World News: काबुल में शिया बहुल इलाके में विस्फोट, एक की मौत; उ. कोरिया में क्रूज और विमान-रोधी मिसाइल परीक्षण
जापान के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि 8 क्रू सदस्यों को लेकर जा रहे नौसेना के 2 हेलीकॉप्टर प्रशिक्षण के दौरान प्रशांत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में हताहत लोगों की संख्या में बारे में जानकारी नहीं मिली है। समाचार एजेंसी एपी के हवाले से पीटीआई ने हादसे से जुड़ी सूचना दी। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक प्रशांत महासागर में प्रशिक्षण उड़ान के दौरान नौसेना के दो हेलीकॉप्टरों से संपर्क कट गया। ऐसे में दोनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका है।
पश्चिम एशिया और यूक्रेन की मदद के लिए अमेरिकी पैकेज को मंजूरी
एक अन्य अहम घटनाक्रम अमेरिका से सामने आया। राष्ट्रपति जो बाइडन की अपील के दो दिन बाद अमेरिकी संसद में यूक्रेन के साथ-साथ पश्चिम एशियाई देश इस्राइल और युद्धग्रस्त गाजा में मानवीय सहायता संबंधी पैकेज को मंजूरी मिल गई है। सदन ने 61 अरब अमेरिकी डॉलर के यूक्रेन सहायता पैकेज को मंजूरी दी। इस पैकेज को युद्धग्रस्त यूक्रेन को नए सिरे से अमेरिकी समर्थन की तरह देखा जा रहा है। इसके अलावा सदन ने इस्राइल की सहायता करने और युद्धग्रस्त गाजा में लोगों को मानवीय राहत प्रदान करने के लिए 26 बिलियन अमेरिकी डॉलर के पैकेज को मंजूरी दी। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, सदन में यूक्रेन, इस्राइल और अन्य अमेरिकी सहयोगियों के लिए कुल 95 अरब डॉलर के पैकेज पर वोटिंग हुई। मंजूरी के बाद इसे सीनेट में भेज दिया गया।
काबुल में शिया बहुल इलाके में विस्फोट, एक की मौत
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के शिया बहुल इलाके में 'स्टिकी बम' के फटा। धमाके की चपेट में आने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बम एक कार पर लगाया गया था। विस्फोट में कार चालक की मौत हो गई। काबुल पुलिस के प्रवक्ता खालिद ज़दरान के मुताबिक धमाका वाणिज्यिक और रिहायशी इलाके कोत-ए-संगी में शाम के समय हुआ। विस्फोट की जिम्मेदारी फिलहाल किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन शक के दायरे में इस्लामिक स्टेट समूह है।