Updates: ट्रंप ने शपथ ग्रहण समारोह में जिनपिंग को किया आमंत्रित; राष्ट्रपति जरदारी से मिला चीनी प्रतिनिधिमंडल
अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अगले महीने वाशिंगटन में होने वाले अपने शपथ ग्रहण समारोह में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अन्य विदेशी नेताओं को आमंत्रित किया है। ट्रंप की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को यह जानकारी दी। एक समाचार एजेंसी को दिए साक्षात्कार में यह पूछे जाने पर कि क्या शी जिनपिंग ने आमंत्रण पर प्रतिक्रिया दी है, इस पर कैरोलिन लेविट ने कहा कि अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। उन्होंने अन्य विश्व नेताओं का नाम नहीं बताया जिन्हें आमंत्रित किया गया है। वाशिंगटन के सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज में चीन विशेषज्ञ स्कॉट कैनेडी ने कहा, यह कूटनीतिक स्वांग है, इससे अधिक कुछ नहीं। शी जिनपिंग की तो बात छोड़िए, अन्य राष्ट्राध्यक्ष भी ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे। बता दें कि चीन और अमेरिका भू-राजनीतिक और आर्थिक प्रतिद्वंद्वी है। दोनों देश अपने द्विपक्षीय संबंध में सुधार चाहते हैं।
थरूर से मिला यूरोपिय संघ का प्रतिनिधिमंडल
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने यूरोपीय संघ के राजदूत हर्वे डेल्फिन के आवास पर 26 यूरोपीय संघ के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। बुधवार को हुई इस बैठक में भारतीय विदेश नीति की भूमिका, अवसर और चुनौतियों समेत कई मुद्दों पर बातचीत की गई। थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इसकी जानकारी दी। यूएन राजदूत ने भी चीन, रूस, दक्षिण एशिया, मध्य पूर्व और यूरोप को लेकर थरूर से चर्चा की।
गूगल ने ओपन-एआई का माइक्रोसॉफ्ट से सौदा तोड़ने को कहा
गूगल ने अमेरिकी सरकार से ओपन-एआई तकनीक को अपने क्वाउड सर्वर पर होस्ट करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के साथ समझौता तोड़ने को कहा है। यह बातचीत तब हुई जब अमेरिकी संघीय व्यापार आयोग ने एक जांच के हिस्से के रूप में गूगल से माइक्रोसॉफ्ट की व्यावसायिक प्रथाओं के बारे में पूछा। वार्ता का विवरण चर्चा में शामिल सूत्रों ने दिया।
ब्रिटेन : चचेरे भाई बहनों की शादी पर पाबंदी से चिंता
ब्रिटेन में भारतीय मूल के सांसद इकबाल मोहम्मद ने हाउस ऑफ कॉमन्स में पेश किए गए एक बिल पर चिंता जताई है। इसमें चचेरे भाई-बहनों में शादी पर पाबंदी लगाने की मांग की गई है। यह बिल संसद में पहली बार पढ़ा गया और सांसद रिचर्ड होल्डन ने प्रस्ताव पेश करने के लिए 10 मिनट की नियम प्रक्रिया का इस्तेमाल किया।
भारत में थाईलैंड की इलेक्ट्रॉनिक वीजा प्रणाली एक जनवरी से प्रभावी होगी। यह घोषणा थाई दूतावास ने बुधवार को की। दूतावास ने यह भी कहा कि सभी प्रकार के वीजा के लिए आवेदन वेबसाइट थाईवीजा.जीओ.टीएच के माध्यम से भेजे जाने चाहिए। वीजा प्रोसेसिंग समय वीजा शुल्क की रसीद जारी होने की तारीख से करीब 14 कार्य दिवसों के भीतर होगा।
भारत ने श्रीलंका से हिरासत में लिए गए मछुआरों की जल्द रिहाई का आग्रह किया है। भारत ने कहा कि इस मुद्दे को सुलझाने के लिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है। भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने बुधवार को श्रीलंका के मत्स्य पालन और महासागर संसाधन मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मत्स्य पालन क्षेत्र में विकासात्मक सहायता परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी। भारतीय मिशन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारतीय उच्चायुक्त ने मछुआरों के मुद्दे को सुलझाने में मानवीय और रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया है। साथ ही हिरासत में लिए गए मछुआरों की जल्द रिहाई का भी अनुरोध किया है।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने वेटिकन सिटी में पोप फ्रांसिस से मिलकर उन्हें दो किताबें भेंट कीं। इनमें पहली ‘मोदी@20 : ड्रीम्स मीट डिलीवरी’ और दूसरी ‘मन की बात@100 : इग्नाइटिंग कलेक्टिव गुडनेस’ हैं। भाजपा प्रवक्ता अनिल के एंटनी ने कहा, प्रतिनिधिमंडल ने पीएम नरेंद्र मोदी के शासन और नेतृत्व पर प्रकाश डालते हुए, सांस्कृतिक और कूटनीतिक आदान-प्रदान के एक संकेत के रूप में पुस्तकें भेंट कीं। कार्यों को प्रकाशित करने के लिए जिम्मेदार ब्लूक्राफ्ट डिजिटल फाउंडेशन ने इस महत्वपूर्ण क्षण पर गर्व जताया।
अफगानिस्तान में एक भीषण आत्मघाती बम धमाके में तालिबान शरणार्थी मंत्री खलीली हक्कानी और दो अन्य लोगों की मौत हो गई है। आंतरिक मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा, धमाका मंत्रालय के अंदर हुआ। हक्कानी ने बुधवार को उप प्रधानमंत्री मुल्ला अब्दुल गनी बरादर की अध्यक्षता में एक बैठक की थी। खलीली हक्कानी कार्यवाहक आंतरिक मंत्री सिराजुद्दीन हक्कानी का चाचा था, जो तालिबान के भीतर एक शक्तिशाली नेटवर्क का नेतृत्व करता था। धमाके का शक आईएस पर जताया गया है।
पाकिस्तानी सरकारी मीडिया के अनुसार गुरुवार को एक चीनी प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात की और पाकिस्तान में मेडिकल सिटी स्थापित करने में 1 बिलियन अमेरिकी डॉलर निवेश करने में रुचि व्यक्त की। इस बैठक में सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह, प्रांतीय मंत्रियों और कराची में चीन के महावाणिज्यदूत यांग युंडोंग समेत अन्य लोगों ने भाग लिया, जिसमें द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
सरकारी रेडियो पाकिस्तान ने बताया कि "चीनी प्रतिनिधिमंडल ने देश के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए पाकिस्तान में एक मेडिकल सिटी स्थापित करने के लिए एक बिलियन डॉलर निवेश करने में रुचि व्यक्त की।" कोरंगी एसोसिएशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, सिंध सरकार के साथ सफल वार्ता के बाद, पाकिस्तान की पहली पूरी तरह से एकीकृत दवा और चिकित्सा पारिस्थितिकी तंत्र परियोजना को धाबेजी आर्थिक क्षेत्र में विकसित किए जाने की संभावना है। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान और चीन के बीच महत्वपूर्ण मुद्दों पर हितों और विचारों में समानता है, साथ ही दोनों देशों के बीच गहरे और ऐतिहासिक भाईचारे के रिश्ते हैं।