Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Trump heads to Asia with hopes of shifting the momentum after midterm setbacks hurt him at home

चुनाव में हार के बाद एशिया दौरे पर क्यों आ रहे ट्रंप?: पुतिन-जिनपिंग से करेंगे मुलाकात; घरेलू चुनौतियां बढ़ीं

Sun, 15 Nov 2026 08:24 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन। Published by: निर्मल कांत Updated Sun, 15 Nov 2026 08:24 PM IST
सार

मध्यावधि चुनाव में पार्टी की हार के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एशिया दौरे पर आ रहे हैं। वह अपनी चीनी व रूसी समकक्ष शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन से परमाणु हथियारों, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत करेंगे। ईरान-यूक्रेन युद्ध और चीन का बढ़ता प्रभाव भी एजेंडे में है। क्या यह दौरा अमेरिका में कमजोर पड़ती उनकी राजनीतिक स्थिति बदल पाएगा? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
Trump heads to Asia with hopes of shifting the momentum after midterm setbacks hurt him at home
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक

विस्तार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस हफ्ते एशिया के दौरे पर आ रहे हैं। उनका मकसद अंतरराष्ट्रीय मंच पर कुछ बड़ी घोषणाएं करना और अपनी राजनीतिक ताकत दिखाना है। हाल ही में हुए मध्यावधि चुनावों में उनकी पार्टी को भारी नुकसान हुआ है। इससे अमेरिका में उनकी राजनीतिक स्थिति कमजोर हुई है।
विज्ञापन


ट्रंप इस विदेशी दौरे के जरिये राजनीतिक माहौल बदलने की कोशिश करेंगे। इस दौरान वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक कर सकते हैं। इसमें तीनों देशों के परमाणु हथियारों के भंडार पर चर्चा होगी।
विज्ञापन


ट्रंप लंबे समय से दावा करते रहे हैं कि अमेरिका के दो बड़े प्रतिद्वंद्वी देशों के नेताओं के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। हालांकि, अब तक वह इन दोनों नेताओं के साथ कोई बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


ट्रंप का एशिया दौरा कहां से शुरू होगा?
ट्रंप सबसे पहले फिलीपींस जाएंगे। वहां मंगलवार को दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। ये देश क्षेत्र में चीन की बढ़ती आक्रामकता का मुकाबला करने के लिए अमेरिका से मदद चाहते हैं। इसके बाद बुधवार को ट्रंप चीन जाएंगे। वहां एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

ये भी पढ़ें: सबसे लंबी विदेश यात्रा: कैंसर के इलाज के बाद केट मिडलटन का पहला सफर, भारत में आयोजित समारोह में होंगी शामिल

इस दौरान उनकी शी जिनपिंग से इस साल तीसरी बार आमने-सामने मुलाकात होगी। वह रूस के राष्ट्रपति पुतिन से भी मिलेंगे। एक साल पहले भी ट्रंप इसी तरह के एशिया दौरे पर आए थे। तब उन्होंने चीन के साथ व्यापार पर अस्थायी समझौता किया था। जापान और दक्षिण कोरिया ने भी निवेश करने का भरोसा दिया था।

लेकिन इस बार हालात अलग हैं। जनवरी से उनकी पार्टी का कांग्रेस पर नियंत्रण नहीं रहेगा। वहीं, 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों की चर्चा भी शुरू हो गई है। ये नेता ट्रंप की जगह लेने की तैयारी में हैं। 

क्या घरेलू मुश्किलों से बचने के लिए विदेश जा रहे हैं ट्रंप?
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में उप विदेश मंत्री रहे कर्ट कैंपबेल ने इस दौरे को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि ट्रंप ने भी दूसरे राष्ट्रपतियों की तरह यह समझ लिया है कि जब देश के अंदर हालात बहुत मुश्किल हों, तो विमान में बैठकर अंतरराष्ट्रीय दौरे पर निकल जाना चाहिए। कैंपबेल 'द एशिया ग्रुप' नाम की सलाहकार कंपनी के अध्यक्ष भी हैं। 

अमेरिका के कुछ पूर्व राष्ट्रपति भी ऐसा कर चुके हैं। राष्ट्रपति बराक ओबामा 2014 में अपनी पार्टी के सीनेट चुनाव हारने के कुछ दिनों बाद बीजिंग गए थे। वहां उन्होंने शी जिनपिंग के साथ कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य तय करने पर बातचीत की थी। वहीं, राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश 2006 में कांग्रेस पर अपनी पार्टी का नियंत्रण खत्म होने के बाद वियतनाम में एपेक सम्मेलन में शामिल हुए थे। हालांकि, उस समय इराक युद्ध का असर उनके दौरे पर भी था।

ट्रंप फिलीपींस और चीन में कौन-से समझौते करेंगे?
व्हाइट हाउस के मुताबिक, ट्रंप मनीला में थाईलैंड के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। इसके अलावा कई कारोबारी समझौते भी होंगे। वह नेताओं के लिए आयोजित रात्रिभोज में 'विशेष अतिथि' होंगे। चीन के शहर शेनझेन में ट्रंप का ध्यान व्यापार से जुड़े मुद्दों पर रहेगा। इसके बाद वह शी जिनपिंग और पुतिन के साथ बैठक करेंगे।

ट्रंप की विदेश नीति पर पड़ेगा असर?
ट्रंप को देश के अंदर कई मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। इनका असर विदेश नीति पर भी पड़ सकता है। उनकी ओर से लगाए गए आयात शुल्क (टैरिफ) और ईरान के साथ युद्ध को लेकर मतदाताओं में नाराजगी रही है।

आगे चलकर ट्रंप के लिए टैरिफ लगाने की धमकी देना या सैन्य हमले करना आसान नहीं होगा। ये दोनों उनकी विदेश नीति के बड़े हथियार रहे हैं। नए साल में अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स का बहुमत होगा। इससे ट्रंप की इन फैसलों को लागू करने की क्षमता सीमित हो सकती है।

जेन्सन से जुड़े मामले ने क्यों बढ़ाई ट्रंप की मुश्किल?
पिछले हफ्ते ट्रंप की एक और परेशानी सामने आई। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को बढ़ावा देने की उनकी कोशिश पर भी सवाल उठने लगे। एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कथित तौर पर चीनी सरकार के एक एजेंट के साथ संबंध होने की बात स्वीकार की थी। हालांकि, चीन ने इस मामले में अपनी भूमिका से इनकार किया है।

हुआंग मई में ट्रंप के साथ एयर फोर्स वन विमान से चीन गए थे। सितंबर में जब ट्रंप ने वाशिंगटन में शी जिनपिंग के सम्मान में रात्रिभोज दिया था, तब हुआंग और उनकी पत्नी मुख्य मेज पर बैठे थे। ट्रंप पहले कह चुके हैं कि अमेरिका को एआई के क्षेत्र में अपना नेतृत्व बनाए रखना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर इस प्रतिस्पर्धा में चीन आगे निकल गया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।

हालांकि, अमेरिकी प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक, ट्रंप इस मुद्दे पर शी जिनपिंग से टकराव नहीं चाहते। इन अधिकारियों ने पत्रकारों से बातचीत में अपनी पहचान गुप्त रखने की शर्त पर राष्ट्रपति की यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि एनवीडिया से जुड़ा मामला इस दौरे पर हावी होगा।

अमेरिकी प्रशासन ऐसे रास्ते बंद करने के उपाय तलाश रहा है, जिनका फायदा उठाकर चीनी कंपनियां एनवीडिया और दूसरी अमेरिकी कंपनियों की उन्नत चिप हासिल कर सकती हैं। हालांकि, अधिकारियों को उम्मीद नहीं है कि इन पाबंदियों के कारण चीन जवाबी कार्रवाई करेगा।

एलन मस्क भी ट्रंप के साथ क्यों जा रहे हैं?
इस दौरे में दिग्गज कारोबारी एलन मस्क भी ट्रंप के साथ होंगे। वह स्पेसएक्स और टेस्ला के प्रमुख हैं। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मस्क को ट्रंप का करीबी सलाहकार भी माना जाता है। मस्क ने कांग्रेस चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बहुमत दिलाने के लिए कम से कम 44.5 करोड़ डॉलर खर्च किए थे। अब डेमोक्रेट्स प्रशासन के साथ उनके संबंधों की जांच करना चाहते हैं।

विदेशी नेताओं के बीच रहना ट्रंप के लिए अपने देश में कमजोर पड़ते राजनीतिक समर्थन का सामना करने से आसान हो सकता है। लेकिन इस बार उनके विदेशी दौरों पर दिए गए बयान और लिए गए फैसले भी जांच के दायरे में रहेंगे। अमेरिका लौटने के बाद संसदीय समितियां उनसे इन पर सवाल कर सकती हैं। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति के वरिष्ठ डेमोक्रेट ग्रेगरी मीक्स ने कहा, हम इस पर कड़ी नजर रखेंगे।

परमाणु हथियारों पर बात करेंगे ट्रंप?
ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह शी जिनपिंग और पुतिन के साथ परमाणु हथियारों पर चर्चा करना चाहते हैं। हालांकि, चीन पहले भी इस मुद्दे पर बातचीत करने से बचता रहा है। चीन के पास अमेरिका और रूस के मुकाबले परमाणु हथियारों का भंडार काफी छोटा है। इसलिए उसके लिए इन हथियारों पर किसी तरह की सीमा मानने में कम दिलचस्पी हो सकती है।


ईरान और यूक्रेन युद्ध का ट्रंप के दौरे पर क्या असर होगा?
यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब ट्रंप ईरान के साथ युद्ध को लेकर मुश्किल स्थिति में हैं। इस युद्ध को अमेरिका में उनकी राजनीतिक लोकप्रियता घटने की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। इसका असर एशिया की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है। विमान ईंधन और डीजल की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। इससे क्षेत्र में आर्थिक अनिश्चितता बढ़ी है।

ट्रंप ने ईरान पर बड़े सैन्य हमले दोबारा शुरू करने की संभावना को कम करके दिखाने की कोशिश की है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि उन्हें बातचीत की जरूरत नहीं दिखती।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed