Google AI Hub: पीएम मोदी ने गूगल एआई हब के लॉन्च पर जताई खुशी, कहा- 'विकसित भारत' के सपने को मिलेगी रफ्तार

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Tue, 14 Oct 2025 04:05 PM IST
सार

Google AI Hub In Visakhapatnam:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश में Google के पहले AI हब की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह निवेश टेक्नोलॉजी को लोकतांत्रिक बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगा, जिससे 'सभी के लिए AI' सुनिश्चित होगा और देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

google ai hub visakhapatnam pm modi delighted shares ceo sundar pichai post
गूगल भारत में बनाएगा एशिया का सबसे बड़ा डेटा सेंटर - फोटो : Google

    विस्तार

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विशाखापत्तनम (विजाग) में गूगल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब के लॉन्च पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर एक पोस्ट में कहा कि यह पहल देश में टेक्नोलॉजी को सभी लोगों तक पहुंचाने में एक बड़ी ताकत बनेगी। पीएम मोदी ने लिखा, "आंध्र प्रदेश के इस गतिशील शहर विशाखापत्तनम में Google AI हब की शुरुआत से मैं बहुत उत्साहित हूं।"

    'विकसित भारत' के सपने को मिलेगी गति

    प्रधानमंत्री ने बताया कि गीगावाट-स्केल डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर सहित यह बहुआयामी निवेश केंद्र सरकार के 'विकसित भारत' के सपने के साथ पूरी तरह से मेल खाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह हब सभी के लिए एआई को सुनिश्चित करेगा, जिससे देश के नागरिकों को अत्याधुनिक उपकरण मिल सकेंगे। साथ ही, यह हमारी डिजिटल अर्थव्यवस्था को बड़ा बूस्ट देगा और भारत को वैश्विक टेक्नोलॉजी लीडर के रूप में अपनी जगह सुनिश्चित करने में मदद करेगा।

    सुंदर पिचाई ने साझा की थी योजना

    पीएम मोदी ने यह प्रतिक्रिया गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई के एक पोस्ट के जवाब में दी, जिसमें पिचाई ने विशाखापत्तनम में कंपनी के पहले एआई हब की योजनाओं को साझा किया था। पिचाई ने अपनी पोस्ट में बताया था कि विशाखापत्तनम हब में गीगावाट-स्केल कंप्यूट क्षमता, एक नया इंटरनेशनल सब-सी गेटवे और बड़े पैमाने पर ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर को जोड़ा जाएगा।

    इस एआई हब को स्थापित करने के लिए गूगल ने अगले पांच वर्षों में 15 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश करने की योजना बनाई है। गूगल इस प्रोजेक्ट में अडानी समूह के साथ साझेदारी कर रहा है। यह बड़ा निवेश भारत को एआई और डेटा सेंटर के क्षेत्र में एक मजबूत केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

    पहली बार अमेरिका से बाहर सबसे बड़ा डेटा सेंटर भारत में बनेगा

    गूगल ने भारत में अलगे पांच वर्षों में 15 अरब डॉलर का बड़ा निवेश करने की घोषणा की है। कंपनी पहली बार अमेरिका से बाहर आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में अपना सबसे बड़ा AI हब और डेटा सेंटर बनाएगी, जो कि एशिया का सबसे बड़ा डेटा सेंटर होगा। गूगल का 1 गीगावॉट क्षमता वाला यह डेटा सेंटर AI इंफ्रास्ट्रक्चर, ग्रीन एनर्जी स्रोतों और हाई-स्पीड फाइबर नेटवर्क से लैस होगा। यह प्रोजेक्ट न केवल डेटा स्टोरेज बल्कि AI आधारित सेवाओं और अनुसंधान के लिए भी इस्तेमाल होगा। इसके साथ ही, आंध्र प्रदेश भारत के सबसे बड़े डिजिटल केंद्रों में शामिल हो जाएगा।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें