TRAI का डाटा: वॉयस क्वॉलिटी में वोडाफोन नंबर-1, हासिल किए 5 में से 4.1 की रेटिंग
ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल 2022 में Vi के 4G नेटवर्क औसत अपलोड स्पीड 8.2Mbps रही है, जबकि इसी अवधि में Jio, Airtel और BSNL की औसत अपलोड स्पीड क्रमशः 7.6Mbps, 6.1Mbps और 5Mbps रही है।

विस्तार
हाल ही में टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने अप्रैल महीने का डाटा जारी किया है। ट्राई के डाटा के मुताबिक अप्रैल 2022 में इंडोर और आउटडोर वॉयस कॉल क्वॉलिटी में वोडाफोन आइडिया (Vi) नंबर-1 रहा है यानी अप्रैल महीने में वोडाफोन आइडिया के ग्राहकों को कॉलिंग के लिए बेस्ट ऑडियो मिला है। TRAI MyCall पोर्टल पर Vi को वॉयस कॉल क्वॉलिटी के मामले में 5 में से 4.1 की रेटिंग मिली है। अप्रैल महीने में वॉयस क्वॉलिटी के मामले में 4+ रेटिंग हासिल करने वाली VI देश की इकलौती कंपनी है।
अपलोड स्पीड में वोडाफोन आइडिया ने मारी बाजी
ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल 2022 में Vi के 4G नेटवर्क औसत अपलोड स्पीड 8.2Mbps रही है, जबकि इसी अवधि में Jio, Airtel और BSNL की औसत अपलोड स्पीड क्रमशः 7.6Mbps, 6.1Mbps और 5Mbps रही है। बात डाउनलोड स्पीड की करें तो वीआई की 4जी डाउनलोड स्पीड अप्रैल महीने में 17.7 एमबीपीएस पहुंच गई है। वहीं बीएसएनएल की स्पीड 5.9 एमबीपीएस और एयरटेल की 14.1 एमबीपीएस रही है।
बता दें कि इस महीने की शुरुआत में ही वोडाफोन आइडिया ने मासिक वैधता के साथ तीन प्लान लॉन्च किए हैं। इनमें से 98 रुपये वाले प्लान के साथ 15 दिनों की वैधता मिल रही है, जबकि 195 रुपये वाले प्लान के साथ 31 दिनों की और 319 रुपये वाले प्लान के साथ भी 31 दिनों की वैधता मिल रही है। फायदों की बात करें तो 98 रुपये वाले प्लान में 200 एमबी डाटा मिलता है और साथ में सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग मिलती है, हालांकि इस प्लान में मैसेजिंग की सुविधा नहीं मिलेगी।