फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Politics UK UN West Asia Unrest Crime and Global events

World: सीरिया में 5 अक्तूबर को संसदीय चुनाव; सैन फ्रांसिस्को में 4.3 तीव्रता का भूकंप, लोगों ने महसूस किए झटके

Mon, 22 Sep 2025 11:15 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Mon, 22 Sep 2025 11:15 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Politics UK UN West Asia Unrest Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

सीरिया अपनी नई इस्लामिस्ट-नेतृत्व वाली सरकार के तहत पहला संसदीय चुनाव 5 अक्तूबर को आयोजित करेगा। सरकारी समाचार एजेंसी सना ने रविवार को यह जानकारी दी। इस चुनाव में 210 सदस्यीय पीपल्स असेंबली के लिए मतदान देश के सभी निर्वाचन क्षेत्रों में होगा, हालांकि चुनाव आयोग ने तीन प्रांतों में सुरक्षा कारणों से मतदान स्थगित करने की जानकारी दी थी। नई संसद का काम सरकार-नियंत्रित आर्थिक नीतियों में बदलाव और विदेशी नीति समझौतों के अनुमोदन के लिए कानून पारित करना होगा। यह सदन देश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव रखेगा, जो पिछले दिसंबर में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता हटाए जाने के बाद शुरू हुई। आलोचक मानते हैं कि वर्तमान प्रणाली में अल्पसंख्यक समूहों की पर्याप्त भागीदारी नहीं है। चुनाव को सीरिया में राजनीतिक स्थिरता और प्रशासनिक सुधार की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

विज्ञापन


सैन फ्रांसिस्को में 4.3 तीव्रता का भूकंप, लोगों ने महसूस किए झटके
सैन फ्रांसिस्को क्षेत्र में सोमवार को 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप बर्कले के ठीक पूर्व-दक्षिण-पूर्व में आया। यह पूर्वी मानक समयानुसार सुबह 3 बजे से कुछ पहले आया। कई लोगों ने बताया कि उन्हें तेज झटका महसूस हुआ और फोन पर अलर्ट बजने लगे।
विज्ञापन


ट्रंप ने बेन कार्सन को अमेरिका का सर्वोच्च सम्मान देने का किया एलान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को बेन कार्सन को प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम देने का एलान किया। यह अमेरिका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। ट्रंप ने माउंट वर्नन में अमेरिकन कॉर्नरस्टोन इंस्टीट्यूट के एक कार्यक्रम में यह घोषणा की। कार्सन (74) एक पूर्व न्यूरोसर्जन हैं। उन्होंने 2016 के रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के चुनाव में ट्रंप के खिलाफ चुनाव लड़ा था। ट्रंप ने इस महीने तीसरी बार किसी को यह पुरस्कार देने का एलान किया है। इससे पहले, उन्होंने रूडी गिउलिआनी और चार्ली किर्क को मरणोपरांत यह सम्मान देने की घोषणा की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


सिंगापुर: महिला से छेड़छाड़ के मामले में भारतीय नागरिक को चार साल जेल 
सिंगापुर में एक 46 वर्षीय भारतीय नागरिक को एक महिला के साथ छेड़छाड़ के मामले में सोमवार को चार साल की जेल और छह बेंत मारने की सजा सुनाई गई। अंकित शर्मा नाम के आरोपी को यह सजा तब सुनाई गई, जब कोर्ट ने उसे एक नर्सिंग रूम (बच्चों को दूध पिलाने के लिए बनाए गए कमरे) में महिला से छेड़छाड़ करने का दोषी पाया। यह घटना एक मार्च 2023 को सिंगापुर के चांगी सिटी प्वाइंट मॉल में हुई थी।

पीड़िता 31 साल की एक तकनीकी विशेषज्ञ है। वह उस दिन पहली बार शर्मा से मिली थी। मुलाकात एक सहकर्मी द्वारा शर्मा की प्रोफाइल साझा करने के बाद तय हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच पेशेवर बातचीत हुई, लेकिन थोड़ी देर बाद शर्मा ने अश्लील बातें शुरू कर दीं और महिला से निजी व अनुचित सवाल पूछने लगा। ये सब बातें दोनों एक बार में बैठे हुए कर रहे थे।

उप लोक अभियोजक शेल्डन लिम ने अदालत को बताया कि जब महिला वॉशरूम गई और लौटी, तो शर्मा उसे वॉशरूम के पास नर्सिंग रूम की ओर खींचकर ले गया। वहां उसने महिला को जबरदस्ती चूमा, उसे पकड़े रखा और बार-बार यौन इशारे किए, जबकि महिला लगातार विरोध कर रही थी। शर्मा ने इन आरोपों से इनकार किया और कहा कि महिला ने खुद ही नर्सिंग रूम में चलने को कहा था। उसकी ओर से वकील ने यह भी कहा कि महिला शर्मा की 'बुरी सांस'  वाली टिप्पणी से नाराज होकर झगड़ा करने लगी थी।

हालांकि, अदालत ने शर्मा की दलीलों को खारिज कर दिया और उसे दोषी ठहराया। अभियोजन पक्ष ने कहा कि यह यौन शोषण का मामला बेहद गंभीर था और इसमें महिला की निजता का गहरा उल्लंघन हुआ। इस अपराध के लिए सिंगापुर में 2 से 10 साल की जेल और बेंत की सजा का प्रावधान है।  शर्मा के वकील ने सजा को कम करने की अपील की थी। लेकिन अदालत ने अभियोजन पक्ष की मांग मानते हुए चार साल जेल और छह बेंत की सजा सुनाई।

फिलीपींस: राष्ट्रपति भवन के पास प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प, कई घायल, दर्जनों गिरफ्तार
फिलीपींस की पुलिस ने रविवार को राजधानी मनीला में राष्ट्रपति भवन के पास से कुछ लोगों को गिरफ्तार किया। इन लोगों पर पुलिसकर्मियों पर पत्थर, बोतलें और आग लगाने वाले छोटे बम फेंकने का आरोप है। साथ ही उन्होंने वहां के महत्वपूर्ण रास्ते और पुल भी बंद कर दिए थे। यह सब तब हुआ, जब वहां एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन चल रहा था, जिसमें लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। अधिकारियों को चश्मदीदों ने यह जानकारी दी। 

मनीला के एक ऐतिहासिक पार्क और लोकतंत्र स्मारक में भ्रष्टाचार के खिलाफ 33 हजार से अधिक लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे।  लोगों का आरोप था कि विधायक, अधिकारी और निर्माण कंपनी के मालिक देश में बाढ़ नियंत्रण के लिए परियोजनाओं से भारी कमीशन ले रहे हैं। देश लगातार तूफानों और बाढ़ से प्रभावित रहता है और लोग गरीबी में जीवन जी रहे हैं। 

मनीला पुलिस के मुताबिक, फिलीपींस के झंडे लहराते और भ्रष्टाचार विरोधी नारे लिखे पोस्टर दिखाते करीब सौ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया। इस हमले में करीब सत्तर पुलिसकर्मी घायल हुए। हिंसा के कारण स्कूल भी बंद कर दिए गए। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर हमलावरों को तितर-बितर करने की कोशिश की।  

भारत ने नेपाल को क्षतिग्रस्त संरचनाओं की पुनर्निर्माण में मदद का दिया आश्वासन
भारत ने कहा कि यदि नेपाल की सरकार अनुरोध करती है तो वह जेन जी विरोध प्रदर्शन के दौरान क्षतिग्रस्त विभिन्न संरचनाओं के पुनर्निर्माण में मदद करने के लिए तैयार है।

भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के ऊर्जा मंत्री कुलमान घिसिंग से उनके कार्यालय सिंग्धुर्बार में मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने ऊर्जा और जल संसाधनों में द्विपक्षीय सहयोग और नेपाल-भारत सहयोग के तहत चल रहे विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। सूत्रों के अनुसार श्रीवास्तव ने कहा, भारत पुनर्निर्माण में मदद के लिए तैयार है। हालांकि इसके लिए नेपाल को अनुरोध करना होगा। मुलाकात के दौरान जल संसाधन और शहरी विकास एवं भौतिक अवसंरचना के प्रभारी घिसिंग, को उनके नए पद के लिए बधाई दी गई। इसके अलावा नेपाल से भारत को अतिरिक्त विद्युत निर्यात पर भी चर्चा हुई।

उष्णकटिबंधीय तूफान गैब्रिएल बरमूडा के दक्षिण-पूर्व में हुआ मजबूत
अटलांटिक महासागर में बरमूडा के दक्षिण-पूर्व में उष्णकटिबंधीय तूफान ग्रैबिएल मजबूत हो गया है और यह तूफान बनने के करीब है। मौसम विभाग के अनुसार, गैब्रिएल की अधिकतम गति 100 किमी/घंटा है, जो तूफान बनने से केवल 16 किमी/घंटा कम है। रविवार दोपहर (स्थानीय समयानुसार) को यह तूफान बरमूडा से लगभग 630 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था और 19 किमी/घंटा की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा था। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगले एक-दो दिन में यह तेजी से और मजबूत हो सकता है। वर्तमान अनुमान के अनुसार, गैब्रिएल के सोमवार को बरमूडा के पूर्व से गुजरने की संभावना है। अभी किसी तटीय इलाके में चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन बरमूडा के लोगों को तूफान पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। 

पाकिस्तान: पंजाब में छत गिरी, 6 छात्रों समेत आठ की मौत
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित एक शैक्षणिक अकादमी की छत गिरने गिरने से छह छात्रों समेत आठ लोग जिंदा दफन हो गए। हादसा हाफिजाबाद शहर में शनिवार शाम हुआ।पंजाब के आपातकाल विभाग की तरफ से जारी बयान के अनुसार, जब हादसा हुआ तब कक्षा में दो शिक्षक व नौ छात्र मौजूद थे। बचाव टीम ने चार छात्रों को मलबे से जिंदा निकाला, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाद में सात अन्य के शव मलबे से निकाले गए, जिनमें पांच छात्र व दो शिक्षक शामिल हैं। छात्रों की उम्र छह से 10 साल के बीच है। पाकिस्तान में इन दिनों भारी बारिश हो रही है। माना जा रहा है कि बारिश के कारण अकादमी की छत कमजोर हो गई थी।

चीन पहुंचे अमेरिकी सांसद सैन्य संवाद पर दिया जोर
अमेरिकी सांसदों का दो सदस्यीय दल चीन पहुंचा है। अमेरिका-चीन के बीच संबंधों में तनाव के बीच अमेरिकी संसदीय दल का यह दुर्लभ चीन दौरा है। अमेरिकी दल ने रविवार को चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग से मुलाकात की और द्विपक्षीय सैन्य संवाद पर बल दिया। सीनेटरों के एक समूह की पिछली बीजिंग यात्रा 2023 में हुई थी, जबकि 2019 के बाद प्रतिनिधि सभा सदस्यों के समूह की यह पहली यात्रा है। ली ने प्रतिनिधि एडम स्मिथ के नेतृत्व में आए प्रतिनिधियों का स्वागत किया और इसे एक महत्वपूर्ण यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करेगी। ली ने कहा, दोनों देशों के बीच अधिक आदान-प्रदान और सहयोग होना जरूरी है। यह न केवल दोनों देशों के लिए अच्छा है, बल्कि दुनिया के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है। हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के डेमोक्रेट सदस्य स्मिथ ने कहा कि दोनों पक्ष इस यात्रा के व्यापक उद्देश्य पर सहमत हैं।

चीन: कोविड व्हिसलब्लोअर झांग को चार साल और जेल
चीन में कोविड की व्हिसलब्लोअर को चार साल और कारावास की सजा सुनाई गई। पत्रकार को कोविड-19 विस्फोट के पहले दौर की रिपोर्टिंग के लिए चार वर्ष जेल की सजा पहले ही सुनाई जा चुकी है। अंतरराष्ट्रीय प्रेस स्वतंत्रता समूह आरएसएफ ने शनिवार को बताया कि झांग झान (42) को चीन में झगड़ा करने और उपद्रव भड़काने के आरोप में शुक्रवार को सजा सुनाई गई है। इन्हीं आरोपों में उन्हें दिसंबर 2020 में जेल की सजा हुई थी। तब उन्होंने कोरोना वायरस के शुरुआती प्रसार पर वुहान शहर से रिपोर्ट पोस्ट की थी। चीनी विदेश मंत्रालय ने फिलहाल इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। आरएसएफ एशिया-प्रशांत एडवोकेसी मैनेजर अलेक्जेंड्रा बिलाकोव्स्का ने एक बयान में कहा, उन्हें वैश्विक स्तर पर एक सूचना नायक के रूप में सम्मानित किया जाना चाहिए न कि जेल भेजा जाना चाहिए। झांग को शुरुआत में भीड़भाड़ वाले अस्पतालों व खाली सड़कों के वीडियो पोस्ट करने के कुछ महीनों बाद गिरफ्तार किया गया था। 

डोमिनिकन गणराज्य ने अमेरिकी नौसेना द्वारा नष्ट की गई स्पीड बोट से जब्त की कोकीन
डोमिनिकन गणराज्य के अधिकारियों ने रविवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा कि उन्होंने उस स्पीड बोट से कोकीन जब्त की है, जिसे हाल ही में अमेरिकी नौसेना ने नष्ट कर दिया था। यह अभियान ट्रंप प्रशासन के दक्षिणी कैरेबियन में चल रहे विवादित नारकोटिक्स मिशन का हिस्सा है। डोमिनिकन गणराज्य के राष्ट्रीय मादक पदार्थ नियंत्रण निदेशालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्होंने स्पीड बोट से कोकीन के 377 पैकेट बरामद किए हैं, जिसमें कथित तौर पर 1,000 किलो मादक पदार्थ भरा हुआ था। 

तुर्किये की मुख्य विपक्षी पार्टी ने दोबारा चुना अपना नेता
तुर्किये की मुख्य विपक्षी पार्टी ने रविवार (स्थानीय समयानुसार) को अपने नेता को दोबारा चुना। पार्टी का कहना है कि यह कदम सरकार की कोशिशों का सामना करने के लिए उठाया गया है, जो पार्टी के नेतृत्व को बदलना चाहती है। रिपब्लिकन पीपुल्स पार्टी (सीएचपी) के अध्यक्ष ओजगुर ओजेल ने कांग्रेस की शुरुआत में ही सभी सदस्यों से कहा कि वे उनके खिलाफ अविश्वास मत दें, ताकि नया चुनाव हो सके। अंत में उन्होंने सभी 835 वोटों के साथ जीत हासिल की। पार्टी का कहना है कि यह कदम इसलिए जरूरी था, क्योंकि अदालतें उन्हें हटा कर सरकार के समर्थन वाला व्यक्ति नियुक्त कर सकती थीं। सरकार पर पार्टी ने राजनीतिक दबाव डालने का आरोप लगाया है।

अल-फशर में ड्रोन हमले में 11 बच्चे मारे गए
उत्तरी दारफुर की राजधानी अल-फशर शहर में एक मस्जिद पर शुक्रवार को हुए ड्रोन हमले में कम से कम 11 बच्चे मारे गए। स्थानीय सहायता समूहों और कार्यकर्ताओं तथा सूडानी सेना ने अर्धसैनिक समूह रैपिड सपोर्ट फोर्सेज पर ड्रोन उड़ाने का आरोप लगाया है। इसने शुक्रवार तड़के फज्र की नमाज के दौरान मस्जिद पर हमला किया, जिसमें कम से कम 70 लोग मारे गए। यूनिसेफ की कार्यकारी निदेशक कैथरीन रसेल ने सोमवार को जारी बयान में इस हमले को "स्तब्ध करने वाला और अमानवीय" बताया। रसेल ने कहा कि शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि हमले में 6 से 15 साल की उम्र के कम से कम 11 बच्चे मारे गए और कई और घायल हुए, जिससे आस-पास के घरों को भी नुकसान पहुंचा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed