ट्रंप और बिडेन आधिकारिक बहस के लिए कब आएंगे एक-दूसरे के सामने, तारीख का हुआ एलान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी जो बिडेन के बीच राष्ट्रपति पद के लिए पहली आधिकारिक बहस (प्रेसिडेंशियल डिबेट) 29 सितंबर को होगी। अमेरिका में तीन नवंबर को होने वाले चुनाव से पहले ट्रंप और बिडेन के बीच तीन बार इस तरह की बहस होगी।
‘फॉक्स न्यूज’ के मशहूर एंकर क्रिस वालास पहली बहस का संचालन करेंगे। ‘सी-स्पैन नेटवर्क्स’ के स्टीव स्कली 15 अक्तूबर को मियामी (फ्लोरिडा) में होने वाली दूसरी बहस और ‘एनबीसी न्यूज’ की क्रिस्टन वेलकर 20 अक्तूबर को नैशविले (टेनेसी) में तीसरी बहस का संचालन करेंगी।
उपराष्ट्रपति माइक पेंस (61) और उपराष्ट्रपति पद की डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस (55) के बीच सात अक्तूबर को उटाह के ‘सॉल्ट लेक’ में उपराष्ट्रपति पद के लिए की बहस होगी। ‘यूएसए टूडे’ की पत्रकार सुसन पेज इसका संचालन करेंगी।
यह भी पढ़ें: अरबपति होने के बावजूद ट्रंप ने दिया मात्र 55 हजार रुपये का आयकर, शुरू हुआ विवाद
सभी चार बहस ‘कमिशन ऑन प्रेसिडेंशियल डिबेट्स’ (सीबीडी) द्वारा आयोजित की जा रही हैं। ये बहस 90 मिनट की होंगी। अगस्त में, सीपीडी ने राष्ट्रपति पद के लिए सितंबर की शुरुआत में बहस का आयोजन कराने के ट्रंप अभियान दल के अनुरोध को ठुकरा दिया था।
ट्रंप ने की बिडेन के ड्रग टेस्ट की मांग
वहीं ट्रंप ने रविवार को पत्रकारों से कहा था कि न्यूजर्सी के पूर्व गवर्नर क्रिस क्रिस्टी और न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर रूडी गिलियानी उन्हें बहस के लिए तैयारी करने में मदद कर रहे हैं। इससे पहले दिन में ट्रंप ने ट्वीट कर बहस से पहले बिडेन के ‘ड्रग टेस्ट’ कराने की मांग की थी।
उन्होंने ट्वीट किया था, मैं बहस से पहले या बाद में जो बिडेन के ‘ड्रग टेस्ट’ कराने की मांग करता हूं। मैं भी यकीनन यह कराने को तैयार हूं। बहस में उनका प्रदर्शन हमेशा असमान रहा है। केवल ड्रग ही इन विसंगतियों का कारण हो सकते हैं।’’
संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने एक बार फिर बिडेन के बहस से पहले ‘ड्रग टेस्ट’ कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि वह भी इसे कराएंगे। ट्रंप ने कहा, मैं ड्रग टेस्ट कराने को तैयार हूं। मुझे लगता है कि उन्हें भी कराना चाहिए... वह काफी असंगत रहे हैं... आपको पता है मैं किस बारे में बात कर रहा हूं। अगर आपने वे कुछ बहस देखीं होगी तो, मैं कहूंगा कि ऐसा कोई तरीका नहीं है, जिससे यह जारी रखा जा सके। वह इसे जारी नहीं रख सकते।
बिडेन ने अभी तक ट्रंप की इन टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं की है। इस बीच, कांग्रेस के 70 से अधिक सदस्यों ने सीपीडी को पत्र लिख जलवायु परिवर्तन को बहस का विषय बनाने की अपील की है। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए पहली बार 26 सितंबर 1960 को बहस हुई थी।