Update: न्यू जर्सी में दिखे ड्रोन से कोई खतरा नहीं, पेंटागन की सफाई; सीरिया में इस्राइली घुसपैठ रोकने की मांग
अमेरिका के न्यू जर्सी में ड्रोन देखे जाने के बाद अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने किसी भी सुरक्षा खतरे से इन्कार किया है। पेंटागन के प्रवक्ता ने कहा कि इससे राष्ट्र की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। कोई भी ड्रोन अमेरिका का नहीं है। हाल ही में न्यू जर्सी और पूर्वी तट के कुछ भागों में ड्रोन देखे गए हैं। इसे लेकर पेंटागन के प्रेस सचिव मेजर जनरल पैट राइडर ने कहा कि न्यू जर्सी में उड़ रहे ड्रोन रक्षा विभाग के नहीं हैं। वे व्यावसायिक ड्रोन हैं। यह मनोरंजन और शौकिया तौर पर उड़ाए जा रहे हैं। इनके किसी भी राष्ट्र की सुरक्षा से खिलवाड़ मामलों में लिप्त होने की संभावना नहीं है। अगर इनसे कोई खतरा पैदा होगा तो उचित कार्रवाई की जाएगी। जब तक ड्रोन प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में प्रवेश नहीं करते हैं, तब तक कोई नुकसान नहीं है।
सीरिया के इस्लामी समूह ने किया इस्राइली घुसपैठ रोकने का आह्वान
सीरिया के इस्लामी समूह हयात तहरीर अल शाम के सैन्य प्रमुख ने अंतरराष्ट्रीय समूह से आह्वान किया है कि वे इस्राइल के हमलों और घुसपैठ को रोकने का समाधान ढूंढे। समूह के अबू कसरा (अबू हसन अल हमावी) ने कहा कि हम सैन्य स्थलों पर इस्राइली हमलों और दक्षिण सीरिया में घुसपैठ को अन्यायपूर्ण मानते हैं। उन्होंने पश्चिमी सरकारों से समूह पर से आतंकवादी का दर्जा हटाने की भी मांग की।