चीन बढ़ा रहा अपना दबदबा?: चीनी एप ओपन सोर्स एआई मॉडल के डाउनलोड 10 अरब के पार, बाकी देशों पर क्या असर पड़ेगा?
चीन के ओपन सोर्स एआई बड़े भाषा मॉडल दुनियाभर में 10 अरब से अधिक बार डाउनलोड किए जा चुके हैं। चीन अब 2026 से 2030 की 15वीं पंचवर्षीय योजना में एआई तकनीक को उद्योगों तक पहुंचाने और ओपन सोर्स पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत करने पर जोर देगा। क्या चीन की यह रणनीति उसे एआई की वैश्विक दौड़ में और मजबूत बनाएगी और दुनिया भर के डेवलपर्स के लिए नए अवसर पैदा करेगी? आइए, विस्तार से सबकुछ जानते हैं...

विस्तार
चीनी उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार, 14वीं पंचवर्षीय योजना यानी 2021 से 2025 के दौरान चीन के ओपन सोर्स एआई बड़े भाषा मॉडल दुनियाभर में 10 अरब से अधिक बार डाउनलोड किए गए। यह जानकारी 15वीं पंचवर्षीय योजना की शुरुआत को लेकर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी गई। चीन अब 2026 से 2030 के दौरान एआई समेत नई पीढ़ी की सूचना तकनीकों के इस्तेमाल को और बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।चीन एआई की आपूर्ति क्षमता बढ़ाने के लिए क्या करेगा?मंत्रालय के सूचना एवं संचार विकास विभाग के महानिदेशक ल्यू यूलिन के अनुसार, चीन की पहली रणनीति एआई की आपूर्ति क्षमता मजबूत करना है। इसके तहत अनुसंधान और विकास में निवेश बढ़ाया जाएगा और बड़ी तकनीकी चुनौतियों को दूर करने के लिए संसाधनों को एक साथ लगाया जाएगा। 'औद्योगिक डेटा निर्माण' अभियान के तहत अनुभवी कारीगरों का ज्ञान, उत्पादन लाइन की जानकारी और निरीक्षण के तरीकों को उपयोगी डेटा में बदला जाएगा। 'एआई प्लस सॉफ्टवेयर' पहल के जरिए बुनियादी और औद्योगिक सॉफ्टवेयर को भी ज्यादा स्मार्ट बनाने पर जोर रहेगा।
उद्योगों में एआई का इस्तेमाल कैसे बढ़ाया जाएगा?
दूसरी रणनीति एआई के व्यावहारिक इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। इसके तहत अलग-अलग उद्योगों को एआई के नए उपयोग विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। चीन का लक्ष्य है कि सॉफ्टवेयर और एआई एजेंट वास्तविक परिस्थितियों में लगातार बेहतर प्रदर्शन करें। कंपनियों को पेशेवर सेवा टीमें तैयार करने और केवल सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराने के बजाय बेहतर सेवा अनुभव देने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
ओपन सोर्स एआई को लेकर चीन की तीसरी रणनीति क्या है?
तीसरी रणनीति ओपन सोर्स पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना है। चीन खास तौर पर एआई के क्षेत्र में ओपन सोर्स तकनीक के विकास पर जोर देगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इन तकनीकों का इस्तेमाल कर सकें। इसके साथ ही ओपन सोर्स प्रतिभाओं को तैयार करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसका मकसद ऐसी संस्कृति बनाना है जिसमें लोग ओपन सोर्स तकनीक को समझें, इस्तेमाल करें और उसके विकास में योगदान दें।
क्या इससे चीन का एआई प्रभाव और बढ़ सकता है?
10 अरब से अधिक डाउनलोड का आंकड़ा चीन के ओपन सोर्स एआई मॉडल की वैश्विक पहुंच को दिखाता है। अब चीन उत्पादन, उद्योग, सॉफ्टवेयर और डेटा के साथ एआई को जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ओपन सोर्स पर जोर देने से डेवलपर्स और उद्यमियों के लिए सहयोग का दायरा बढ़ सकता है। 2026 से 2030 की योजना में इन तीनों रणनीतियों के जरिए चीन एआई तकनीक को केवल विकसित करने के बजाय उसके बड़े पैमाने पर इस्तेमाल और विस्तार पर जोर देने की तैयारी में है।