AI मॉडल की दहशत: IMF को जारी करनी पड़ी चेतावनी; आम लोगों के लिए है बैन, सिर्फ 'ये' कर सकते हैं एक्सेस
Claude Mythos AI:
एंथ्रोपिक का नया एआई मॉडल 'क्लाउड माइथोस' इतना खतरनाक है कि इसे आम जनता के लिए बैन कर दिया गया है। IMF ने चेतावनी दी है कि यह एआई पल भर में ग्लोबल फाइनेंस सिस्टम को ठप कर सकता है। आसान जानते हैं कि क्यों है इस एआई को लेकर इतनी दहशत, इसके खतरे क्या हैं और दुनिया में सिर्फ चंद कंपनियों को ही इसका एक्सेस क्यों मिला है।

विस्तार
7 अप्रैल 2026 को मशहूर एआई कंपनी एंथ्रोपिक ने अपना अब तक का सबसे एडवांस एआई मॉडल 'क्लाउड माइथोस' पेश किया। यह साइबर सुरक्षा के मामले में इतना तेज और ताकतवर है कि कंपनी ने इसे आम जनता के लिए लॉन्च करने से ही मना कर दिया। कंपनी का मानना है कि अगर यह मॉडल गलत हाथों में पड़ गया तो पूरे इंटरनेट पर तबाही मच सकती है।
अब, एक महीने बाद इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (आईएमएफ) ने एक ब्लॉग पोस्ट में चेतावनी दी है कि क्लाउड माइथोस जैसे एआई मॉडल ग्लोबल फाइनेंस सिस्टम के लिए एक बड़ा खतरा बन सकते हैं। आईएमएफ (अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष) की यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब भारत और अमेरिका समेत कई सरकारें इस मॉडल को लेकर अपनी चिंता जता चुकी हैं। यहां तक कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एआई मॉडल्स की निगरानी के लिए एक खास कमेटी बनाने पर भी विचार कर रहे हैं।
वित्तीय जगत के लिए हो सकता है खतरा
आईएमएफ (अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष) के अनुसार, क्लाउड माइथोस जैसे एडवांस एआई मॉडल वित्तीय जगत के लिए एक गंभीर चुनौती पेश कर सकते हैं। क्योंकि ये कंप्यूटर नेटवर्क की सुरक्षा खामियों को पल भर में पहचानने की क्षमता रखते हैं। खुद एंथ्रोपिक का भी मानना है कि यह मॉडल सॉफ्टवेयर और ऑपरेटिंग सिस्टम में ऐसी हजारों कमियां ढूंढ सकता है। इन्हें इंसानी आंखें नहीं देख पातीं। खतरा तब और बढ़ जाता है जब हैकर्स के हाथ में ऐसी ताकत आ जाए।
क्योंकि वे उन सिस्टम्स को आसानी से निशाना बना सकते हैं जिनका इस्तेमाल लगभग हर बड़ी संस्था करती है। इसके परिणामस्वरूप, पेमेंट नेटवर्क से लेकर बैंक अकाउंट्स तक पूरी वित्तीय व्यवस्था में एक साथ कई जगह गड़बड़ी पैदा हो सकती है। इससे न केवल बैंकिंग सेवाएं ठप होने का डर है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारी आर्थिक नुकसान भी हो सकता है।
सिर्फ बैंकिग ही नहीं, कई क्षेत्रों को खतरा
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष की चेतावनी के केंद्र में सबसे बड़ी चिंता यह है कि क्लाउड माइथोस जैसे एआई मॉडल्स 'मशीनी स्पीड' से काम करते हैं। जो हैकर्स को पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा तेजी से हमले करने की शक्ति देते हैं।
असल डर इस बात का है कि हमलावर सिस्टम की सुरक्षा खामियों का फायदा इतनी फुर्ती से उठाएंगे कि कंपनियों को उन कमियों को ठीक करने या सुरक्षा पैच लगाने का मौका तक नहीं मिल पाएगा। यह खतरा केवल बैंकिंग सेक्टर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी चपेट में ऊर्जा, टेलीकॉम और पब्लिक सर्विस जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र भी आ सकते हैं। इससे पूरी बुनियादी व्यवस्था के ठप होने का जोखिम बढ़ गया है।
आईएमएफ ने सुझाया बचाव का तरीका
स्थिति भले ही डराने वाली लग रही हो, लेकिन IMF (अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष) का कहना है कि इससे बचने का एक ही रास्ता है- अंतरराष्ट्रीय सहयोग। दुनिया के सभी देशों को मिलकर सुरक्षा के कड़े नियम बनाने होंगे। साथ ही, साइबर हमलों से बचने के लिए भी सुरक्षात्मक एआई का इस्तेमाल करना होगा और सभी देशों को आपस में समाधान साझा करने होंगे।
अभी किसके पास है इस एआई मॉडल का एक्सेस?
फिलहाल 'क्लाउड माइथोस' सबके लिए उपलब्ध नहीं है। एंथ्रोपिक के 'प्रोजेक्ट ग्लासविंग' के तहत केवल 40 चुनिंदा कंपनियों को ही इसका एक्सेस दिया गया है। इनमें अमेजन, गूगल और एपल जैसी बड़ी टेक कंपनियां शामिल हैं।
कई देश अपनी सुरक्षा के लिए मांग रहे हैं एक्सेस
क्लाउड माइथोस के सीमित एक्सेस ने अब दुनिया भर में सुरक्षा के स्तर को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। चूंकि फिलहाल इसका एक्सेस गिने-चुने संस्थानों तक ही सीमित है। इसलिए गैर-अमेरिकी बैंकों और वित्तीय संस्थाओं के पास इस उन्नत तकनीक वाली सुरक्षा मौजूद नहीं है, जो उन्हें अधिक संवेदनशील बनाती है।
यही वजह है कि भारत, यूरोपीय संघ (ईयू) और कनाडा जैसे देश अपनी साइबर सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए इस मॉडल का एक्सेस पाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, इसमें एक बड़ा राजनयिक पेच भी है। माना जा रहा है कि अमेरिकी सरकार फिलहाल विदेशी सरकारों को इसका पूर्ण एक्सेस देने के पक्ष में नहीं है और उन्हें केवल सीमित एक्सेस से ही संतोष करना पड़ सकता है।