एंथ्रोपिक का ‘क्लाउड’ ठप: भारत समेत दुनियाभर में यूजर्स हुए परेशान; लॉगिन और कनेक्शन में आई दिक्कत

Nitish Kumar
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीNitish Kumar
Mon, 02 Mar 2026 11:06 PM IST
सार

Claude AI Outage:

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी एंथ्रोपिक की सेवा अचानक बाधित होने से भारत सहित कई देशों में यूजर्स को परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह से ही प्लेटफॉर्म बार-बार रुकता रहा, जिससे लॉगिन, चैट और जरूरी डिजिटल काम प्रभावित हुए। हजारों शिकायतें दर्ज की गईं।

anthropic claude ai model down users face login connection errors hindi news
क्लाउड एआई - फोटो : Claude

    विस्तार

    आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी एंथ्रोपिक का एआई मॉडल ‘क्लाउड’ अचानक ठप हो गया, जिससे भारत समेत दुनिया भर के यूजर्स प्रभावित हुए। आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउन डिटेक्टर के मुताबिक समस्या बढ़ने के दौरान करीब 1,700 से ज्यादा लोगों ने शिकायत दर्ज कराई।

    बताया जा रहा है कि सुबह से ही सेवा रुक-रुक कर काम कर रही थी। इसका असर ऑफिस के काम, पढ़ाई और अन्य जरूरी डिजिटल गतिविधियों पर पड़ा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इस समस्या को लेकर चर्चा तेज हो गई।

    लॉगिन में परेशानी, स्क्रीन पर दिखे एरर

    कई यूजर्स ने बताया कि वे अपने अकाउंट में लॉगिन नहीं कर पा रहे थे। कुछ को बार-बार कनेक्शन एरर का संदेश मिला, जबकि कई लोगों को जवाब मिलने में असामान्य देरी का सामना करना पड़ा।

    कुछ मामलों में चैट बीच में ही बंद हो गई और स्क्रीन पर एरर मैसेज दिखाई देने लगा। कंपनी के आधिकारिक स्टेटस पेज पर ‘Claude.ai पर बढ़ी हुई एरर’ दर्ज की गई, जिससे साफ हुआ कि वेब इंटरफेस और एपीआई दोनों प्रभावित थे।

    सोशल मीडिया पर बढ़ी चर्चा

    जैसे ही यूजर्स ने प्लेटफॉर्म खोलने की कोशिश की, स्क्रीन पर संदेश दिखाई दिया कि सेवा जल्द बहाल की जाएगी और तकनीकी टीम लगातार समस्या दूर करने में जुटी है।

    रेडिट और अन्य ऑनलाइन मंचों पर यूजर्स ने अपने अनुभव साझा किए। कई लोगों ने टाइमआउट, असफल कनेक्शन और अचानक लॉगआउट जैसी दिक्कतों की जानकारी दी। बड़ी संख्या में आई शिकायतों से स्पष्ट है कि यह रुकावट सामान्य तकनीकी गड़बड़ी से ज्यादा गंभीर थी।

    अब तक वजह साफ नहीं

    समाचार लिखे जाने तक कंपनी ने आउटेज की सटीक वजह का खुलासा नहीं किया है। तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की समस्या सर्वर पर अधिक दबाव, बैकएंड मेंटेनेंस, सिस्टम अपडेट या कॉन्फिगरेशन में गड़बड़ी के कारण हो सकती है।

    कुछ यूजर्स ने यह भी आशंका जताई कि निर्धारित अपडेट या सिस्टम स्केलिंग के दौरान तकनीकी बाधा आई होगी। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें