फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Finland Germany Politics Crime and Global events

World: तालिबान शासन को मान्यता देने वाला पहला देश बना रूस; फ्रांस में हड़ताल पर गए ATC, 400 उड़ानें रद्द

Fri, 04 Jul 2025 12:38 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 04 Jul 2025 12:38 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Finland Germany Politics Crime and Global events
वर्ल्ड अपडेट्स - फोटो : अमर उजाला

इंडोनेशियाई अधिकारियों ने पर्यटक द्वीप बाली के निकट नाव डूबने के बाद लापता हुए 30 लोगों की तलाश के लिए शुक्रवार को तलाशी अभियान तेज कर दिया। केएमपी टुनु प्रतामा जया बुधवार देर शाम पूर्वी जावा के केतापांग बंदरगाह से बाली के गिलिमानुक बंदरगाह के लिए लगभग पांच किलोमीटर की यात्रा पर निकलने के लगभग आधे घंटे बाद डूब गया। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के संचालन उप प्रमुख रिबुत एको सुयात्नो ने बताया कि दृश्यता संबंधी समस्याओं के कारण खोज एवं बचाव अभियान गुरुवार शाम को रोक दिया गया था। शुक्रवार सुबह पुलिस और सैनिकों सहित 160 से अधिक बचावकर्मियों के साथ इसे पुनः शुरू किया गया। बाली जलडमरूमध्य के ऊपर हवाई खोज के लिए तीन हेलीकॉप्टर और एक थर्मल ड्रोन तैनात किए गए, जबकि समुद्री खोज के लिए लगभग 20 जहाजों को लगाया गया। एजेंसी ने गुरुवार देर रात 29 जीवित बचे लोगों के नाम जारी किए और छह लोगों की मौत की पुष्टि की। इसने लापता लोगों के नाम जारी नहीं किए, लेकिन यात्री सूची के अनुसार 30 लोग लापता थे।

विज्ञापन


तालिबान शासन को मान्यता देने वाला पहला देश बना रूस
रूस ने तालिबान को प्रतिबंधित संगठनों की अपनी सूची से हटाने के बाद अफगानिस्तान में उसके शासन को औपचारिक मान्यता दे दी है। इसके साथ ही तालिबान के शासन को मान्यता देने वाला वह पहला देश बन गया है। रूस के विदेश मंत्रालय ने घोषणा की कि उसे अफगानिस्तान के नवनियुक्त राजदूत गुल हसन हसन से पहचान संबंधी आधिकारिक दस्तावेज प्राप्त हुए हैं। अफगानिस्तान के तालिबान शासन को अभी अमेरिका, चीन, यूरोप और मुस्लिम देशों समेत विश्व में कहीं मान्यता नहीं मिली है।
विज्ञापन


वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर फ्रांस में हड़ताल पर गए एयर ट्रैफिक कंट्रोलर, 400 उड़ानें रद्द, 70 हजार यात्री प्रभावित
फ्रांस में एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों की हड़ताल के कारण यूरोप के व्यस्ततम समर ट्रैवल सीजन के दौरान अराजकता फैल गई है। एयरलाइन रेयान एयर ने बताया कि हड़ताल के 400 से अधिक उड़ानें रद्द होने से 70,000 यात्री प्रभावित हुए हैं। शुक्रवार को पेरिस से आने-जाने वाली लगभग 40 प्रतिशत उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि कई उड़ानों में लंबी देरी हुई। हड़ताल का नेतृत्व कर रहे यूनियन यूएनएसए-आईसीएनए ने कहा कि बढ़ते एयर ट्रैफिक को संभालने के लिए कर्मचारी पर्याप्त नहीं हैं और मुद्रास्फीति के कारण वेतन का मूल्य घट रहा है। हड़ताल के कारण फ्रांस, यूरोप, उत्तरी अफ्रीका और अन्य गंतव्यों के लिए उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिससे हजारों यात्रियों की योजनाएं अधर में लटक गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


फ्रांस के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने विमानन कंपनियों को पेरिस के चार्ल्स डी गॉल, ओर्ली और ब्यूवे हवाई अड्डों पर 40 प्रतिशत, नीस में 50 प्रतिशत और मार्सिले, ल्योन समेत अन्य शहरों में 30 प्रतिशत उड़ानें रद्द करने का निर्देश दिया। प्राधिकरण ने चेतावनी दी कि देशभर के सभी हवाई अड्डों पर व्यवधान और लंबी देरी की संभावना है। यूनियनें यूरोपीय संघ से एयर ट्रैफिक नियमों में सुधार की मांग कर रही हैं। वे अपने काम पर अधिक कड़ी निगरानी रखने के उद्देश्य से लाए गए नए सुधार उपायों का भी विरोध कर रही हैं। निगरानी के नए नियम बोर्डो हवाई अड्डे पर हुई एक टकराव के निकट पहुंची एक घटना के बाद उठाया गया है।

रोम में पेट्रोल पंप में विस्फोट में नौ की मौत
पूर्वी रोम के एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को विस्फोट में 25 लोग घायल हो गए, जिनमें आठ पुलिसकर्मी और एक दमकलकर्मी शामिल है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इतालवी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी।  

यूएन ने सहायता ले रहे काफिलों के पास और सहायता केंद्र पर 600 से ज्यादा हत्याएं दर्ज कीं
संयुक्त राष्ट्र ने गाजा में मानवीय मदद ले जा रहे काफिलों के पास और अमेरिकी संगठन द्वारा संचालित मदद वितरण केंद्रों पर अब तक 613 लोगों की हत्याएं दर्ज की हैं। एसोसिएटेड प्रेस ने यह जानकारी दी। 

घुसपैठ की कोशिश कर रहे 30 आतंकी मार गिराए
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अफगानिस्तान से घुसपैठ की कोशिश करते समय कम से कम 30 आतंकी मारे गए। सैन्य मीडिया विंग ने कहा कि सुरक्षा बलों ने मंगलवार और बुधवार रात को उत्तरी वजीरिस्तान जिले के हसन खेल क्षेत्र में अफगान सीमा पार से घुसपैठ के प्रयासों को सफलतापूर्वक रोक दिया। सटीक और समय पर की गई कार्रवाई में पाकिस्तान में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे 30 आतंकवादी मारे गए। उनके पास से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए।

उत्तर कोरियाई युवक भारी सुरक्षा वाली सीमा पार कर दक्षिण कोरिया पहुंचा
दक्षिण कोरिया की सेना ने बताया कि एक अज्ञात उत्तर कोरियाई व्यक्ति दोनों कोरियाई देशों को अलग करने वाली भारी सुरक्षा वाली सीमा को पार कर गया। अब वह दक्षिण कोरिया की हिरासत में है। दक्षिण कोरिया के संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ ने कहा कि सेना ने गुरुवार रात सैन्य सीमांकन रेखा के मध्य-पश्चिमी भाग के पास व्यक्ति की पहचान की और उसका पता लगाया। युवक को हिरासत में लिया गया है। अधिकारी सीमा पार करने की घटना की जांच कर रहे हैं। 

मिसाइलों और हथियारों के लिए ट्रंप से चर्चा करेंगे यूक्रेनी राष्ट्रपति
रूस के साथ तीन साल से जारी जंग के बीच अमेरिका द्वारा हथियारों की खेप पर रोक लगाए जाने से यूक्रेन की मुसीबत बढ़ गई है। इसे देखते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत करेंगे। यह रोक जेलेंस्की के लिए बड़ा झटका है। अमेरिका के रक्षा मंत्रालय ने जिस तरह से हथियारों की एक बड़ी खेप को देने से रोका है, उसके बाद दोनों नेताओं के बीच आपूर्ति शुरू किए जाने को लेकर बड़ी चर्चा हो सकती है। बता दें, अमेरिका ने यह निर्णय तब लिया है, जब जून में रूस ने यूक्रेन पर रिकॉर्ड 5,337 ड्रोन दागे हैं। यह एक महीने में सबसे बड़ा हवाई हमला है। अमेरिका की इस स्टॉक चेक नीति के कारण यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल, स्टिंगर सिस्टम, हेलफायर मिसाइल, औरएफ-16 से छोड़ी जाने वाली एआईएम मिसाइलें नहीं मिलेंगी।

थलसेनाध्यक्ष के दौरे से मजबूत होेंगे भारत-भूटान रिश्ते
भारत के थलसेनाध्यक्ष (सीओएएस) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भूटान में भारतीय सैन्य प्रशिक्षण दल (आईएमटीआरएटी) का दौरा किया। यहां उन्हें भारत और शाही भूटान सेना के बीच घनिष्ठ सैन्य सहयोग को आगे बढ़ाने में आईएमटीआरएटी के अहम योगदान के बारे में बताया गया। अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (एडीजीपीआई) ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा करते हुए लिखा, आईएमटीआरएटी ने भारत और शाही भूटानी सेना के बीच सैन्य सहयोग को और मजबूती दी है। इस दौरे के दौरान जनरल द्विवेदी ने आईएमटीआरएटी में भारतीय और भूटानी सैनिकों से बातचीत की और उनके संयुक्त प्रशिक्षण व नेतृत्व विकास प्रयासों की सराहना की। एडीजीपीआई ने बताया कि आईएमटीआरएटी भारत का सबसे पुराना विदेशी मिशन है। जनरल द्विवेदी ने वांगचुक लो द्जोंग सैन्य अस्पताल और सैन्य स्कूल का भी दौरा किया। 

फिनलैंड में चाकूबाजी आतंकवाद-नस्लीय मामला नहीं
फिनलैंड के टैम्पेरे शहर में बृहस्पतिवार को एक मॉल के बाहर चाकू से हमला हुआ, जिसमें 4 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह हमला आतंकवादी या नस्लभेद से जुड़ा नहीं है। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है और कहा है कि अब लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है। हालांकि, हमलावर कौन था और उसने ऐसा क्यों किया, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, एक व्यक्ति को पकड़ा गया है। घायलों की हालत कैसी है, यह भी अभी साफ नहीं हो पाया है। फिनिश पब्लिक ब्रॉडकास्ट येल ने बताया कि मॉल के बाहर खून के धब्बे साफ करने के लिए कर्मचारियों ने प्रेशर वॉशर का इस्तेमाल किया। एक रेस्टोरेंट के बाहर खून का बड़ा धब्बा दिखाई दिया और मॉल से बहकर खून पास की सड़क तक पहुंच गया। घटना के बाद पुलिस ने शुरू में टैम्पेरे के रतिना शॉपिंग मॉल के सभी दरवाजे बंद कर दिए थे और किसी को अंदर या बाहर जाने नहीं दिया गया। लेकिन शाम को पुलिस ने बताया कि अब लॉकडाउन हटा दिया गया है और वे मौके से जा चुके हैं। 

जर्मन ट्रेन में यात्री ने हथौड़े से चार लोगों को मारा
दक्षिणी जर्मनी में एक लंबी दूरी की ट्रेन में एक व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को यात्रियों पर हथौड़े से हमला कर दिया। घटना में चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान तीन सीरियाई- एक 15 वर्षीय लड़का, 24 और 51 वर्षीय दो पुरुषों के रूप में हुई है। इसके अलावा चौथा पीड़ित 38 वर्ष का है, जिसकी राष्ट्रीयता अभी तक ज्ञात नहीं है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। जिसकी पहचान 20 वर्षीय सीरियाई नागरिक के रूप में हुई है। स्ट्रॉबिंग में पुलिस ने बताया कि यह हमला उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रेन उत्तरी जर्मनी के शहर हैम्बर्ग से ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना जा रही थी। ट्रेन बवेरिया राज्य के स्ट्रॉबिंग और प्लैटलिंग के बीच थी। पुलिस ने बताया कि हमले के समय ट्रेन में करीब 500 लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर करीब 150 पुलिस अधिकारी, अग्निशमन कर्मी और आपातकालीन कर्मचारी तैनात किए गए थे। रेलवे लाइन को बंद कर दिया गया है। हालांकि, पुलिस ने हमलावर के मकसद के बारे में जानकारी नहीं दी है। 

दक्षिण-पूर्वी रोम में गैस स्टेशन में विस्फोट 
दक्षिण-पूर्वी रोम में शुक्रवार तड़के एक गैस स्टेशन में विस्फोट हो गया। इस हादसे में आठ पुलिस अधिकारियों और एक अग्निशमनकर्मी सहित कम से कम नौ लोग घायल हो गए। रोमन पुलिस की प्रवक्ता एलिसाबेट्टा एकार्डो ने बताया कि विस्फोट सुबह करीब आठ बजे हुआ। उन्होंने कहा कि पहले विस्फोट के बाद कुछ चेन विस्फोट हुए।  जिसके बाद आनन-फानन में वहां राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि बचाव कार्य के लिए पहुंचे आठ पुलिसकर्मी भी झुलस गए। हालांकि उनकी स्थिति गंभीर नहीं है। 

अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता लुका कैरी ने बताया कि विस्फोट में एक अग्निशमनकर्मी भी घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर दस टीमें काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हम पुरे इलाके की जांच कर रहे हैं कि कहीं कोई घायल तो नहीं है या पास की इमारतों में कोई फंसा तो नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि विस्फोट का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है। 

 उत्तरपूर्वी जर्मनी में भीषण हादसा: बस पलटने से 23 लोग  घायल, एक की हालत गंभीर
उत्तरपूर्वी जर्मनी में एक बस पलट गई। इस हादसे में 23 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि हादसा तब हुआ जब फ्लिक्सबस द्वारा संचालित यह बस डेनमार्क से ऑस्ट्रिया जा रही थी। घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

फ्लिक्सबस ने बताया कि कोपेनहेगन से वियना जा रही बस में 53 यात्री और दो ड्राइवर सवार थे। इनमें से कुल 23 लोग घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आपातकालीन सेवाएं, अग्निशमन विभाग और बचाव हेलीकॉप्टर ने राहत कार्य शुरू किया। फ्लिक्सबस ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। साथ ही कहा है कि वह घटना के कारणों का पता लगाने के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।

पाकिस्तान में इमारत ढहने से सात की मौत, आठ घायल
पाकिस्तान के बंदरगाह शहर कराची में शुक्रवार को एक बहुमंजिला आवासीय इमारत ढह गई, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। 

'डॉन' अखबार ने पुलिस के हवाले से बताया कि यह इमारत शहर के लयारी के बगदादी इलाके में फिदा हुसैन शेख रोड पर स्थित है। इमारत में फंसे लोगों को बचाने के प्रयास जारी हैं। कराची के मेयर मुर्तजा वाहब सिद्दीकी ने एक्स पर लिखा, लयारी के बगदादी इलाके में पांच मंजिला एक इमारत ढह गई है। राहत और बचाव कार्य चल रहा है। 

सिद्दीकी ने बाद में घटनास्थल पर मीडिया को बताया कि सात शव बरामद किए गए हैं। यह पांच मंजिला इमारत 1974 में बनी थी और कराची के पुराने इलाकों में खतरे वाली इमारतों की सूची में शामिल थी। लयारी कराची का एक सबसे भीड़भाड़ वाला और कम आय वाला क्षेत्र है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed