AI तस्वीरों से हो रही है ठगी: पहचान के ये 5 संकेत जानेंगे तो कभी नहीं खाएंगे धोखा, सरकार ने किया अलर्ट!
How To Identify AI Generated Photo:
एआई टूल्स अब कुछ ही सेकेंड में असली जैसी तस्वीरें बना सकते हैं, लेकिन इन्हीं तस्वीरों का इस्तेमाल साइबर ठग लोगों को गुमराह करने और स्कैम के लिए भी कर रहे हैं। भारत सरकार ने एआई-जनरेटेड इमेज की पहचान करने के आसान तरीके बताए हैं। जानिए किन संकेतों से आप नकली तस्वीरों को पहचान सकते हैं और ऑनलाइन फ्रॉड से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं।

विस्तार
आजकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दायरा काफी तेजी से बढ़ रहा है। आज के नेक्स्ट-जनरेशन एआई टूल्स की मदद से चंद सेकंड में कोई भी असली जैसी दिखने वाली फोटो बनाई जा सकती है।
ये तस्वीरें बहुत क्रिएटिव होती हैं और इंस्टाग्राम जैसी सोशल मीडिया साइट्स पर काफी पसंद भी की जाती हैं। लेकिन, इसका एक डार्क साइड भी है, स्कैमर्स इन तस्वीरों का इस्तेमाल लोगों को गुमराह करने और ठगने के लिए कर रहे हैं। ऐसे में, सोशल मीडिया पर स्क्रॉल करते समय असली और एआई से बनी नकली फोटो के बीच का फर्क समझना आज के समय की सबसे जरूरी डिजिटल स्किल बन गई है।
सरकार ने किया अलर्ट
हाल ही में भारत सरकार की एजेंसी PIB Fact Check ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर कर लोगों को जागरूक किया है। अथॉरिटीज का कहना है कि एआई टूल्स भले ही कितने भी एडवांस क्यों न हो जाएं, वे तस्वीर में कुछ ऐसी कमियां छोड़ ही देते हैं जिनसे उनकी असलियत पकड़ी जा सकती है। आइए जानते हैं वो 5 आसान टिप्स जिनसे आप चुटकियों में किसी भी एआई-जनरेटेड तस्वीर को पहचान सकते हैं:
1. अजीबोगरीब बनावट पर ध्यान दें
एआई अक्सर शरीर के छोटे हिस्सों और बैकग्राउंड की बारीकियों को बनाने में गलती कर देता है।
क्या चेक करें:
तस्वीर में लोगों के हाथों की उंगलियां गिनें; वे अक्सर गायब, बहुत लंबी या आपस में जुड़ी हुई हो सकती हैं।
टेक्स्ट पढ़ें:
बैकग्राउंड में मौजूद किसी साइनबोर्ड या बैनर को ध्यान से देखें। एआई अक्सर ऐसे शब्द लिखता है जिन्हें पढ़ा नहीं जा सकता या स्पेलिंग बिल्कुल गलत होती है।
2. लाइटिंग और परछाई का लॉजिक चेक करें
असली दुनिया में रोशनी एक तय नियम के हिसाब से काम करती है, लेकिन एआई अक्सर इस लॉजिक को भूल जाता है।
क्या चेक करें:
देखें कि तस्वीर में मौजूद चीजों की परछाई किस तरफ पड़ रही है। अगर परछाइयां अलग-अलग दिशाओं में जा रही हैं या अचानक से कट रही हैं, तो तस्वीर नकली है।
प्रो टिप:
फोटो को जूम इन करें। बालों की लटें, स्किन का टेक्सचर और कपड़ों के पैटर्न में आपको ऐसी ब्लरिंग या रंग दिखेंगे जो आपस में मैच नहीं करते।
3. क्या चेहरा कुछ ज्यादा ही परफेक्ट है?
इंसान का चेहरा प्राकृतिक रूप से पूरी तरह सिमेट्रिकल नहीं होता है। हमारी दाईं और बाईं तरफ की बनावट में मामूली सा अंतर होता है।
क्या चेक करें:
एआई द्वारा बनाए गए चेहरे जरूरत से ज्यादा परफेक्ट लगते हैं। अगर किसी तस्वीर में दोनों आंखें, भौहें, होंठ और दांत शीशे की तरह बिल्कुल एक जैसे दिख रहे हैं, तो सावधान हो जाएं।
4. फिजिक्स और लॉजिक की गलतियां पकड़ें
एआई में कॉमन सेंस नहीं होता, इसलिए वह कई बार फिजिक्स के बेसिक नियमों को तोड़ देता है।
क्या चेक करें:
क्या तस्वीर में कोई चीज हवा में तैर रही है? क्या किसी चीज का अहम हिस्सा गायब है?
उदाहरण:
PIB के वीडियो में एक साइकिल की तस्वीर दिखाई गई थी जिसमें उसका पैडल ही गायब था। ऐसी लॉजिकल गलतियां एआई इमेज की सबसे बड़ी पहचान हैं।
5. ऑनलाइन वेरिफिकेशन टूल्स का इस्तेमाल करें
अगर आप अपनी आंखों पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं, तो टेक्नोलॉजी की ही मदद लें।
क्या करें:
इंटरनेट पर कई ऐसे मुफ्त ऑनलाइन टूल्स मौजूद हैं जो बता सकते हैं कि तस्वीर एआई से बनी है या नहीं।
आप ओपनएआई के डेडिकेटेड पेज का इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर सीधे गूगल जेमिनी जैसे एआई टूल्स पर तस्वीर अपलोड करके पूछ सकते हैं कि "क्या यह इमेज एआई-जनरेटेड है?"
अगली बार जब आप इंटरनेट पर कोई चौंकाने वाली या अजीब तस्वीर देखें, तो उसे सच मानकर तुरंत शेयर करने से पहले इन 5 चेकलिस्ट से जरूर गुजारें। आपकी थोड़ी सी सतर्कता आपको किसी बड़े स्कैम या फेक न्यूज का शिकार होने से बचा सकती है।