फोन की लाइव लोकेशन बनी रक्षक: पिता ने पुलिस से पहले किडनैपर को दबोचा, ऐसे बचाई अपनी 15 साल की बेटी की जान
Phone Location Sharing:
टेक्सास में क्रिसमस की सुबह एक पिता के लिए किसी बुरे सपने जैसी थी, जब उनकी 15 साल की बेटी लापता हो गई। लेकिन घबराने के बजाय पिता ने तकनीक का सहारा लिया और फोन की लाइव लोकेशन ट्रैक कर पुलिस से पहले अपनी लाडली को अपराधी के चंगुल से छुड़ा लाए।

विस्तार
क्रिसमस का दिन खुशियों और जश्न का होता है, लेकिन अमेरिका के टेक्सास में एक परिवार के लिए यह दिन किसी खौफनाक सपने से कम नहीं था। यहां के पोर्टर इलाके में रहने वाली एक 15 साल की लड़की सुबह अपने पालतू कुत्ते को टहलाने निकली थी। जब काफी देर बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं लौटी और उसका फोन भी नहीं लगा, तो पिता को किसी अनहोनी का अहसास हुआ।
पिता ने बिना वक्त गंवाए अपनी सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने बेटी के फोन से जुड़े पैरेंटल कंट्रोल एप को खोला और उसकी लाइव लोकेशन चेक की। नक्शे ने इशारा किया कि बेटी घर से 3.2 किलोमीटर दूर एक सुनसान और पेड़ों से घिरे इलाके में है।
पुलिस से पहले पिता पहुंचे मौके पर
पिता तुरंत अपनी गाड़ी लेकर उस लोकेशन की ओर भागे। जब वह वहां पहुंचे, तो उन्होंने अपनी बेटी और उसके कुत्ते को एक पिकअप ट्रक के अंदर कैद पाया। उसी ट्रक में 23 साल का आरोपी जियोवानी रोजलेस एस्पिनोजा चाकू लेकर मौजूद था। पिता को वहां देख बेटी ने हिम्मत जुटाई और वह ट्रक से निकलकर सुरक्षित भागने में सफल रही। पिता ने तुरंत इमरजेंसी नंबर पर फोन कर मदद मांगी।
चश्मदीदों द्वारा दी गई जानकारी और पिता की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी रोजलेस को बिना किसी विरोध के गिरफ्तार कर लिया। मोंटगोमरी काउंटी के शेरिफ वेस्ले डूलिटिल ने पिता की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा, "क्रिसमस खुशियों का दिन है, लेकिन इस शख्स ने एक बच्चे को निशाना बनाकर उस खुशी को बर्बाद करने की कोशिश की। हमें गर्व है कि हमारा विभाग इस खतरनाक अपराधी को सड़क से हटाकर जेल के पीछे भेजने में सफल रहा।"
भारतीय माता-पिता के लिए बड़ी सीख
यह घटना भारत के उन परिवारों के लिए एक बड़ा सबक है जो अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं। चाहे बच्चा पार्क में टहलने जाए या ट्यूशन, तकनीक कभी भी जीवन रक्षक बन सकती है। यह घटना हमें याद दिलाती है कि फोन में लाइव लोकेशन शेयर करने वाले एप्स का रहना कितना जरूरी है। बता दें कि एंड्रायड फोन्स में Find Hub और iPhone में Find My एप्स आते हैं जिसपर आप अपने बच्चों के फोन को कनेक्ट कर सकते हैं। इससे आपको बच्चों की लाइव लोकेशन ट्रैक करने में मदद मिलती है।
- Google Maps: कार पार्क कर भूल जाते हैं कहां खड़ी की थी? गूगल ने ढूंढ निकाला आपकी इस बीमारी का इलाज
- Zoho: WhatsApp को टक्कर देने की तैयारी में Arattai, ग्रुप चैट में जोड़ा Polls फीचर; जनवरी में आएंगे बड़े अपडेट
- 'सी-टर्टल' का कमाल: विदेशों से लौटे वैज्ञानिकों ने चीन को बनाया दुनिया का 'टेक गुरु', अमेरिका-यूरोप भी हैरान!
- WhatsApp: अब व्हाट्सएप में लगाएं एआई जनरेटेड स्टेटस, नए स्टीकर्स से बनाएं चैट को मजेदार, एप में हुए बड़े अपडेट