Data Leak से मचा हड़कंप: Gmail, Instagram-Facebook के 14.9 करोड़ पासवर्ड्स की हुई चोरी, जानें कैसे रहें सेफ
Data Leak:
लगभग 15 करोड़ लोगों के डेटा लीक की एक ताजा खबर से इंटरनेट की दुनिया में हड़कंप मचा दिया है। इस डेटा लीक में जीमेल, सोशल मीडिया और ओटीटी एप्स समेत कई प्लेटफॉर्म्स से पासवर्ड्स चोरी कर लिए गए हैं। जानिए क्या है पूरा मामला।

विस्तार
साल शरू हुए अभी एक महीना नहीं गुजरा कि करोड़ों लोगों का डेटा लीक होने का एक बड़ा मामला सामने है। एक खुले और बिना सुरक्षा वाले डेटाबेस में 14.9 करोड़ से ज्यादा यूजरनेम और पासवर्ड पाए गए हैं। इस डेटाबेस में Gmail समेत कई बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के अकाउंट्स की लॉगिन जानकारी मौजूद थी, जिससे करोड़ों यूजर्स की प्राइवेसी पर खतरा मंडरा रहा है।
कैसे सामने आया डेटा लीक?
फोर्ब्स के मुताबिक, इस डेटाबेस का पता मशहूर साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर जेरिमायाह फाउलर ने लगाया। उनके अनुसार, करीब 96GB का यह डेटा न तो पासवर्ड से सुरक्षित था और न ही एन्क्रिप्टेड। इसमें ईमेल आईडी, यूजरनेम, पासवर्ड और अकाउंट लॉगिन से जुड़े लिंक तक शामिल थे। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि यह किसी एक कंपनी का नया डेटा ब्रीच नहीं है।
रिसर्च में सामने आया है कि यह डेटाबेस पुराने डेटा ब्रीच और इंफो-स्टीलर मैलवेयर से जुटाई गई जानकारियों का संग्रह है। यानी यूजर्स के डिवाइस में मौजूद मैलवेयर ने पहले ही ये डिटेल्स चुरा ली थीं और बाद में इन्हें एक जगह इकट्ठा कर दिया गया।
ये भी पढ़े: Massive Password Leak: 1.3 अरब पासवर्ड ऑनलाइन हुए लीक, जानें आपका पासवर्ड भी खतरे में है या नहीं?
किन प्लेटफॉर्म्स से लीक हुआ डेटा?
रिपोर्ट के मुताबिक, इस लीक में सबसे ज्यादा Gmail अकाउंट्स शामिल हैं। इसके बाद Facebook, Instagram, Yahoo, Netflix और Outlook जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स के यूजर्स भी प्रभावित हुए हैं। Gmail अकाउंट्स की संख्या करीब 4.8 करोड़ बताई जा रही है, जो सबसे ज्यादा है। वहीं, फेसबुक के 1.7 करोड़, इंस्टाग्राम के 65 लाख, याहू के 40 लाख, नेटफ्लिक्स के 34 लाख और आउटलुक के 15 लाख अकाउंट्स के पासवर्ड और कई जानकारियां लीक हुई हैं।
साइबर एक्सपर्ट्स की चेतावनी
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा डेटा साइबर अपराधियों के लिए बेहद कीमती होता है। खासतौर पर तब, जब लोग एक ही पासवर्ड को कई प्लेटफॉर्म्स पर इस्तेमाल करते हैं। ऐसे मामलों में ‘क्रेडेंशियल स्टफिंग’ के जरिए हैकर्स एक पासवर्ड से कई अकाउंट्स तक पहुंच बना लेते हैं।
एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह डेटा इंफो-स्टीलर या कीलॉगर जैसे मैलवेयर से जुटाया गया है, जो यूजर के डिवाइस में घुसकर कीबोर्ड इनपुट रिकॉर्ड करते हैं। जांच के दौरान यह भी संकेत मिले हैं कि यह मैलवेयर अभी भी सक्रिय हो सकता है, जिससे खतरा पूरी तरह टला नहीं है।
डेटा लीक पर Google ने जारी किया बयान
Google ने साफ किया है कि यह Gmail का नया डेटा ब्रीच नहीं है। कंपनी के मुताबिक, यह पुराने इंफो-स्टीलर लॉग्स का कलेक्शन है। Google लगातार ऐसे मामलों पर नजर रखता है और जैसे ही किसी अकाउंट की डिटेल्स लीक होने का संकेत मिलता है, अकाउंट लॉक कर पासवर्ड बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है।
ये भी पढ़े: Data Breach: 16 अरब लॉगइन हुए लीक, एपल, गूगल जैसी कंपनियों के ग्राहकों के लिए बढ़ा खतरा
सुरक्षित रहने के लिए क्या करें
?
अब अपने अकांउट्स को सुरक्षित रखने के लिए सिर्फ पासवर्ड बदलना पर्याप्त नहीं है। अगर आपके डिवाइस में मैलवेयर मौजूद है, तो ये नया पासवर्ड भी तुरंत चोरी हो सकता है। इसलिए इससे बचने के लिए ये कदम उठाना उचित साबित हो सकता है।
- फुल सिस्टम स्कैन:सबसे पहले एक विश्वसनीय एंटीवायरस से अपने डिवाइस को स्कैन करें।
- अपडेट करना न भूलें:ऑपरेटिंग सिस्टम और सिक्योरिटी एप्स को हमेशा अपडेट रखें और मोबाइल में एप परमिशन्स जैसे कीबोर्ड, एक्सेसिबिलिटी और डिवाइस एडमिन जरूर चेक करें।
- ये हो सकता है बेहतर विकल्प:इसके अलावा, जटिल पासवर्ड याद रखने और उन्हें एन्क्रिप्टेड रखने के लिए पासवर्ड मैनेजर का उपयोग बेहतर विकल्प साबित हो सकता है, क्योंकि ये पासवर्ड्स को एन्क्रिप्ट करता है और कीलॉगर्स से कुछ हद तक सुरक्षा देता है।
- 2FA चालू करें:हर अकाउंट पर टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) अनिवार्य रूप से लागू करें। इससे पासवर्ड चोरी होने के बाद भी अकाउंट सुरक्षित रहेगा।
- हर जगह पासवर्ड अलग रखें:सबसे जरूरी बात याद रखें कि सभी सोशल मीडिया एप्स पर एक ही पासवर्ड का इस्तेमाल न करें। हर प्लेटफॉर्म (जैसे बैंकिंग और सोशल मीडिया) के लिए अलग-अलग पासवर्ड रखें।
- Camera Hack: 1.20 लाख प्राइवेट कैमरे हैक कर बनाए आपत्तिजनक वीडियो, यूजर्स की यह गलती बनी वजह, ऐसे बचें आप
- EPassport India: आ गया भारत का नया ई-पासपोर्ट, RFID चिप से लैस, जानिए पुराने पासपोर्ट कब तक रहेंगे मान्य
- Data Breach: 16 अरब लॉगइन हुए लीक, एपल, गूगल जैसी कंपनियों के ग्राहकों के लिए बढ़ा खतरा
- Data Leak: 6 लाख भारतीयों का डाटा चोरी, बॉट मार्केट्स में बिकी फिंगरप्रिंट से लेकर लॉगिन तक की जानकारी