Google One: सब्सक्राइबर्स की संख्या 150 मिलियन के पार, एआई ने की बड़ी मदद
हाल ही में एक Apple अधिकारी ने कोर्ट में बताया कि AI टूल्स के चलते पहली बार Safari ब्राउजर पर Google सर्च की संख्या में गिरावट आई है। इस बयान के बाद Alphabet का $150 बिलियन (₹12,82,864 करोड़) बाजार मूल्य एक दिन में ही गिर गया।

विस्तार
Alphabet की क्लाउड स्टोरेज और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर्स से लैस मेंबरशिप सर्विस Google One ने हाल ही में 150 मिलियन सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। यह एक बड़ा उछाल है, क्योंकि फरवरी 2024 में ही Google One ने 100 मिलियन सब्सक्रिप्शन का आंकड़ा पार किया था जिसे सेवा शुरू हुए लगभग छह साल हो चुके थे यानी पिछले कुछ महीनों में इसमें 50% की बढ़ोतरी हुई है।
इसी साल फरवरी में Google ने एक नया $19.99 (लगभग ₹1,710 प्रति माह) का प्लान पेश किया था, जिसमें उन AI क्षमताओं तक पहुंच दी गई जो मुफ्त उपयोगकर्ताओं को उपलब्ध नहीं हैं। Google One की वाइस प्रेसिडेंट Shimrit Ben-Yair के अनुसार, इस नए AI प्लान के कारण "मिलियनों" नए सब्सक्राइबर्स जुड़े हैं, हालांकि कंपनी अब भी सस्ते प्लान पर केवल फाइल स्टोरेज सुविधा देती है, लेकिन AI फीचर्स मुख्य रूप से प्रीमियम प्लान्स में ही शामिल हैं।
Google One, Alphabet की उस रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत कंपनी विज्ञापन से आगे बढ़कर दूसरी कमाई के रास्ते तलाश रही है। 2024 में कंपनी की कुल आय $350 बिलियन (लगभग ₹29,93,350 करोड़) रही, जिसमें से तीन-चौथाई से अधिक सिर्फ विज्ञापन से आया। AI चैटबॉट्स जैसे OpenAI का ChatGPT और खुद Google का Gemini अब सर्च इंजन मॉडल को चुनौती दे रहे हैं।
हाल ही में एक Apple अधिकारी ने कोर्ट में बताया कि AI टूल्स के चलते पहली बार Safari ब्राउजर पर Google सर्च की संख्या में गिरावट आई है। इस बयान के बाद Alphabet का $150 बिलियन (₹12,82,864 करोड़) बाजार मूल्य एक दिन में ही गिर गया।