Australia: कम उम्र के बच्चों के लिए WhatsApp, Reddit हो सकते हैं बैन! लग सकता है 290 करोड़ तक का जुर्माना
ऑस्ट्रेलिया अब अपने बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाने के लिए सख्त हो गया है। पहले से बैन सोशल मीडिया एप्स की लिस्ट को बढ़ाते हुए, अब WhatsApp, Reddit और Twitch जैसी कंपनियों पर भी 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए पाबंदी लग सकती है।

विस्तार
ऑस्ट्रेलिया ने अब बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा और व्यापक कदम उठाया है। वहां की सरकार ने उन सोशल मीडिया साइटों पर लगे प्रतिबंध के दायरे को और भी बड़ा कर दिया है, जो बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं मानी जाती हैं।
ये एप्स भी आ गए घेरे में
अब तक केवल Facebook, Snapchat, TikTok और YouTube ही इस प्रतिबंध वाली लिस्ट में थे। लेकिन अब इसमें WhatsApp, Reddit, Twitch और गेमिंग प्लेटफॉर्म Roblox जैसी बड़ी कंपनियां भी शामिल हो सकती हैं। अगर ये नियम लागू होते हैं, तो 16 साल से कम उम्र के बच्चे इन प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
कंपनियां रख सकती हैं अपना पक्ष
इस नई संभावित लिस्ट में Pinterest, Lego Play, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म Kick और गेमिंग प्लेटफॉर्म Steam जैसी और भी कई साइट्स शामिल हैं। ABC की रिपोर्ट के मुताबिक, इन कंपनियों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया है। अगर किसी कंपनी को लगता है कि उन्हें इस प्रतिबंध से छूट मिलनी चाहिए, तो उन्हें ठोस तर्क पेश करने होंगे।

नियम तोड़ा तो लगेगा भारी जुर्माना
ऑस्ट्रेलिया के नियमों के तहत, अगर ई-सेफ्टी कमीशन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने में कोई कंपनी विफल रहती है, तो उन पर 4.95 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 290 करोड़ रुपये) तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है। हालांकि, कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा कानून काफी अस्पष्ट है और इसे ठीक से लागू करना मुश्किल हो सकता है। वहीं, प्रभावित होने वाली कंपनियों ने भी इन नियमों को समस्याग्रस्त और जल्दबाजी में बनाया गया बताया है।
आने वाले नए नियमों में सरकार का ध्यान ऑनलाइन एडल्ट और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) जनरेटेड कंटेंट को नियंत्रित करने पर भी है। ऑस्ट्रेलिया के संचार मंत्री का कहना है कि कंपनियों को खुद ही स्व-नियमन करना होगा। अच्छी बात यह है कि Roblox ने ऑस्ट्रेलिया में बच्चों को ऑनलाइन ग्रूमिंग से बचाने के उपायों पर अपनी सहमति जताई है।
अब नियामक उन प्लेटफॉर्म्स पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करेगा, जहां यूजर्स की संख्या बहुत अधिक है और बच्चों के लिए जोखिम भी ज्यादा है। इन नए नियमों का सीधा उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित रखना और उन्हें ऑनलाइन नुकसान से बचाना है।