World Updates: पाकिस्तान में सुरक्षाबलों की कार्रवाई में छह उग्रवादी ढेर, पेरिस जलवायु समझौते से हटेगा अमेरिका
पेन्सिलवेनिया के एक अपार्टमेंट में एक युवक ने गोलियां चलाईं। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों का पीछा किया। पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय रिकी शैनन ने पिकअप ट्रक से पुलिस पर गोलियां चलाईं। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई। इसके साथ ही ट्रक में 19 साल की युवती भी मिली। उसे भी गोली मार दी गई थी। पुलिस का कहना है कि 19 वर्षीय लड़की को किसने गोली मारी, इसकी जांच की जा रही है।
ट्रंप की टीम ने की वादों को पूरा करने की तैयारी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पेरिस जलवायु समझौते से हटने की तैयारी की है। इसके साथ ही खनन की अनुमति देने के लिए कुछ राष्ट्रीय स्मारकों का आकार भी छोटा करने के लिए आदेश और घोषणाओं को तैयार किया है। इसके अलावा ट्रंप एशिया और यूरोप के बड़े बाजारों में प्राकृतिक गैस के निर्यात की अनुमति पर लगी रोक को भी हटा सकते हैं।
इसके अलावा वह कैलिफोर्निया और अन्य राज्यों को सख्त प्रदूषण के मानक अपनाने की अनुमति देने वाली छूट को भी रद्द कर सकते हैं। ट्रंप की टीम के प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने बताया कि चुनावी नतीजों के बाद ट्रंप ने चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम शुरू कर दिया है।