फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Canada Indian Nepal Politics Crime and Global events

World: नेपाल के अन्नपूर्णा बेस कैंप पर फंसे 17 भारतीयों को बचाया; हमास ने बंधकों के अवशेषों के दो ताबूत सौंपे

Thu, 30 Oct 2025 10:57 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 30 Oct 2025 10:57 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Canada Indian Nepal Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

नेपाल के अन्नपूर्णा बेस कैंप से 17 फंसे भारतीय पर्यटकों को बचाया गया

विज्ञापन

नेपाल के अन्नपूर्णा बेस कैंप से 17 फंसे भारतीय पर्यटकों को बचाया गया है। सुरक्षाकर्मियों ने गुरुवार को 17 भारतीय पर्यटकों सहित 72 ट्रेकर्स को बचाया, जो लगातार बर्फबारी के कारण नेपाल के म्याग्दी स्थित अन्नपूर्णा बेस कैंप में फंसे हुए थे।

सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के सूत्रों के अनुसार अन्नपूर्णा बेस कैंप पहुंचने वाले सभी विदेशी पर्यटक भारतीय नागरिक थे। एपीएफ सूत्रों के अनुसार, धौलागिरी सर्किट ट्रेल, जिसे "हिडन वैली" के नाम से जाना जाता है, जो म्याग्दी और मस्तंग जिलों को जोड़ता है, वहां पर भारी बर्फबारी के कारण ट्रेकिंग मार्ग अवरुद्ध हो गए थे, जिसके बाद पर्यटक फंस गए थे।
विज्ञापन


पहाड़ी क्षेत्र में फंसे लोगों की सहायता के लिए मस्तंग से एक बचाव दल तैनात किया गया था। एपीएफ सूत्रों ने बताया कि उन्हें 4,190 मीटर की ऊँचाई से बचाकर सुरक्षित रूप से अन्नपूर्णा ग्रामीण नगर पालिका पहुंचाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


फलिस्तीनी उग्रवादियों ने गाजा में रेड क्रॉस को बंधकों के अवशेषों से भरे दो ताबूत सौंपे

इस्राइली सेना ने गुरुवार को बताया कि फलिस्तीनी उग्रवादियों ने गाजा में रेड क्रॉस को मृत बंधकों के अवशेषों से भरे दो ताबूत सौंपे। संघर्ष विराम की शुरुआत के बाद से उग्रवादियों ने 15 बंधकों के अवशेष लौटा दिए हैं, और 13 और बंधकों के अवशेष अभी बरामद होने बाकी हैं।

10 अक्टूबर से शुरू हुए इस युद्ध विराम का उद्देश्य इस्रलाइ और हमास उग्रवादी समूह के बीच अब तक लड़े गए सबसे घातक और विनाशकारी युद्ध को समाप्त करना है।

पाकिस्तान में सीमा पार से आतंकवाद की अनुमति नहीं: मुनीर

पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने गुरुवार को कहा कि उनका देश सभी पड़ोसियों के साथ शांति चाहता है, लेकिन सीमा पार आतंकवाद की अनुमति नहीं देगा। मुनीर ने पेशावर में कबायली बुजुर्गों की जिरगा (परिषद) के साथ एक संवाद सत्र के दौरान यह टिप्पणी की।

उन्हें 11वीं कोर मुख्यालय में मौजूदा सुरक्षा माहौल, परिचालन तैयारियों और पाकिस्तान-अफगान सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए चल रहे आतंकवाद-रोधी प्रयासों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

सेना के एक बयान के अनुसार मुनीर ने पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच हालिया गतिरोध के दौरान सुरक्षा बलों को कबायली लोगों द्वारा दिए गए दृढ़ और बिना शर्त समर्थन की सराहना की। मुनीर ने कहा, "पाकिस्तान अफगानिस्तान समेत सभी पड़ोसियों के साथ शांति चाहता है, लेकिन अफगाग़ानिस्तान की धरती से पाकिस्तान के खिलाफ सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।"
 

रूस का यूक्रेन के पावर ग्रिड पर फिर से हमला, पूरे देश की बिजली गुल


यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर रूस की ओर से लगातार किए जा रहे बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमलों के बीच नए हमले के बाद गुरुवार (30 अक्तूबर) को देश के सभी क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। यूक्रेनी प्रधानमंत्री ने मास्को की इस रणनीति को "सुनियोजित ऊर्जा आतंक" बताया।

अधिकारियों के अनुसार इन हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए, जिनमें 2 से 16 साल के बच्चे भी शामिल हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने इस हमले में 650 से ज़्यादा ड्रोन और कई प्रकार की 50 से ज्यादा मिसाइलें दागीं।
 

पोर्टलैंड में नेशनल गार्ड तैनाती मामला: ट्रंप के आदेश पर विवाद, संघीय मुकदमे की सुनवाई शुरू
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओरेगन के पोर्टलैंड में नेशनल गार्ड की तैनाती का फरमान सुनाया है। इस आदेश के अधिकार को लेकर एक संघीय मुकदमे की सुनवाई जिला न्यायाधीश करिन इमर्गट की कोर्ट में हो रही है। सुनवाई की शुरुआत में पुलिस कमांडर फ्रांज शोएनिंग ने बताया कि अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) भवन पर तैनात संघीय एजेंटों ने बार-बार अहिंसक प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस छोड़े। उन्होंने कहा कि संघीय अधिकारियों की कार्रवाई “चौंकाने वाली” थी और राज्य तथा संघीय कानून इस तरह म्यूनिशन के इस्तेमाल की अनुमति नहीं देते। शोएनिंग ने बताया कि शहर के पुलिस अधिकारी भी इस दौरान आंसू गैस से प्रभावित हुए और पीछे हटने को मजबूर हुए। उन्होंने गवाही में कहा कि 18 अक्टूबर के प्रदर्शन में एक संघीय एजेंट द्वारा छोड़ा गया गैस गोला इमारत की छत पर जा गिरा, जिससे अन्य एजेंटों ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी, जबकि भीड़ में हिंसा के कोई संकेत नहीं थे। गौरतलब है कि जिला जज करिन इमर्गट ने पहले दो बार अस्थायी आदेश जारी कर ट्रंप को सैनिक भेजने से रोक दिया था। उन्होंने अपने आदेश में कहा था कि राष्ट्रपति ने घरेलू सैन्य तैनाती की शर्तें पूरी नहीं कीं। अब नौवें सर्किट कोर्ट की 11-सदस्यीय पीठ इस मामले की दोबारा सुनवाई करेगी। यह भी रोचक है कि डेमोक्रेट खेमे के दबदबे वाले शहर- शिकागो ने भी ट्रंप की इस नीति का विरोध किया है।

रूस ने परमाणु क्षमता संपन्न पोसीडॉन अंडरवाटर ड्रोन का परीक्षण किया
रूस ने अपने अत्याधुनिक परमाणु-सक्षम ड्रोन पोसीडॉन (Poseidon) का सफल परीक्षण किया है। इस अंडर वाटर ड्रोन के परीक्षण की घोषणा खुदद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने की। बुधवार को मॉस्को के एक सैन्य अस्पताल में पुतिन ने कहा, मंगलवार को हुए परीक्षण में पहली बार ड्रोन को पनडुब्बी से इसके बूस्टर इंजन के जरिए लॉन्च किया गया और इसके परमाणु ऊर्जा यूनिट को सक्रिय किया गया। इसकी मदद से ड्रोन को कुछ समय तक ऊर्जा मिलती रही। पुतिन ने इसे 'बहुत बड़ी सफलता' बताया और कहा कि इसकी गति और गहराई के मामले में दुनिया में इसका कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इसे रोकने का कोई तरीका मौजूद नहीं है।

रूसी मीडिया के अनुसार, 2018 में पहली बार प्रदर्शित किया गया पोसीडॉन गहरे समुद्र में चलने वाला मानवरहित ड्रोन / यंत्र है। इसमें परमाणु प्रणोदन प्रणाली लगी है। इस कारण यह लगभग असीमित दूरी तय करने की क्षमता से लैस है। लगभग 20 मीटर लंबा, 100 टन वजनी ड्रोन 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकता है और 1,000 मीटर से अधिक गहराई तक गोता भी लगा सकता है।

नीदरलैंड्स आम चुनाव में मतदान समाप्त, दोनों खेमों के बीच कड़ा मुकाबला

यूरोपीय देश नीदरलैंड्स के आम चुनाव में मतदान समाप्त हो चुके हैं। वोटिंग के बाद बुधवार को जारी एग्जिट पोल के नतीजों से मिले संकेत के मुताबिक दोनों खेमों के बीच बेहद कड़ा मुकाबला हो रहा है। देश के इस संसदीय चुनाव में 150 सीटों पर मुकाबला हो रहा है। इसमें 27 पार्टियों के कुल 1,166 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। सेंटर-लेफ्ट पार्टी डी66 को बढ़त मिलने के आसार हैं। दक्षिणपंथी और इस्लाम-विरोधी रुख रखने वाले गीर्ट विल्डर्स की पार्टी- पार्टी फॉर फ्रीडम दूसरे स्थान पर बताई जा रही है। देश के राष्ट्रीय प्रसारक- एनओएस की तरफ से जारी एग्जिट पोल के अनुसार, डी66 को 27 सीटें मिलने का अनुमान है। यानी 2023 के मुकाबले पार्टी के खाते में 18 सीटें अधिक आ सकती हैं। विल्डर्स की पार्टी को 12 सीटों का नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, इस स्थिति में भी उसकी झोली में 25 सीटें आने की संभावना है। ये अनुमान 65 मतदान केंद्रों और लगभग 80,000 मतदाताओं के बीच सर्वेक्षण पर आधारित है। गौरतलब है कि 2023 के चुनाव में विल्डर्स की पार्टी ने 150 सदस्यीय प्रतिनिधि सदन में 37 सीटें जीतकर बड़ी सफलता हासिल की थी। बाद में गठबंधन सरकार गिरने के बाद उसका जनसमर्थन घटा। इस बार के चुनाव अभियान में प्रवासन नियंत्रण और किफायती आवास जैसी चिंताएं प्रमुख रहीं। नीदरलैंड्स में सरकार गठबंधन के सहारे गठित होना सामान्य माना जाता है। हालांकि, इस बार मुख्यधारा की पार्टियों ने संकेत दिया है कि वे विल्डर्स के साथ दोबारा गठबंधन करने में रुचि नहीं रखतीं। वहीं, सेंटर-लेफ्ट पार्टी के एक नेता फ्रांस टिम्मरमैन्स ने उम्मीद जताई कि उनकी पार्टी दक्षिणपंथी सरकार बनने से रोकने में सफल रहेगी।

पाकिस्तान: आईईडी हमले में एक कैप्टन समेत छह सैनिक मारे गए


पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को सुरक्षा बलों के काफिले पर हुए आईईडी हमले में एक कैप्टन समेत छह सैनिक मारे गए। सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर के अनुसार, यह हमला अफगानिस्तान सीमा से सटे कुर्रम जिले के सुल्तानी क्षेत्र में हुआ। आतंकवादियों ने काफिले पर गोलीबारी की, जिसके बाद गोलीबारी के दौरान डोगर के पास आईईडी विस्फोट हुआ, जिससे भारी जनहानि हुई। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जवाबी कार्रवाई में सात आतंकवादी मारे गए। हाल के महीनों में पाकिस्तान में आतंकवादी हमलों में तेजी आई है, खासकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में, जहां पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया जा रहा है। यह बढ़ोतरी 2022 में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान द्वारा सरकार के साथ युद्धविराम तोड़ने के बाद देखी जा रही है। रविवार को भी सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान से दो घुसपैठ की कोशिशें नाकाम की थीं, जिसमें 25 आतंकवादी मारे गए।

पाकिस्तान: सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान प्रांत में 18 आतंकवादियों को मार गिराया
पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने अशांत बलूचिस्तान प्रांत में दो अलग-अलग खुफिया आधारित अभियानों में 18 आतंकवादियों को मार गिराया। सेना गुरुवार को यह जानकारी दी। 

सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआऱ) ने बयान में कहा कि बुधवार रात क्वेटा जिले की चिल्टान पर्वत श्रृंखला और केच जिले के बुलेदा में दो अलग-अलग खुफिया आधारित अभियान चलाए गए। बयान के अनुसार, आतंकवादियों ने अपने ठिकानों पर सुरक्षा बलों से मुठभेड़ की। बयान में कहा गया, तेज गोलीबारी के बाद चिल्टान में 14 और केच में चार आतंकवादी मारे गए। मारे गए आतंकवादियों से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए।
 

फ्लोरिडा के विश्वविद्यालयों में एच-1बी वीजा पर नियुक्तियां समाप्त होंगी, गवर्नर डेसेंटिस का फरमान


अमेरिका में एच-1बी वीजा का मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है। ताजा घटनाक्रम में फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने कहा है कि उनके राज्य में जितने भी विश्वविद्यालय हैं, वे अपने पदों पर नौकरियों के लिए अमेरिकियों को नियुक्त करें। गवर्नर के फरमान के मुताबिक कार्य वीजा पर विदेशी श्रमिकों को नहीं रखा जाएगा। उन्होंने कहा, 'देश भर के विश्वविद्यालय नौकरी करने के लिए उपलब्ध  योग्य अमेरिकियों को नियुक्त करने के बजाय एच-1बी वीजा पर विदेशी श्रमिकों को आयात कर रहे हैं। हम फ्लोरिडा के संस्थानों में एच-1बी वीजा का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसीलिए मैंने फ्लोरिडा बोर्ड ऑफ गवर्नर्स को इस प्रथा को समाप्त करने का निर्देश दिया है।'

सिंगापुर का भारतीयों के लिए खास पर्यटन अभियान


सिंगापुर पर्यटन बोर्ड (एसटीबी) ने गुरुवार को बताया कि जनवरी से सितंबर तक सिंगापुर में 9,23,211 भारतीय पर्यटक आए, जो 3 प्रतिशत की वृद्धि है। सिंगापुर पर्यटन बोर्ड इस साल भारत के साथ राजनयिक संबंधों के 60 वर्ष पूरे होने का जश्न "जस्ट बिटवीन अस फ्रेंड्स" नाम का पर्यटन अभियान के साथ मना रहा है।

एसटीबी के एक प्रवक्ता ने कहा, "भारत से पर्यटकों को आकर्षित करने के लिएहमने कई मार्केटिंग साझेदारियां की हैं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई बिक्री प्रचार अभियान शुरू किए हैं और भारतीय यात्रियों को आकर्षक पैकेज प्रदान किए हैं।" यह द्वीपीय राज्य अपने साल के अंत के उत्सवों की शुरुआत कर रहा है, जो क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए तैयार हैं।

विवादित चुनाव के बाद तंजानिया में विरोध प्रदर्शन


विवादित चुनाव के बाद गुरुवार को तंजानिया में सैकड़ों प्रदर्शनकारी दूसरे दिन भी सड़कों पर उतरे, जबकि एमनेस्टी इंटरनेशनल ने बताया कि दो लोगों की मौत हो गई। बुधवार को विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद सरकार ने इंटरनेट बंद कर दिया, कर्फ्यू लगा दिया और सड़कों पर सेना तैनात कर दी।

सत्तारूढ़ चामा चा मापिन्दुजी या सीसीएम पार्टी, जो 1961 में आजादी के बाद से सत्ता में है, ने बुधवार के चुनाव में अपना शासन बढ़ाने की कोशिश की, जिसमें दो मुख्य विपक्षी दलों के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया। वर्तमान राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन का सामना छोटे दलों के 16 अन्य उम्मीदवारों से था, जिन्होंने मुश्किल से ही प्रचार किया।

चुनावी निकाय ने गुरुवार को सरकारी टेलीविजन के माध्यम से घोषणा की है कि राष्ट्रपति हसन ने शुरुआती बढ़त बना ली है और गुरुवार सुबह 272 निर्वाचन क्षेत्रों में से 8 में 96.99 प्रतिशत वोट हासिल किए हैं। यूरोपीय संसद के सांसदों ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि तंजानिया में चुनाव "न तो स्वतंत्र थे और न ही निष्पक्ष" और उन्होंने लोकतांत्रिक सहयोगियों से "लोकतंत्र और मानवाधिकारों की रक्षा में दृढ़ रहने" का आग्रह किया।

ग्रीक एयरलाइन दिसंबर से बगदाद के लिए सीधी उड़ानें शुरू करेगी



ग्रीस की एक एयरलाइन साल के अंत से पहले यूरोपीय संघ के देश बगदाद के लिए सीधी उड़ानें शुरू करेगी, यह घोषणा गुरुवार को इराक की यात्रा के दौरान ग्रीक विदेश मंत्री ने की।

जियोर्गोस गेरापेट्रिटिस ने कहा कि ग्रीक एयरलाइन एजियन एयरलाइंस 16 दिसंबर को एथेंस से बगदाद के लिए अपनी पहली उड़ान संचालित करेगी। वर्तमान में कोई अन्य यूरोपीय एयरलाइन इराकी राजधानी के लिए सीधी उड़ानें संचालित नहीं कर रही है। गेरापेट्रिटिस ने अपने इराकी समकक्ष के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मुझे लगता है कि इससे हमारे लोगों के आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को काफ़ी बढ़ावा मिलेगा।"

रूस: पुतिन ने घेरे में फंसे यूक्रेनी सैनिकों तक विदेशी मीडिया की पहुंच सुनिश्चित करने का दिया आदेश


रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रक्षा मंत्रालय को आदेश दिया है कि वह तीन क्षेत्रों में घिरे यूक्रेनी सैनिकों की वास्तविक स्थिति को कवर करने के लिए विदेशी मीडिया को सुरक्षित पहुंच प्रदान करे।

रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक समाचार एजेंसियों टीएएसएस और आरआईए नोवोस्ती द्वारा जारी एक बयान में कहा, "रूसी रक्षा मंत्रालय को रूसी संघ के सुप्रीम कमांडर-इन-चीफ से एक आदेश मिला है कि वह यूक्रेनी पत्रकारों सहित विदेशी पत्रकारों के लिए निर्बाध मार्ग सुनिश्चित करे, जो यूक्रेनी सशस्त्र बल कमान से उन क्षेत्रों का दौरा करने के लिए पहुंच का अनुरोध करते हैं, जहां यूक्रेनी सैनिक क्रास्नोअर्मेस्क, दिमित्रोव और कुपियांस्क में घिरे हुए हैं।"

बयान में कहा गया है, "यदि आवश्यक हो तो रूसी कमान इन क्षेत्रों में 5-6 घंटे के लिए युद्धविराम करने, यूक्रेनी मीडिया प्रतिनिधियों सहित विदेशी मीडिया प्रतिनिधियों के समूहों के लिए बेरोक प्रवेश और निकास गलियारे उपलब्ध कराने के लिए तैयार है, बशर्ते पत्रकारों और रूसी सैन्य कर्मियों दोनों के लिए सुरक्षा गारंटी हो।"

चीन इस सीजन में खरीदेगा 1.20 करोड़ मीट्रिक टन अमेरिकी सोयाबीन

अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के अनुसार, चीन ने इस सीजन (जनवरी तक) में 1.20 करोड़ मीट्रिक टन अमेरिकी सोयाबीन खरीदने पर सहमति जताई है। यह पिछले सीजन के 2.25 करोड़ टन से कम है, लेकिन व्यापार युद्ध के बाद यह महत्वपूर्ण कदम है।

बेसेंट ने बताया कि बड़े व्यापार समझौते के तहत चीन अगले तीन वर्षों के लिए सालाना 2.50 करोड़ टन सोयाबीन खरीदने के लिए भी तैयार है, जो सामान्य व्यापार स्तर की वापसी जैसा होगा। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि यह समझौता व्यापार को सामान्य स्थिति में लौटाता है, लेकिन कुछ खरीदार अब भी 20% टैरिफ कम होने का इंतजार कर रहे हैं। इस खबर के बाद शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड पर सोयाबीन के दामों में 0.9% की वृद्धि हुई। व्यापार युद्ध के कारण अमेरिकी किसानों को अरबों डॉलर का नुकसान हुआ था, जिसके बाद चीन ने सोयाबीन के लिए अन्य देशों से खरीदारी बढ़ा दी थी।

टीपू सुल्तान की पिस्तौल 12.82 करोड़ रुपये में नीलाम
लंदन में सोथबी की आर्ट्स ऑफ द इस्लामिक वर्ल्ड एंड इंडिया नीलामी में टीपू सुल्तान की पिस्तौलों की जोड़ी और महाराजा रणजीत सिंह की एक पेंटिंग ने नीलामी का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बुधवार को हुई इस नीलामी में कुल 1 अरब 2 करोड़ 80 लाख रुपये की कमाई हुई, जिसमें दोनों ऐतिहासिक भारतीय वस्तुओं ने अपनी अनुमानित कीमतों को कहीं पीछे छोड़ दिया।

18वीं सदी के मैसूर के शासक टीपू सुल्तान के लिए खास तौर पर बनी चांदी जड़ी दो फ्लिंटलॉक पिस्तौलें अनुमानित मूल्य से 14 गुना अधिक कीमत पर 12.82 करोड़ रुपये में निजी संग्राहक को बेची गईं। टीपू सुल्तान की ये पिस्तौलें 1799 में ईस्ट इंडिया कंपनी की ओर से सेरिंगापटम की घेराबंदी के बाद ब्रिटेन ले जाई गई थीं। वहीं, महाराजा रणजीत की एक जुलूस को दर्शाती पेंटिंग ने सिख कला के लिए नया रिकॉर्ड बनाया। कलाकार बिशन सिंह की चित्रित 19वीं सदी के सिख साम्राज्य के संस्थापक की यह पेंटिंग एक संस्था ने 11.10 करोड़ रुपये में खरीदी गई। इस चित्र में महाराजा रणजीत को हाथी पर सवार होकर लाहौर के एक बाजार से गुजरते हुए दिखाया गया है, जिसमें उनका भव्य दरबारी दल भी साथ है। इसके अलावा मुगल सम्राट अकबर की लाइब्रेरी से मिली 16वीं सदी की एक दुर्लभ कुरान की पांडुलिपि 10.6 करोड़ रुपये में बिकी। नीलामी में 25 देशों के खरीदारों ने भाग लिया, जिनमें भारत के बोली लगाने वाले भी शामिल थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed