सैमसंग गैलेक्सी एस27 सीरीज: डिस्प्ले, प्रोसेसर, बैटरी... पूरी तरह अपग्रेड होगी नई एस27 सीरीज, लीक हुए फीचर्स
सैमसंग की अगली फ्लैगशिप सीरीज को लेकर बड़े लीक सामने आए हैं। गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा में नया डिजाइन और एम16 ओएलईडी स्क्रीन मिल सकती है। वहीं प्रोसेसर, प्राइवेसी फीचर और बैटरी में भी बड़े बदलाव की उम्मीद है। जानें अब तक क्या सामने आया।

विस्तार
सैमसंग की अगली फ्लैगशिप सीरीज को लेकर अभी से कई बड़े दावे सामने आने लगे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक गैलेक्सी एस27 सीरीज (Samsung Galaxy S27 Series) में इस बार डिजाइन, डिस्प्ले और प्रोसेसर से लेकर प्राइवेसी फीचर तक कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। खास बात यह है कि कंपनी लाइनअप में गैलेक्सी एस27, एस27 प्लस, एस27 प्रो और एस27 अल्ट्रा जैसे चार मॉडल ला सकती है। हालांकि, अभी तक इन फीचर्स और मॉडल की जानकारी को कंपनी ने आधिकारिक तौर पर कंफर्म नहीं किया है।
कब लॉन्च हो सकती है गैलेक्सी एस27 सीरीज?
मौजूदा रिपोर्ट्स के मुताबिक सैमसंग अपनी नई एस27 सीरीज को 2027 में जनवरी या फरवरी के आसपास पेश कर सकती है। बिक्री इसके कुछ समय बाद शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, लॉन्च की सटीक डेट अभी सामने नहीं आई है।
अल्ट्रा मॉडल में बदल सकता है रियर डिजाइन
गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा के डिजाइन में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। लीक रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि फोन के पीछे कैमरों के लिए नया पिल शेप डिजाइन इस्तेमाल किया जा सकता है।
वहीं गैलेक्सी एस27 और एस27 प्लस में कैमरा डिजाइन मौजूदा गैलेक्सी एस26 सीरीज जैसा ही रहने की बात सामने आई है। हालांकि, डिजाइन से जुड़ी ये जानकारी अभी लीक पर आधारित है।
डिस्प्ले में बड़ा अपग्रेड
सैमसंग इस बार अपनी नई फ्लैगशिप सीरीज में डिस्प्ले को भी बेहतर कर सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार एस27 अल्ट्रा में एम16 ओएलईडी पैनल दिया जा सकता है। यही डिस्प्ले तकनीक एपल के आईफोन डुओ में भी इस्तेमाल होने की खबर है।
एम16 पैनल से ज्यादा ब्राइटनेस, बेहतर रंग और कम बिजली की खपत मिलने की उम्मीद है। इसकी नई परतों से स्क्रीन की मजबूती और उम्र भी बेहतर हो सकती है।
इसके अलावा सैमसंग की प्राइवेसी डिस्प्ले तकनीक को भी ज्यादा मॉडल तक पहुंचाने की तैयारी बताई जा रही है। हालांकि, हालिया रिपोर्ट्स में इसे खास तौर पर एस27 प्रो और एस27 अल्ट्रा के लिए बताया गया है, जबकि पहले सभी मॉडलों में इसे लाने की बात कही गई थी।
लौट सकता है एक्सिनॉस प्रोसेसर
गैलेक्सी एस27 सीरीज के प्रोसेसर को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सैमसंग कुछ बाजारों में क्वालकॉम के नए स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 6 प्रो चिप का इस्तेमाल कर सकती है।
वहीं कई बाजारों में गैलेक्सी एस27 और एस27 प्लस के लिए कंपनी अपना एक्सिनॉस 2700 चिपसेट इस्तेमाल कर सकती है। इस चिप को लेकर लीक में बेहतर सीपीयू, जीपीयू और एआई प्रदर्शन की बात कही गई है।
बड़ी बैटरी की उम्मीद
गैलेक्सी एस27 सीरीज की बैटरी में भी बदलाव की खबर है। सैमसंग पुराने बैटरी डिजाइन की जगह सिलिकॉन-कार्बन बैटरी अपना सकती है। इस तकनीक से कम जगह में ज्यादा क्षमता देने और तेज चार्जिंग में मदद मिलने की उम्मीद है।
कुछ रिपोर्ट्स में एस27 प्रो और एस27 अल्ट्रा के लिए 60वॉट तक चार्जिंग की बात भी कही गई है। हालांकि, बैटरी क्षमता और चार्जिंग से जुड़े ये आंकड़े अभी लीक हैं और सैमसंग ने इनकी पुष्टि नहीं की है।
गैलेक्सी एस27 एज को लेकर क्या होगा?
सैमसंग की एस सीरीज में इस बार एज मॉडल को लेकर भी बदलाव की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी गैलेक्सी एस27 एज को आगे बढ़ाने के बजाय इसे लाइनअप से हटा सकती है। यानी अगली सीरीज में एस27 एज की जगह चार मॉडल देखने को मिल सकते हैं।
हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि गैलेक्सी एस27 सीरीज को लॉन्च होने में काफी समय है और सामने आई ज्यादातर जानकारी लीक व रिपोर्ट्स पर आधारित है। इसलिए फोन के फाइनल फीचर्स और स्पेसिफिकेशन अभी सामने आ रही जानकारियों से अलग हो सकते हैं।
- एयरटेल प्रीपेड: हर दिन 11 रुपये का खर्च, 365 दिनों तक रोज मिलेगा 2.5GB डेटा, जानें इस खास प्लान की पूरी डिटेल
- एपल: क्या आईफोन 18 प्रो की सेल से पहले सस्ता हो गया आईफोन 17 प्रो और 17 प्रो मैक्स? जानें क्या है ऑफर
- आईओएस 27 रिलीज: भारत में कितने बजे होगा रोलआउट, क्या मिलेंगे अपडेट? जानें आपका आईफोन तैयार है या नहीं
- इंसानियत को फायदा नहीं, तो आगे बढ़ना बेकार: एआई की रफ्तार पर बोले सत्य नडेला, कहा- इंसानी नियंत्रण बेहद जरूरी