Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   SpaceX Starship Booster Explodes Over Gulf of Mexico, Spacecraft Successfully Reaches Orbit

आग का गोला बना स्पेसएक्स का विशाल रॉकेट बूस्टर: फिर भी स्टारशिप ने रचा इतिहास; कक्षा में छोड़े 26 सैटेलाइट

Sat, 14 Nov 2026 09:19 AM IST
राहुल कुमार वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन। Published by: राहुल कुमार Updated Sat, 14 Nov 2026 09:19 AM IST
सार

एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को स्टारशिप की 15वीं परीक्षण उड़ान में मिली-जुली सफलता मिली। रॉकेट का सुपर हेवी बूस्टर वापसी के दौरान तकनीकी खराबी के चलते मैक्सिको की खाड़ी में विस्फोट के साथ नष्ट हो गया। हालांकि, मुख्य अंतरिक्ष यान स्टारशिप उड़ान भरने के करीब 27 मिनट बाद पृथ्वी की कक्षा में पहुंच गया और उसने 26 स्टारलिंक उपग्रहों को उनकी निर्धारित कक्षा में तैनात किया।

विज्ञापन
SpaceX Starship Booster Explodes Over Gulf of Mexico, Spacecraft Successfully Reaches Orbit
स्पेसएक्स (फाइल फोटो) - फोटो : ANI

विस्तार

अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने शुक्रवार को अपने स्टारशिप रॉकेट का 15वां परीक्षण किया। इस परीक्षण का उद्देश्य पूरी तरह से दोबारा इस्तेमाल किए जा सकने वाले रॉकेट सिस्टम को विकसित करना है, जिससे अंतरिक्ष की यात्रा को तेज और आसान बनाया जा सके। हालांकि, इस दौरान कंपनी को झटका लगा। रॉकेट का सुपर हेवी बूस्टर वापस लौटते समय तकनीकी खराबी का शिकार हो गया और मैक्सिको की खाड़ी में आग के गोले में बदलकर विस्फोट हो गया।

विज्ञापन


बूस्टर नष्ट हुआ, लेकिन स्टारशिप ने हासिल की कक्षा
बूस्टर में खराबी के बावजूद स्टारशिप अंतरिक्ष यान शुक्रवार को पृथ्वी की कक्षा में पहुंचने में सफल रहा। वहां उसने 26 उन्नत स्टारलिंक उपग्रहों को उनकी निर्धारित कक्षा में छोड़ना शुरू किया। कंपनी के मुताबिक, 236 फीट लंबे इस अंतरिक्ष यान को दुनिया के सबसे शक्तिशाली प्रक्षेपण यानों में से एक के रूप में तैयार किया गया है। इसकी योजना करीब 22 घंटे तक पृथ्वी के चारों ओर 15 चक्कर लगाने और इसके बाद टेक्सास स्थित प्रक्षेपण केंद्र पर लौटने की है।
विज्ञापन


दो हिस्सों में बना है स्टारशिप रॉकेट
स्टारशिप रॉकेट के मुख्य रूप से दो हिस्से हैं। पहला हिस्सा सुपर हेवी बूस्टर है, जो रॉकेट को अंतरिक्ष की ओर ले जाने में मदद करता है। दूसरा हिस्सा मुख्य अंतरिक्ष यान है, जिसे 'शिप' कहा जाता है। इस परीक्षण का मूल उद्देश्य रॉकेट के दोनों हिस्सों को सुरक्षित वापस लाना था, ताकि भविष्य में उनका दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। स्पेसएक्स इस तकनीक के जरिए रॉकेट के हर हिस्से को वापस हासिल कर उसका पुन: उपयोग करना चाहती है। इससे पहले इस तरह की पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक नहीं की जा सकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


वापसी के दौरान क्यों फेल हुआ सुपर हेवी बूस्टर?
अब तक स्पेसएक्स टेक्सास स्थित अपने स्टारबेस प्रक्षेपण केंद्र पर सुपर हेवी बूस्टर को तीन बार सफलतापूर्वक पकड़ चुकी है, लेकिन स्टारशिप के ऊपरी हिस्से यानी मुख्य अंतरिक्ष यान को वापस पकड़ने में अब तक कामयाबी नहीं मिली है। इससे पहले की 14 उड़ानों में स्टारशिप के ऊपरी हिस्से को या तो योजना के मुताबिक समुद्र में उतारा गया या फिर तकनीकी खराबी के कारण वह जलते हुए मलबे के रूप में समुद्र में गिरा।  

'चॉपस्टिक्स' से बूस्टर पकड़ने की कोशिश नाकाम
अलग होने के बाद सुपर हेवी बूस्टर वापस टेक्सास स्थित स्टारबेस प्रक्षेपण केंद्र की ओर बढ़ा। यहां दो विशाल यांत्रिक भुजाओं, जिन्हें 'चॉपस्टिक्स' कहा जाता है, की मदद से बूस्टर को पकड़ने की योजना थी। हालांकि, वापसी के दौरान तकनीकी खराबी के चलते स्वचालित सुरक्षा प्रणाली ने बूस्टर को पकड़ने की प्रक्रिया रोक दी। इसके बाद उसका रास्ता बदलकर मैक्सिको की खाड़ी की ओर कर दिया गया, जहां वह आग के विशाल गोले में बदलकर विस्फोट के साथ नष्ट हो गया। इस तरह रॉकेट के दोनों हिस्सों को एक साथ वापस पकड़ने की स्पेसएक्स की महत्वाकांक्षी योजना का पहला प्रयास सफल नहीं हो सका।

बूस्टर में खराबी की वजह अभी स्पष्ट नहीं
स्पेसएक्स ने सार्वजनिक रूप से यह नहीं बताया है कि बूस्टर की वापसी के दौरान आखिर क्या गड़बड़ी हुई। हालांकि, सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टारशिप वी3 को पिछली परीक्षण उड़ानों में भी इंजन से जुड़ी कई तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा है।

27 मिनट में कक्षा में पहुंचा स्टारशिप
बूस्टर के नष्ट होने के बावजूद स्टारशिप का सफर जारी रहा। उड़ान भरने के करीब 27 मिनट बाद अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा में पहुंच गया। मिशन कंट्रोल से अनुमति मिलने के बाद इसके इंजनों को दोबारा चालू किया गया, जिससे वह अपनी निर्धारित कक्षीय स्थिति में पहुंच सका। इसके बाद स्टारशिप-15 ने अपने साथ ले जाए गए 26 स्टारलिंक उपग्रहों को अंतरिक्ष में तैनात करना शुरू किया। स्पेसएक्स की लाइवस्ट्रीम के मुताबिक, उपग्रहों को छोड़ने की पूरी प्रक्रिया में एक घंटे से भी कम समय लगने की उम्मीद थी। अब मिशन कंट्रोल की नजर इस बात पर है कि उड़ान के अंत में स्टारशिप के ऊपरी हिस्से को सुरक्षित तरीके से वापस लाया जा सकेगा या नहीं।

स्टारलिंक नेटवर्क के विस्तार में अहम है स्टारशिप
एलन मस्क की अंतरिक्ष और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी कंपनियों के लिए स्टारशिप बेहद अहम है। इसके जरिए स्टारलिंक इंटरनेट उपग्रहों के नेटवर्क का तेजी से विस्तार करने की योजना है।
इससे पहले सितंबर में हुई पिछली परीक्षण उड़ान भी पूरी तरह सफल नहीं रही थी। करीब तीन घंटे की उड़ान के बाद स्टारशिप का ऊपरी हिस्सा प्रशांत महासागर में सुरक्षित उतरा था, लेकिन बाद में उसमें आग लग गई थी।

नासा भी स्टारशिप परियोजना पर लगा रहा बड़ा दांव
स्पेसएक्स की स्टारशिप परियोजना केवल एलन मस्क के कारोबारी लक्ष्यों तक सीमित नहीं है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा भी इस पर बड़ा दांव लगा रही है। नासा ने आर्टेमिस मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की सतह पर उतारने के लिए स्पेसएक्स को अरबों डॉलर का ठेका दिया है। स्पेसएक्स अब तक इस रॉकेट के विकास पर अपने कम से कम 15 अरब डॉलर खर्च कर चुकी है। वहीं, जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन भी नासा के आर्टेमिस कार्यक्रम के लिए चंद्र लैंडर विकसित कर रही है।

2028 तक इंसानों को चांद पर पहुंचाने की योजना के सामने चुनौतियां
नासा और स्पेसएक्स ने 2028 तक इंसानों को चंद्रमा पर उतारने का लक्ष्य रखा है, लेकिन इस योजना के सामने कई तकनीकी चुनौतियां हैं। इनमें सबसे बड़ी चुनौती अंतरिक्ष में स्टारशिप को ईंधन उपलब्ध कराना है। योजना के मुताबिक, स्टारशिप को अंतरिक्ष में ईंधन पहुंचाने वाले दूसरे रॉकेटों की मदद से ईंधन भरना होगा। इसके लिए कक्षा में कई जटिल ईंधन स्थानांतरण प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी। यही वजह है कि चंद्रमा पर इंसानों को उतारने की समयसीमा आगे खिसकने की आशंका जताई जा रही है।


ये भी पढ़ें: अमेरिका: मिसिसिपी नदी में टकराया क्रूज; टैंकर की भीषण टक्कर से पलटी नाव, 32 यात्रियों को पहुंचाया गया अस्पताल

नासा प्रमुख ने स्पेसएक्स को दी बधाई
स्टारशिप की परीक्षण उड़ान पर नासा के प्रशासक जेरेड आइजैकमैन ने स्पेसएक्स को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नासा आर्टेमिस-3 मिशन में अंतरिक्ष में स्टारलिंक की कुछ क्षमताओं का इस्तेमाल करने को लेकर उत्साहित है। उन्होंने यह भी कहा कि अगले दिन अंतरिक्ष समुदाय के लिए बड़ा दिन होगा, क्योंकि वल्कन रॉकेट का प्रक्षेपण और स्टारशिप की वापसी दोनों महत्वपूर्ण घटनाएं होंगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed