अब मिनटों में ह्ययूमनॉइड बनाएंगे रोबोट्स: चीन की इस कंपनी ने किया कमाल, आखिर कितने यूनिट बनाने की है क्षमता?

शिवम गर्ग
अमर उजाला नेटवर्क, लियूझोउ।शिवम गर्ग
Tue, 15 Sep 2026 06:35 PM IST
सार

चीन के लियूझोउ में रोबोट बनाने वाली स्मार्ट फैक्ट्री ने उत्पादन शुरू कर दिया है। यूबीटेक की इस फैक्ट्री में हर 10 मिनट में एक ह्ययूमनॉइड तैयार हो सकता है। आखिर रोबोट ही रोबोट कैसे बना रहे हैं? क्या है इसका स्मार्ट ब्रेन?आइए, जानते हैं...

विज्ञापन
China Robot Factory: Robots Manufacturing Humanoid Robots at New Smart Factory
रोबोट क्रांति की नई शुरुआत - फोटो : Amar Ujala Graphics

    विस्तार

    कल्पना कीजिए ऐसी फैक्ट्री की, जहां इंसानों की जगह रोबोट ही रोबोट बनाने के काम में लगे हों। चीन ने अब इसे वास्तविकता में बदल दिया है। दक्षिणी चीन के गुआंग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र के लियूझोउ में 10 हजार यूनिट क्षमता वाली दुनिया की पहली इंटेलिजेंट मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी फॉर ह्ययूमनॉइड रोबोट ने उत्पादन शुरू कर दिया है। कंपनी के मुताबिक, यहां हर 10 मिनट में एक औद्योगिक ह्ययूमनॉइड रोबोट तैयार किया जा सकता है।

    ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार चीन की ह्ययूमनॉइड रोबोट निर्माता कंपनी यूबीटेक रोबोटिक्स ने फैक्ट्री के संचालन की जानकारी दी है। कंपनी का कहना है कि यहां उत्पादन की योजना से लेकर काम का बंटवारा, सामग्री की आपूर्ति और गुणवत्ता जांच तक का काम डिजिटल ‘स्मार्ट ब्रेन’ के जरिए नियंत्रित होता है।यानी रोबोट इस फैक्ट्री में सिर्फ बनाए नहीं जा रहे, बल्कि उन्हें बनाने की प्रक्रिया में भी रोबोट सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

    विज्ञापन

    14 हजार वर्गमीटर में फैली है फैक्ट्री

    यूबीटेक के मुताबिक, फैक्ट्री करीब 14 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बनी है और इसकी ऊंचाई 13.8 मीटर है। यहां मुख्य रूप से कंपनी की वॉकर एस और क्रूजर सीरीज के औद्योगिक ह्ययूमनॉइड रोबोट तैयार किए जाएंगे।इस स्मार्ट फैक्ट्री को यूबीटेक ने सीमेंस डिजिटल इंडस्ट्रीज सॉफ्टवेयर के साथ मिलकर बनाया है। दोनों कंपनियों ने ऐसा मैन्युफैक्चरिंग ऑपरेशंस मैनेजमेंट सिस्टम विकसित किया है, जिसे फैक्ट्री का ‘स्मार्ट ब्रेन’ कहा जा रहा है।यह सिस्टम ऑर्डर की शेड्यूलिंग, सामग्री वितरण और गुणवत्ता निगरानी समेत उत्पादन की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल तरीके से जोड़ता है। हर रोबोट को एक अलग सीरियल नंबर दिया जाता है, जिससे उसकी उत्पादन प्रक्रिया को शुरू से अंत तक ट्रैक किया जा सकता है।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    रोबोट ही संभाल रहे हैं कई अहम काम

    फैक्ट्री की उत्पादन लाइन पर क्रूजर वाई1 और क्रूजर एस2 जैसे ह्ययूमनॉइड रोबोट सामान उतारने, पैलेट पर रखने, सामग्री लाने-ले जाने और उत्पादन लाइन तक पहुंचाने जैसे काम करते हैं।अंतिम असेंबली में सहयोगी रोबोट, पावर-असिस्ट मैनिपुलेटर, बिना चालक वाले लॉजिस्टिक्स वाहन और 360 डिग्री घूमने वाली वर्कटेबल का इस्तेमाल किया जाता है। इससे अलग-अलग प्रकार के रोबोटों को एक ही उत्पादन लाइन पर लचीले तरीके से तैयार करना संभव होता है।

    हर रोबोट की चार घंटे से ज्यादा जांच

    गुणवत्ता पर भी खास जोर दिया गया है। कंपनी के अनुसार, तैयार होने के बाद हर रोबोट को चार घंटे से ज्यादा समय तक पूरे सिस्टम की जांच से गुजरना पड़ता है।इसके बाद उसे ऑटोमोबाइल उद्योग के स्तर की रोशनी वाली विशेष निरीक्षण सुरंग से गुजारा जाता है। यहां रोबोट की बाहरी सतह की 360 डिग्री जांच की जाती है, ताकि कोई खामी छूट न जाए।

    65 वर्गमीटर में 112 रोबोट

    फैक्ट्री में ह्ययूमनॉइड रोबोट के लिए पूरी तरह स्वचालित बहुमंजिला वेयरहाउस भी बनाया गया है। कंपनी के मुताबिक, महज 65 वर्गमीटर क्षेत्र में यहां 112 रोबोट रखे जा सकते हैं। इससे जगह के इस्तेमाल की क्षमता 50 फीसदी से ज्यादा बढ़ी है।

    ऑटोमेटिक गाइडेड व्हीकल, बिना चालक वाले फोर्कलिफ्ट और अन्य लॉजिस्टिक्स वाहन उत्पादन के अलग-अलग चरणों को जोड़ते हैं। ये सब-असेंबली, अंतिम असेंबली, परीक्षण और भंडारण के बीच सामग्री की आवाजाही को स्वचालित तरीके से संभालते हैं।

    चीन की सप्लाई चेन पर टिका बड़े पैमाने का उत्पादन

    यूबीटेक के उपाध्यक्ष पांग जियानशिन ने पहले ग्लोबल टाइम्स को बताया था कि ह्ययूमनॉइड रोबोट के बड़े पैमाने पर उत्पादन में चीन की मजबूत सप्लाई चेन की बड़ी भूमिका है। उनके अनुसार जटिल हिस्सों का बड़े पैमाने पर उत्पादन मजबूत आपूर्ति व्यवस्था और विनिर्माण क्षमता के बिना बेहद मुश्किल होगा।पांग ने यह भी कहा कि पिछले 10 से 20 वर्षों में चीन में बड़ी संख्या में इंजीनियरों और वैज्ञानिकों की विशेषज्ञता, शोध एवं विकास क्षमता और अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में रोबोट के इस्तेमाल के अनुभव ने देश को मजबूत आधार दिया है।

    चीन में तेजी से बढ़ रहा रोबोट उत्पादन

    चीन में औद्योगिक रोबोट का उत्पादन भी तेजी से बढ़ रहा है। राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2026 में चीन ने 98,677 औद्योगिक रोबोट बनाए। यह पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 30.2 फीसदी ज्यादा है।जनवरी से जुलाई 2026 के बीच चीन में कुल 6,35,056 औद्योगिक रोबोट का उत्पादन हुआ, जो सालाना आधार पर 28.5 फीसदी अधिक है।लियूझोउ की नई फैक्ट्री ऐसे समय शुरू हुई है, जब ह्ययूमनॉइड रोबोट प्रयोगशालाओं और छोटे स्तर के परीक्षण उत्पादन से निकलकर बड़े पैमाने पर औद्योगिक इस्तेमाल की ओर बढ़ रहे हैं। यूबीटेक के मुताबिक, यह फैक्ट्री भविष्य में ह्ययूमनॉइड रोबोट के बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए एक ऐसा मॉडल तैयार कर रही है, जिसे दूसरे संयंत्रों में भी अपनाया जा सकता है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें