AI Bubble: जेपी मॉर्गन की रिपोर्ट में दावा; आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सही और टिकाऊ, कोई बुलबुला नहीं
जेपी मॉर्गन की रिपोर्ट के मुताबिक, एआई में जो तेजी से निवेश हो रहा है, वह सही और टिकाऊ है। अभी ऐसा कोई संकेत नहीं दिख रहा कि एआई में कोई बुलबुला (Bubble) बन रहा है।

विस्तार
जेपी मॉर्गन की रिपोर्ट के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में जो तेजी से निवेश हो रहा है, वह सही और टिकाऊ है। अभी ऐसा कोई संकेत नहीं दिख रहा कि एआई में कोई बुलबुला (Bubble) बन रहा है।
क्यों नहीं है बुलबुला?
आज एआई में जो पैसा लगाया जा रहा है, वह उधार लेकर नहीं, बल्कि कंपनियों की असल कमाई (Cash Flow) से आ रहा है। एआई को अपनाने की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। कंपनियां बड़े स्तर पर डाटा सेंटर बनाने जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च कर रही हैं।
पुराने बुलबुले कैसे बने थे?
इतिहास में कई बार नई तकनीकों ने शुरुआत में बहुत उत्साह पैदा किया और बुलबुला बन गया। 1840 में रेल नेटवर्क बहुत तेजी से बढ़ा, लेकिन शुरुआती वर्षों में कमाई नहीं बढ़ी। 1990 में इंटरनेट और टेलीकॉम में भारी निवेश हुआ, लेकिन क्षमता जरूरत से ज्यादा बना दी गई और उसका बहुत कम उपयोग हुआ। यानी पहले निवेश जरूरत से ज्यादा हो गया था, और उसका पूरा इस्तेमाल नहीं हुआ।
एआई का दौर क्यों अलग है?
डाटा सेंटर्स में जगह लगभग पूरी तरह भरी हुई है, वैकेंसी सिर्फ 1.6% है। जो डाटा सेंटर बन रहे हैं उनमें से 75% पहले ही बुक हो चुके हैं। मांग ज्यादा है और सप्लाई कम। बड़ी टेक कंपनियों की कमाई भी एआई की वजह से बढ़ रही है। यानी इस बार क्षमता खाली नहीं पड़ी है, बल्कि इसकी वास्तविक मांग है।
वित्तीय स्थिति मजबूत
कंपनियां जितना खर्च कर रही हैं, उससे ज्यादा पैसा कमा भी रही हैं। शेयर बाजार में भी एआई कंपनियों के रिटर्न उनकी कमाई बढ़ने की वजह से आए हैं, न कि सिर्फ शेयर कीमतें हवा में उछलने से। जेपी मॉर्गन का कहना है कि एआई में हो रहा निवेश वास्तविक जरूरत पर आधारित है। अभी कोई सट्टा या झूठी उम्मीदों वाला बुलबुला नहीं दिख रहा है। एआई का निवेश चक्र मजबूत और टिकाऊ है।