बिना फोन उठाए जानें क्यों आया अनजान कॉल: स्पैम कॉल्स राेकने के लिए व्हाट्सएप ला रहा खास फीचर, कैसे करेगा काम?

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Tue, 20 Oct 2026 03:42 PM IST
सार

व्हाट्सएप अपने यूजर्स के कॉलिंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए एक बड़े फीचर पर काम कर रहा है। अब किसी भी अनजान नंबर से कॉल आने पर एप खुद कॉलर से पूछेगा कि उसने फोन क्यों किया। यह कैसे संभव होगा? आइए जानते हैं व्हाट्सएप के इस कमाल के फीचर के बारे में...

No More Spam? WhatsApp’s New Feature Asks Unknown Callers Why They Calling
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    जरा सोचिए, आपके व्हाट्सएप पर किसी अनजान नंबर से कॉल आए और फोन उठाए बिना ही आपको यह पता चल जाए कि सामने वाले ने किस वजह से कॉल किया है। तो, अब व्हाट्सएप पर कुछ ऐसा ही कमाल होने वाला है। दरअसल, आज के दौर में ज्यादातर स्मार्टफोन यूजर फेक, स्पैम और मार्केटिंग कॉल्स से परेशान हैं। कई बार हम अनजाने में कॉल उठा लेते हैं और बाद में पता चलता है कि वह कोई स्कैमर या स्पैम कंपनी थी।

    इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए व्हाट्सएप एक बेहद शानदार प्राइवेसी फीचर पर काम कर रहा है। इस नए फीचर के आने के बाद, जब भी किसी अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आएगी, तो ऐप खुद कॉलर से फोन करने की वजह पूछेगा। इसके साथ ही कॉलर के जवाब का टेक्स्ट ट्रांसक्रिप्ट यूजर की स्क्रीन पर दिखेगा, जिससे वह कॉल उठाने से पहले ही यह तय कर सकेगा कि बात करना जरूरी है या नहीं। यह नया फीचर अनचाही कॉल्स और प्राइवेसी से जुड़ी परेशानियों को दूर करने में बेहद मददगार साबित होगा।

    एंड्रॉयड एप में डेवलप हो रहा फीचर

    रिपोर्ट्स के अनुसार, व्हाट्सएप का यह फीचर एंड्रॉयड एप के लिए डेवलप किया जा रहा है। अभी यह बीटा टेस्टर्स के लिए भी उपलब्ध नहीं है। कंपनी ने इसकी रिलीज डेट का एलान नहीं किया है। इसे व्हाट्सएप के कॉल फिल्टरिंग सिस्टम का हिस्सा बनाया जा सकता है, जिसमें यूजर्स को अनजान कॉल मैनेज करने के लिए अलग-अलग विकल्प मिलेंगे।

    कॉल फिल्टरिंग के मिल सकते हैं तीन विकल्प

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह नया फीचर व्हाट्सएप के कॉल फिल्टरिंग सिस्टम का हिस्सा हो सकता है। इसके तहत यूजर्स को सेटिंग्स में तीन विकल्प दिए जाएंगे...

    1. नेवर: इस विकल्प को चुनने पर कॉल फिल्टरिंग बंद रहेगी और सभी कॉल सामान्य तरीके से आएंगी।
    2. साइलेंस: इस विकल्प के तहत अनजान नंबरों से आने वाली कॉल की रिंगटोन बंद रहेगी। हालांकि, कॉल की जानकारी कॉल्स टैब और नोटिफिकेशन में दिखाई दे सकती है।
    3. आस्क रीजन फॉर कॉलिंग:इस विकल्प में व्हाट्सएप कॉलर से फोन करने की वजह पूछेगा। कॉलर का जवाब मिलने के बाद यूजर को उसका टेक्स्ट ट्रांसक्रिप्ट दिख सकता है। इसके आधार पर यूजर तय कर सकेगा कि कॉल उठानी है या उसे काट देना है।

    बिना कॉल उठाए जान सकेंगे फोन करने की वजह

    इस फीचर की सबसे खास बात टेक्स्ट ट्रांसक्रिप्ट हो सकती है। इससे यूजर को कॉल रिसीव करने से पहले ही यह समझने में मदद मिल सकती है कि फोन किसी जरूरी काम के लिए आया है या नहीं। इससे अनजान नंबरों से आने वाली गैर-जरूरी कॉल को मैनेज करना आसान हो सकता है।

    कब तक मिलेगा फीचर?

    फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट के शुरुआती चरण में है। व्हाट्सएप ने इसकी उपलब्धता या लॉन्च टाइमलाइन की पुष्टि नहीं की है। इसलिए अभी यह स्पष्ट नहीं है कि फीचर सभी यूजर्स के लिए कब जारी होगा और इसके वर्जन में कौन-कौन से विकल्प शामिल किए जाएंगे।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें