अलर्ट: एंड्रॉयड फोन में आया बड़ा बग, हैकर्स देख सकते हैं आपकी रियल टाइम लोकेशन
एंड्रॉयड फोन में फिर से एक बग मिला है जिसका फायदा उठाकर हैकर्स आपकी रियल टाइम लोकेशन को ट्रैक कर सकते हैं। यह बग टेक्स्ट मैसेजिंग सिस्टम में है। शोधकर्ताओं की एक टीम ने कहा है कि सिर्फ फोन नंबर से ही हैकर्स इस बग की मदद से किसी भी यूजर्स की लाइव लोकेशन ट्रैक कर सकते हैं।

विस्तार
एंड्रॉयड स्मार्टफोन वालों के लिए एक बार फिर से चेतावनी है। एंड्रॉयड फोन में फिर से एक बग मिला है जिसका फायदा उठाकर हैकर्स आपकी रियल टाइम लोकेशन को ट्रैक कर सकते हैं। यह बग टेक्स्ट मैसेजिंग सिस्टम में है। शोधकर्ताओं की एक टीम ने कहा है कि सिर्फ फोन नंबर से ही हैकर्स इस बग की मदद से किसी भी यूजर्स की लाइव लोकेशन ट्रैक कर सकते हैं।
अमेरिका स्थित नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी के पीएचडी छात्र इवेंजेलोस बिट्सिकास के नेतृत्व में हुई रिसर्च के मुताबिक टेक्स्ट मैसेज एन्क्रिप्ट होने के बावजूद यूजर्स को ट्रैक किया जा सकेगा, हालांकि अभी तक इस तरह की किसी भी ट्रैकिंग की रिपोर्ट नहीं मिली है लेकिन संभावना है कि इस बग का फायदा उठाकर हैकर्स लोकेशन ट्रैक कर सकते हैं।
यह बग दुनिया के सभी एंड्रॉयड फोन में मौजूद है और इसकी मदद से दुनिया के किसी भी कोने के यूजर्स की लोकेशन को ट्रैक किया जा सकेगा। यह बग उस नेटवर्क में सेंध लगाता है जिसकी मदद से किसी यूजर्स को मैसेज डिलीवरी के बारे में जानकारी मिलती है।