फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Sri Lanka Bangladesh Congo Politics Crime and Global e

World: पूर्वी कांगो के एक और शहर पर एम23 विद्रोहियों का कब्जा; ओहायो गोलीबारी में शामिल संदिग्ध गिरफ्तार

Wed, 05 Feb 2025 06:03 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 05 Feb 2025 06:03 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Sri Lanka Bangladesh Congo Politics Crime and Global e
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
रवांडा समर्थित विद्रोहियों ने इस हफ्ते की शुरुआत में घोषित एकतरफा युद्धविराम के बावजूद बुधवार को पूर्वी कांगो में बढ़त हासिल कर ली है और प्रांतीय राजधानी बुकावु से 60 मील (96 किलोमीटर) दूर एक शहर पर कब्जा कर लिया है। एम23 विद्रोहियों ने सोमवार को सहायता के सुरक्षित मार्ग और सैकड़ों हजारों विस्थापित लोगों की अपील के बाद मानवीय आधार पर युद्धविराम की घोषणा की। दक्षिण किवु प्रांत के नागरिक समाज के अध्यक्ष नेने बिंटौ ने बताया कि खनन शहर न्याबिब्वे एम23 के नियंत्रण में है। यह शहर बुकावु और गोमा के बीच में है, जिस शहर पर विद्रोहियों ने पिछले हफ्ते कब्जा कर लिया था और अभी भी उसका नियंत्रण है।
विज्ञापन


 फिलीपींस की उपराष्ट्रपति के खिलाफ चलेगा महाभियोग
फिलीपींस की उपराष्ट्रपति सारा डुटेर्टे के खिलाफ प्रतिनिधि सभा में महाभियोग की कार्यवाही की गई और आवश्यक संख्या से अधिक सांसदों ने उन्हें पद से हटाने के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए थे।  प्रतिनिधि सभा के महासचिव रेजिनाल्ड वेलास्को ने कांग्रेस (फिलीपीन की संसद) के निचले सदन की एक पूर्ण बैठक में बताया कि कम से कम 215 सांसदों ने डुटेर्टे पर महाभियोग चलाने से संबंधित प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए हैं, जो सदन की तरफ से उनके खिलाफ महाभियोग चलाने पर विचार करने के लिए पर्याप्त संख्या है। सदन के सांसदों से पर्याप्त समर्थन मिलने के बाद महाभियोग की शिकायत को सीनेट को भेजने का आदेश दिया गया, जो एक महाभियोग न्यायाधिकरण के रूप में कार्य करेगी और उपराष्ट्रपति के खिलाफ मुकदमा चलाएगी। डुटेर्टे ने अपने ऊपर महाभियोग के सदन के कदम पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं व्यक्त की।
विज्ञापन


भारत ने संयुक्त राष्ट्र के नियमित बजट में 3.764 करोड़ डॉलर का किया भुगतान
भारत ने 2025 के लिए संयुक्त राष्ट्र के नियमित बजट में 3.764 करोड़ डॉलर का भुगतान किया है। इससे वह उन 35 सदस्य देशों की 'सम्मान सूची' में शामिल हो गया है, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र को अपने नियमित बजट का पूरा और समय पर भुगतान किया है। संयुक्त राष्ट्र की योगदान समिति के अनुसार, 31 जनवरी 2025 तक, पैंतीस सदस्य देशों ने संयुक्त राष्ट्र के वित्तीय नियमों में निर्दिष्ट 30-दिवसीय नियत अवधि के भीतर अपने नियमित बजट का पूरा भुगतान कर दिया है। महासचिव एंतोनियो गुटेरस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा, हम भारत में अपने मित्रों का धन्यवाद करते हैं। भारत लगातार उन देशों में शामिल रहा है, जिन्होंने यूएन संयुक्त राष्ट्र के बजट में अपना योगदान समय पर और पूरा भुगतान किया है। साथ ही भारत ने हमेशा यूएन को सहयोग दिया है। 3.76 करोड़ डॉलर देने पर 35 सदस्यों की सम्मान सूची में शामिल-
विज्ञापन
विज्ञापन
उम्मीद है इस साल 3 लाख भारतीय पर्यटक हमारे यहां आएंगे, कई कार्यक्रमों का आयोजन: मालदीव सरकार
मालदीव ने 2025 में 3 लाख भारतीय पर्यटकों को लुभाने का लक्ष्य रखा है। मालदीव मार्केटिंग-पब्लिक रिलेशंस कॉरपोरेशन अध्यक्ष अब्दुल्ला गियास ने कहा, लक्ष्य के लिए भारत में मासिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसे अभियान के रूप में संचालित किया जाएगा। पहली बार, हम भारतीय तनावपूर्ण संबंधों के बाद से मालदीव जाने वाले भारतीय पर्यटक काफी कम हो गए। जनसंचार माध्यमों में विज्ञापन देने के लिए एक ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करने जा रहे हैं। मालदीव में क्रिकेट समर कैंप करेंगे। गियास बोले, हम कोलकाता, पुणे, चेन्नई से भी माले की सीधी उड़ान करेंगे। 2024 में भारत छठे स्थान पर: 2023 में माले-नई दिल्ली में तनावपूर्ण संबंधों के बाद से मालदीव जाने वाले भारतीय पर्यटक काफी कम हो गए। जबकि 2024 में मालदीव में 2 लाख 46 हजार 615 पर्यटक आए। इस वर्ष यहां चीनी पर्यटक पहले स्थान, जबकि रूस दूसरे स्थान पर था।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष फिलेमोन यांग चार दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे
संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के अध्यक्ष फिलेमोन यांग विदेश मंत्री एस जयशंकर के निमंत्रण पर भारत की चार दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे। इस यात्रा में बहुपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। यांग राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे, जिससे संयुक्त राष्ट्र के साथ भारत के संबंध और मजबूत होंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि फिलेमोन यांग का भारत में हार्दिक स्वागत है। यह संयुक्त राष्ट्र की 80वीं वर्षगांठ की अगुवाई में भारत-संयुक्त राष्ट्र जुड़ाव को बढ़ाने का अच्छा अवसर है। यांग बंगलूरू भी जाएंगे,जहां पर वह इंफोसिस और भारतीय विज्ञान संस्थान का दौरा करेंगे। इस दौरान वह डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और नवाचार पर विशेषज्ञों के साथ बातचीत करेंगे।

20 हजार से ज्यादा अमेरिकी सरकारी कर्मचारी नौकरी छोड़ने को तैयार
अमेरिका में 20 हजार से ज्यादा सरकारी कर्मचारी सरकार के प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत नौकरी छोड़ने के लिए तैयार हो गए हैं। प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत व्हाइट हाउस ने पिछले हफ्ते 20 लाख सरकारी कर्मचारियों को काम छोड़ने और 30 सितंबर तक वेतन और लाभ प्राप्त करने का अवसर दिया था। नौकरी छोड़ने के लिए घोषणा करने की अंतिम तारीख 6 फरवरी है। सूत्रों ने बताया कि 20 हजार से ज्यादा कर्मचारियों ने सरकार को पद छोड़ने के बारे में सूचित कर दिया है। बता दें कि ट्रंप प्रशासन अमेरिकी सरकार के आकार में कटौती करना चाहता है। हालांकि, कुछ डेमोक्रेटिक सांसदों का कहना है कि यह प्रस्ताव कानूनी नहीं है।

World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Sri Lanka Bangladesh Congo Politics Crime and Global e
जापान में बर्फबारी के बाद का नजारा - फोटो : अमर उजाला / एजेंसी
उत्तरी जापान में रिकॉर्ड बर्फबारी, जन-जीवन चौपट
जापान के उत्तरी मुख्य द्वीप होक्काइदो पर रिकॉर्ड बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के चलते यातायात बाधित हो गया, स्कूल व हवाईअड्डा बंद करना पड़ा और ट्रेन सेवाएं भी रोकनी पड़ीं। होक्काइदो प्रीफेक्चुरल सरकार ने कहा, विशेष रूप से ओबिहिरो और कुशिरो सहित द्वीप के पूर्वी क्षेत्रों में रिकॉर्ड बर्फबारी देखी गई है। दक्षिणी होक्काइदो के साप्पोरो में लोकप्रिय हिम उत्सव शुरू होते ही कई व्यवधानों का सामना करना पड़ा। ओबिहिरो में 129 सेंमी की रिकॉर्ड तोड़ बर्फबारी दर्ज की गई है। अगले 24 घंटों में बुधवार शाम तक उत्तर-पश्चिमी जापान में 100 सेंमी तक बर्फबारी की भविष्यवाणी की गई है।

World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Sri Lanka Bangladesh Congo Politics Crime and Global e
योगगुरु रामदेव और नोबेल विजेता कैलाश सत्यार्थी (फाइल) - फोटो : अमर उजाला
सत्यार्थी, बाबा रामदेव दुबई के शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे
नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी और योग गुरु बाबा रामदेव अगले माह यूएई के दुबई में आयोजित वैश्विक शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले हैं। 12-13 अप्रैल को होने वाले शिखर सम्मेलन के शुभारंभ की घोषणा करते हुए, आई एम पीसकीपर मूवमेंट के अध्यक्ष डॉ. हुजैफा खोराकीवाला ने कहा कि शिखर सम्मेलन कैबिनेट सदस्य और सहिष्णुता मंत्री शेख नहयान मबारक अल नहयान के संरक्षण में आयोजित किया जाएगा।

पाकिस्तान : दक्षिण अफ्रीका न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की सुरक्षा बढ़ाई गई
पाकिस्तान में आठ फरवरी से शुरू होने जा रही त्रिकोणीय क्रिकेट शृंखला से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीमों की सुरक्षा को पुख्ता करने के तहत बुधवार से लाहौर में सेना के जवान और रेंजर्स तैनात रहेंगे। जेल में बंद पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी ने इसी दिन विरोध मार्च निकालने की योजना बनाई है। गृह मंत्रालय ने लाहौर में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीकाई क्रिकेट टीमों की सुरक्षा के लिए सेना और रेंजर्स की तैनाती को अनुमति दी है।

बांग्लादेश : हसीना की पार्टी के दो नेता पर्चे बांटने पर किए गिरफ्तार
बांग्लादेश में अंतरिम सरकार द्वारा पूर्व पीएम शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के अभियान के खिलाफ चेताने के बाद पर्चे बांटने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। ये गिरफ्तारियां मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के प्रेस सचिव शफीक आलम के उस बयान के कुछ घंटों बाद हुईं, जिसमें उन्होंने कहा था कि लीग के समर्थन में पर्चे बांटने वाले किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाएगा। 

कतर लेबनानी सेना को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध: प्रधानमंत्री
पश्चिम एशिया में 15 महीने के हिंसक संघर्ष के बाद फिलहाल तनावपूर्ण शांति व्याप्त है। ताजा घटनाक्रम में कतर के प्रधानमंत्री ने कहा है कि वे लेबनानी सेना का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बेरूत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी ने कहा कि हम सरकार बनाने के बाद दोनों देशों के बीच संयुक्त परियोजनाओं पर काम करने के लिए तत्पर हैं। कतर लेबनान और उसके लोगों के साथ खड़ा है। उन्होंने यात्रा के दौरान लेबनान के राष्ट्रपति, पूर्व सेना कमांडर जोसेफ औन से मुलाकात भी की।

दक्षिण अफ्रीका में एंग्लिकन चर्च ने स्वीकार की विफलता, यौन शोषण के आरोपों पर कार्रवाई का मामला
दक्षिण अफ्रीका में एंग्लिकन चर्च ने स्वीकार किया है कि वह यौन शोषण के आरोपों के खिलाफ कार्रवाई करने में नाकाम रहा है। बता दें कि पूर्व सदस्य जॉन स्मिथ के खिलाफ यौन शोषण के आरोप लगे हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका भागने से पहले 1970 और 1980 के दशक में ब्रिटेन और जिम्बाब्वे में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार किया था। 2018 में उनकी मृत्यु हो गई थी। नवंबर में एक स्वतंत्र समीक्षा में पाया गया कि चर्च ऑफ इंग्लैंड ने स्मिथ के "भयानक" दुर्व्यवहार को छुपाया गया था। उन्होंने 1970 और 1980 के दशक में ग्रीष्मकालीन ईसाई शिविरों में काफी समय बिताया था। स्मिथ 2001 में दक्षिण अफ्रीका भाग गए, जहां उन्होंने 2014 तक पैरिशों में काम किया। एंग्लिकन चर्च के प्रमुख ने गलती स्वीकार करते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट में पाया गया कि उन्हें चेतावनियां नहीं दी गयी थीं।

अगर ईरान उनकी हत्या करे तो खत्म कर दें उसका अस्तित्व: सलाहकारों से ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि अगर ईरान उनकी हत्या करता है तो उसे 'खत्म' कर दिया जाए। मंगलवार को ट्रंप ने अपने सलाहकारों को निर्देश दिया कि अगर ईरान उनकी हत्या करने में सफल रहा तो उसका अस्तित्व नष्ट कर दिया जाए। वाशिंगटन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, अगर उन्होंने ऐसा किया तो वे नष्ट हो जाएंगे। गौरतलब है कि न्याय विभाग ने नवंबर में कहा था कि अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले ट्रंप को मारने की ईरान की साजिश को विफल किया गया। अमेरिका के आरोप के मुताबिक ईरानी अधिकारियों ने सितंबर में 51 वर्षीय फरहाद शकेरी को ट्रंप की निगरानी करने का जिम्मा सौंपा था। अंततः उनकी हत्या करने पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश भी दिया गया था। शकेरी अभी भी ईरान में फरार है।

ट्रंप की जांच करने वाले एफबीआई एजेंट्स की सूची तैयार करने के आदेश के खिलाफ याचिका

जो बाइडन सरकार में मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ जांच में शामिल एफबीआई एजेंट्स की सूची तैयार करने की अमेरिकी न्याय विभाग की कोशिश को झटका लग सकता है। दरअसल इस आदेश के खिलाफ अदालत में अपील की गई है और सूची तैयार करने पर रोक की मांग की गई है। 

ट्रंप के आदेश के खिलाफ अदालत पहुंचे ट्रांसजेंडर बच्चों वाले परिवार

ट्रांसजेंडर बच्चों वाले परिवारों के एक समूह ने मंगलवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस कार्यकारी आदेश के खिलाफ मुकदमा दायर किया है, जिसमें 19 वर्ष से कम आयु के ट्रांसजेंडर युवाओं के लिए लिंग-पुष्टि इलाज के लिए संघीय समर्थन को रोकने का आदेश दिया गया है। ट्रांसजेडर बच्चों के परिजनों के साथ ही डॉक्टर्स के एक संगठन ने भी बाल्टीमोर में यूएस डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में ट्रंप के कार्यकारी आदेश को चुनौती दी है। ट्रंप प्रशासन के इस आदेश से संघीय सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रमों में लिंग पुष्टि के लिए वित्तपोषण रोक दिया गया है।  

दुनिया भर में USAID के कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजा गया

ट्रंप प्रशासन दुनिया भर में अपनी एजेंसी यूएसएआईडी के कर्मचारियों को छुट्टी पर भेज रहा है और सिर्फ उन्हीं लोगों को बरकरार रखा गया है जो जरूरी हैं। विदेशों में तैनात कर्मचारियों को अब वापस अमेरिका बुलाया जाएगा। मंगलवार को ऑनलाइन साझा किए गए एक नोटिस पोस्ट में कर्मचारियों को घर लौटने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है। राष्ट्रपति ट्रंप के सत्ता संभालने के बाद अब तक हजारों यूएसएआईडी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल चुके हैं और दुनियाभर में इससे जुड़े कार्यक्रम बंद कर दिए गए हैं। 

अमेरिका के विमान हादसे में मारे गए सभी 67 पीड़ितों के अवशेष मिले

अमेरिका के वॉशिंगटन में पिछले सप्ताह हुई भीषण विमान दुर्घटना में मारे गए सभी 67 पीड़ितों के अवशेष बरामद कर लिए गए हैं। बीते दिनों रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हवा में एक विमान और सैन्य हेलीकॉप्टर के बीच टक्कर हो गई थी। दोनों विमानों का मलबा पोटोमैक नदी में गिर गया था। कुछ अवशेषों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हादसा उस वक्त हुआ जब अमेरिकन एयरलाइंस का विमान निकटवर्ती रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरने वाला था।
 

डोनाल्ड ट्रंप के फैसलों का विरोध शुरू, पूरे अमेरिका में ऑनलाइन प्रदर्शन की तैयारी

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के शुरुआती कुछ फैसलों का विरोध शुरू हो गया है। बुधवार को पूरे अमेरिका में ऑनलाइन कार्यक्रम चलाकर विरोध प्रदर्शन की तैयारी है। इस विरोध प्रदर्शन को हैशटैग #buildtheresistance और #50501 के तहत संगठित किया गया है, जिसका मतलब है एक दिन में 50 विरोध प्रदर्शन, 50 राज्य। कई विरोध प्रदर्शन राज्य की राजधानियों में और कुछ अन्य शहरों में होने की योजना है। इस आंदोलन की वेबसाइट और सोशल मीडिया पर अकाउंट हैं। मिशिगन में एक विरोध प्रदर्शन हुआ, जिसमें निर्वासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। इससे पहले रविवार को दक्षिणी कैलिफोर्निया में भी ट्रंप की निर्वासन नीति के विरोध में प्रदर्शन हुए। 

'इमरान खान की कोई चिट्ठी सेना प्रमुख को नहीं मिली', पाकिस्तानी सुरक्षा बल का दावा

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान के नेतृत्व वाली पीटीआई ने हाल ही में दावा किया है कि इमरान खान ने सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को एक चिट्ठी लिखी है। पीटीआई ने दावा किया कि इस चिट्ठी में सेना से अपनी नीति पर पुनर्विचार करने की अपील की गई है। हालांकि अब इसे लेकर पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने कहा है कि सेना प्रमुख को इमरान खान की कोई चिट्ठी नहीं मिली है। सुरक्षा बलों ने कहा कि पीटीआई नेतृत्व नाटक कर रहा है और अगर पीटीआई बातचीत करना चाहती है तो उसे सैन्य प्रतिष्ठान के बजाय राजनीतिक नेतृत्व से बात करनी चाहिए। 

अमेरिका के ओहायो में गोलीबारी, पांच लोग घायल

अमेरिका के ओहायो में मंगलवार रात को एक सौंदर्य प्रसाधन के गोदाम में हुई गोलीबारी में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावर के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। साथ ही गोलीबारी की वजह क्या है, इसकी भी जांच की जा रही है। 

भारतीय उच्चायुक्त ने श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से मुलाकात की

श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने बुधवार को श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से उनके कोलंबो स्थित निजी निवास पर मुलाकात की। भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी। उच्चायोग ने कहा कि दोनों के बीच बहुआयामी भारत-श्रीलंका संबंधों पर चर्चा हुई, जिसमें कनेक्टिविटी परियोजनाएं और श्रीलंका में नवीनतम घटनाक्रम पर बात हुई। श्रीलंकाई मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस बैठक में श्रीलंका पीपुल्स फ्रंट (जिसे श्रीलंका पोदुजना पेरामुना के नाम से भी जाना जाता है) के महासचिव सागर करियावासम भी मौजूद थे।

अमेरिका ने हूती में गिरोहों को खत्म करने के लिए यूएन मिशन के लिए रोकी फंडिंग
यूएस ने संयुक्त राष्ट्र को सूचित किया है कि वह हूती में यूएन समर्थित मिशन के लिए फंडिंग रोक रहा है, जिसका काम देश की राजधानी पर पूर्ण नियंत्रण हासिल करने की कोशिश कर रहे गिरोहों से लड़ना है। केन्याई पुलिस के नेतृत्व वाले मिशन में यूएस सबसे बड़ा योगदानकर्ता रहा है, जिसे पिछले साल लॉन्च किया गया था और जो फंडिंग और कर्मियों की कमी से जूझ रहा है। वहीं यूएन के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि इस रोक का मिशन पर 'तत्काल प्रभाव' पड़ेगा। उन्होंने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने बहुराष्ट्रीय बल को वित्तपोषित करने वाले ट्रस्ट फंड को 15 मिलियन डॉलर देने का वादा किया था। दुजारिक ने कहा कि इसमें से 1.7 मिलियन डॉलर पहले ही खर्च हो चुके हैं, '13.3 मिलियन डॉलर अब रोक दिए गए हैं।'
 

अगर ईरान मेरी हत्या करता है तो उसे तबाह कर दें: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सलाहकारों को निर्देश दिए हैं कि अगर ईरान उनकी हत्या करता है तो उसे तबाह कर दिया जाए। ईरान पर अधिकतम दबाव बनाने संबंधी शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर करने के दौरान ट्रंप ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, मैंने निर्देश दिए हैं कि अगर वे (ईरान) ऐसा करते हैं, तो उन्हें तबाह कर दिया जाए, जिसके बाद कुछ भी नहीं बचेगा। अमेरिकी न्याय विभाग ने नवंबर में आरोप लगाए थे कि राष्ट्रपति पद के चुनाव से पहले ईरान ने ट्रंप की हत्या की साजिश रची थी, जिसे नाकाम कर दिया गया। विभाग ने आरोप लगाया था कि ईरानी अधिकारियों ने सितंबर में फरहाद शकेरी नाम के शख्स को ट्रंप पर नजर रखने और उनकी हत्या करने का निर्देश दिया था। शकेरी अब भी ईरान में है।

ओहायो गोलीबारी में शामिल संदिग्ध गिरफ्तार
न्यू अल्बानी के अधिकारियों ने बताया कि ओहायो कॉस्मेटिक्स गोदाम में हुई गोलीबारी में एक सहकर्मी की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। न्यू अल्बानी पुलिस प्रमुख ग्रेग जोन्स ने बताया कि सभी पीड़ित भी इसी गोदाम में काम करते थे। जोन्स ने बताया कि उनमें से पांच को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। छठे पीड़ित की इमारत में ही मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed