शुरू हो जाएंगी। पहले चरण में जियो दिल्ली, मुंबई, कलकत्ता और चेन्नई जैसे शहरों में 5G रोलआउट करने वाला है। इसके बाद दिसंबर 2023 तक देश के बाकी हिस्से में भी इसके लिए नेटवर्क का प्रसार किया जाएगा।
Vi ने भोपाल में किया था 5G टेस्ट
Vi ने इस साल जुलाई में ही ट्राई के साथ मिलकर भोपाल में 5G का ट्रायल किया था। ट्रायल के दौरान वोडाफोन आइडिया के नेटवर्क पर 1 जीबीपीएस की स्पीड हासिल हुई थी। बता दें कि 5जी की टेस्टिंग करने वाला भोपाल देश का पहला शहर है।