फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Baloch Army Politics Crime and Global events

World: यूरोप के साथ रिश्ते मजबूत करेगा कनाडा; हंगरी में एलबीजीटीक्यू+ समुदाय के खिलाफ विधेयक पेश

Tue, 18 Mar 2025 09:03 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 18 Mar 2025 09:03 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Baloch Army Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी सोमवार को पेरिस और लंदन के दौरे पर रवाना हुए। कनाडा के प्रधानमंत्री का यह दौरा कनाडा के यूरोपीय देशों के साथ रिश्तों को मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है। मार्क कॉर्नी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब कनाडा और अमेरिका के रिश्तों में तनाव चल रहा है। मार्क कार्नी ने शुक्रवार को अपने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कहा कि कनाडा का आधार तीन लोग हैं, जिनमें फ्रेंच, इंग्लिश और मूल निवासी शामिल हैं। कनाडा आधारभूत रूप से अमेरिका से अलग है और यह कभी भी अमेरिका का हिस्सा नहीं बनेगा। अब मार्क कार्नी के लंदन और पेरिस के दौरे को भी फ्रांस और ब्रिटेन के साथ संबंधों को मजबूत करने के तौर पर देखा जा रहा है। 
विज्ञापन


हंगरी में एलबीजीटीक्यू+ समुदाय के खिलाफ विधेयक पेश
हंगरी के सत्तारूढ़ गठबंधन ने सोमवार को एलबीजीटीक्यू+ समुदाय के खिलाफ विधेयक पेश किया। इससे लोकप्रिय बुडापेस्ट प्राइड कार्यक्रम पर प्रतिबंध लग जाएगा। साथ ही अधिकारियों को चेहरे की पहचान करने वाले सॉफ्टवेयर का उपयोग करने की अनुमति मिलेगी। विधेयक का पारित होना लगभग तय है, क्योंकि सत्तारूढ़ गठबंधन के पास संसद में दो-तिहाई बहुमत है। यह विधेयक हंगरी के विवादास्पद बाल संरक्षण कानून का उल्लंघन करने वाले कार्यक्रमों को आयोजित करने या उनमें भाग लेने को अपराध बना देगा। विधेयक पारित होने के बाद प्रतिबंधित कार्यक्रम में भाग लेने पर 2,00,000 हंगेरियन फ़ोरिंट (546 अमेरिकी डॉलर) तक का जुर्माना लगेगा। यह प्रस्ताव प्रधान मंत्री विक्टर ओरबान द्वारा एलजीबीटीक्यू+ लोगों के खिलाफ उठाया गया नया कदम है। 
विज्ञापन


इस्राइल में होली-पुरीम त्योहार पर धूमधाम, सांस्कृतिक समानताओं का जश्न
भारत के बाद अब होली की धूम इस्राइल में भी देखी गई। इस्राइल के जाफा पोर्ट पर तेल अवीव नगरपालिका के सहयोग से भारतीय मिशन ने एक कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें तीन हजार से अधिक इस्राइली और भारतीयों ने होली और यहूदी त्योहार पुरीम धूमधाम से मनाया। दोनों त्योहारों को मनाने के लिए आयोजित 'इंडिया एट जाफा पोर्ट' समारोह में नृत्य, शास्त्रीय संगीत, भारतीय परिधान, मेंहदी, आभूषण और भारतीय व्यंजन सहित भारतीय संस्कृति का जीवंत चित्रण किया गया। बता दें कि होली और यहूदी त्योहार पुरीम हर साल एक ही दिन अथवा एक-दो दिन के अंतराल पर होते हैं। दोनों त्योहारों में कई समानताएं भी हैं। भारतीय मिशन के उप प्रमुख राजीव बोडवाडे ने कहा, दोनों देश चंद्र कैलेंडर का पालन करते हैं। यह हमारे बीच सांस्कृतिक समानताओं के कई उदाहरणों में से एक है। भारत और इजराइल अपनी समानताओं का जश्न मनाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

सीरिया के तटीय शहर लताकिया में धमाका,  16 लोगों की मौत
सीरिया के तटीय शहर लताकिया में हुए एक विस्फोट में 16 लोगों की मौत हो गई। देश की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक धमाके के बाद एक इमारत ढह गई, जिसमें 16 लोग मारे गए, जबकि 18 घायल हुए। व्हाइट हेल्मेट्स के नाम से मशहूर पैरामेडिक समूह ने बताया कि मलबे के नीचे से 16 शव बरामद किए गए मृतकों में पांच महिलाएं और पांच बच्चे शामिल थे।

एक महीने से अधिक समय बाद वेटिकन ने पोप की पहली तस्वीर जारी की
वेटिकन ने रविवार को एक महीने से ज़्यादा समय बाद पोप की पहली तस्वीर जारी की। फोटो में फ्रांसिस अस्पताल के चैपल में सामूहिक प्रार्थना करते हुए नज़र आ रहे हैं। तस्वीर पीछे से ली गई है। पोप फ्रांसिस बैंगनी रंग का स्टोल पहने हुए एक वेदी के सामने व्हीलचेयर पर बैठे दिख रहे हैं। वेटिकन ने कहा, वे अन्य पादरियों के साथ सामूहिक प्रार्थना समारोह में भाग लेने गए थे। फोटो में कोई और दिखाई नहीं दे रहा है। पोप की पहली तस्वीर है, जब उन्हें 14 फरवरी को ब्रोंकाइटिस की गंभीर बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

चीन ने पाकिस्तान को सौंपी एक और पनडुब्बी
चीन ने पाकिस्तान को एक और अत्याधुनिक पनडुब्बी सौंपी है। इसमें उन्नत हथियार व सेंसर लगे हुए हैं। चीन पाकिस्तान की नौसैन्य ताकत बढ़ाकर अरब सागर व हिंद सागर में दबदबा बढ़ाना चाहता है। उसने हंगोर श्रेणी की पनडुब्बी को वुहान शहर में लॉन्च किया। इसी श्रेणी की एक पनडुब्बी पहले ही वह पाकिस्तान को दे चुका है।

पाकिस्तान में लश्कर-ए-इस्लाम का आतंकी शाकिर मारा गया
पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर-ए-इस्लाम का संस्थापक मुफ्ती मुनीर शाकिर शनिवार को एक बम धमाके में मारा गया, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस  ने बताया कि धमाका पेशावर के बाहरी क्षेत्र उरमुर में हुआ। इसे इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के जरिये अंजाम दिया गया। घायल शाकिर को लेडी रीडिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हमला शाकिर को निशाना बनाकर किया गया था। वहीं, अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, खैबर पख्तूनख्वा के मोहम्मद व डेरा इस्माइल में छापे के दौरान दो पाकिस्तानी सैनिक व नौ लड़ाके मारे गए।

सोनिक हथियार इस्तेमाल करने के आरोपों से सर्बियाई सरकार का इनकार

सर्बियाई अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों पर सैन्य स्तर के सोनिक हथियार के इस्तेमाल से इनकार किया है। दरअसल सर्बिया में शनिवार को राजधानी बेलग्रेड में लाखों की संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे, जो रेल हादसे को लेकर सर्बिया के राष्ट्रपति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। विपक्षी नेताओं और मानवाधिकार संगठनों ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने सैन्य स्तर के सोनिक हथियार का इस्तेमाल किया। इस हथियार के इस्तेमाल से लोगों की सुनने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि वे इसकी शिकायत यूरोप की मानवाधिकार अदालत में करेंगे। हालांकि अब सरकार के शीर्ष अधिकारियों ने इन आरोपों से इनकार किया है। 

खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमलों में तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पांच आतंकी हमलों में तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। देर रात पांच अलग-अलग आतंकवादी हमलों के बारे में पुलिस ने बताया कि पेशावर और करक जिलों में अलग-अलग जगहों पर हिंसा की घटनाएं हुईं। करक जिले के तख्त नुसरती व खुर्रम मुहम्मद थानों और कुर्रम में ऐसिक खुमारी गैस फील्ड में हुए आतंकवादी हमलों में ‘फ्रंटियर कोर’ (एफसी) के एक जवान और पुलिस के एक अधिकारी की मौत हो गई। वारदातों में कई सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। करक के डीपीओ शाहबाज इलाही ने बताया कि आतंकियों ने भारी हथियारों का इस्तेमाल करते हुए खुर्रम थाने और तख्त नुसरती थाने पर हमले का प्रयास किया, लेकिन उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया गया।
 

एम23 विद्रोही समूह से बात करेगी कांगो सरकार
कांगो की सरकार मंगलवार को रवांडा समर्थित एम23 विद्रोही समूह के साथ अंगोला में शांति वार्ता में भाग लेगी। कांगो का एक प्रतिनिधिमंडल वर्तमान में वार्ता के लिए अंगोलन की राजधानी लुआंडा में है। एम23 ने भी लुआंडा में एक प्रतिनिधिमंडल भेजा है। पूर्वी कांगो में संघर्ष जनवरी में बढ़ गया जब रवांडा समर्थित विद्रोहियों ने गोमा शहर पर कब्जा कर लिया। कांगो और रवांडा के बीच शांति वार्ता दिसंबर में रद्द कर दी गई थी। जब रवांडा ने शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए कांगो और एम23 विद्रोहियों के बीच सीधी बातचीत की शर्त रखी थी। जिसे कांगो ने अस्वीकार कर दिया था। 

बलूचिस्तान में एसएचओ के घर पर ग्रेनेड से हमला, 5 घायल
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सोमवार को एक थाना प्रभारी (एसएचओ) कादिर शेख के घर पर ग्रेनेड से हमला किया गया। इसमें पांच लोग घायल हो गए। घायलों में चार बच्चे और एसएचओ के पिता शामिल हैं। खुजदार जिले में शेख के निवास पर अज्ञात बंदूकधारियों ने हथगोला फेंका। पुलिस के अनुसार घटना के बाद शेख के पिता को इलाज के लिए कराची ले जाया गया, जबकि चार बच्चों का स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसएसपी जावेद जेहरी ने बताया कि हमले की जांच की जा रही है।
 

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने ग्रीक और तुर्किये के नेताओं से की बात
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मंगलवार को जेनेवा में ग्रीक और तुर्किये के नेताओं से बात की। ग्रीक साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स और तुर्किये साइप्रस के नेता एर्सिन तातार के साथ ब्रिटेन, ग्रीस और तुर्किये के शीर्ष राजनयिकों ने साइप्रस पर विभाजन के पांच दशक से अधिक समय बाद समझौता करने के लिए संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में नवीनतम प्रयास में भाग लिया। भूमध्यसागरीय द्वीप तब विभाजित हो गया था जब 1974 में ग्रीस के साथ संघ के समर्थकों द्वारा असफल तख्तापलट के बाद तुर्किये ने उत्तरी भाग पर आक्रमण किया था। केवल तुर्किये ने तुर्की साइप्रस की स्वतंत्रता की घोषणा को मान्यता दी है। 

 

विदेशी मुद्रा की तस्करी करते नेपाली युवक गिरफ्तार
नेपाल पुलिस ने चीन में अवैध विदेशी मुद्रा की तस्करी करते एक नेपाली व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। साथ ही ट्रक से भारी मात्रा में यूएसडी और यूरो जब्त किए हैं। नेपाल पुलिस ने कहा कि काठमांडू घाटी अपराध जांच कार्यालय से भेजी गई पुलिस की एक विशेष टीम ने सोमवार रात काठमांडू से लगभग 20 किलोमीटर दूर तोखा नगर पालिका में एक सुरक्षा जांच के दौरान 25 करोड़ नेपाली रुपये (1,804,947 अमेरिकी डॉलर) बरामद किए और ट्रक के चालक कुसांग लामा उर्फ फुच्चे को गिरफ्तार किया। ट्रक अवैध विदेशी मुद्रा नोटों के साथ नेपाल-तिब्बत सीमा के पास रसुवा जिले की ओर जा रहा था। पुलिस अधीक्षक (एसपी) काजी कुमार आचार्य ने कहा कि उन्होंने ड्राइवर की सीट के पास एक केबिन से विदेशी मुद्रा नोट बरामद किए। पुलिस जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed