Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   West Asia Houthi rebel attack Sudan leaves 19 dead death penalty announced in Jordan what is situation in Gaza

पश्चिम एशिया: सूडान में हूती विद्रोहियों का हमला, 19 मौतें, जॉर्डन में मौत की सजा का एलान; गाजा में क्या हाल?

Wed, 25 Nov 2026 08:52 PM IST
प्रशांत तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, दुबई।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, दुबई। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Wed, 25 Nov 2026 08:52 PM IST
सार

पश्चिम एशिया और अफ्रीका में लगातार बढ़ती हिंसा ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के अहम ठिकानों पर हमले का दावा किया है, जबकि सूडान में ड्रोन हमलों से 19 लोगों की मौत हुई। गाजा में इस्राइली हमले ने एक परिवार को उजाड़ दिया। वहीं, जॉर्डन ने सुरक्षा अधिकारी की हत्या के दोषी को मौत की सजा सुनाई है।

विज्ञापन
West Asia Houthi rebel attack Sudan leaves 19 dead death penalty announced in Jordan what is situation in Gaza
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : एडॉब स्टॉक-अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पश्चिम एशिया और अफ्रीका में एक बार फिर हिंसा तेज हो गई है। यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद के वित्तीय जिले और एक बड़ी तेल रिफाइनरी पर हमले का दावा किया है। वहीं, सूडान में ड्रोन हमलों ने 19 लोगों की जान ले ली। गाजा में इजरायली हवाई हमले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। दूसरी ओर, जॉर्डन की अदालत ने दूतावास के बाहर सुरक्षा अधिकारी की हत्या के मामले में एक व्यक्ति को मौत की सजा सुनाई है। इन घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और शांति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

विज्ञापन


रियाद के वित्तीय जिले और तेल रिफाइनरी को बनाया निशाना
ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने बुधवार को दावा किया कि उन्होंने सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट और पूर्वी इलाके में स्थित रास तनूरा तेल रिफाइनरी पर हमले किए हैं। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के मुताबिक, मंगलवार को एक हूती ड्रोन ने रियाद के वित्तीय जिले की एक ऊंची इमारत को निशाना बनाया था। वहीं, बुधवार सुबह रास तनूरा रिफाइनरी की ओर आ रहे चार ड्रोन को हवा में ही मार गिराया गया। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दोनों हमलों की जिम्मेदारी ली है, लेकिन अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया।
विज्ञापन


एसोसिएटेड प्रेस भी इन हमलों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है। हूती विद्रोही पिछले कुछ हफ्तों से सऊदी अरब के ऊर्जा ठिकानों और हवाई अड्डों को निशाना बना रहे हैं। उनका कहना है कि वे यमन पर लगी नाकेबंदी हटवाने के लिए सऊदी अरब पर दबाव बना रहे हैं। इस बीच हूतियों ने सऊदी अरब पर यमन के लहज प्रांत में हमला करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि मंगलवार को हुए इस हमले में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। हालांकि, इस दावे की भी पुष्टि नहीं हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


सूडान में ड्रोन हमलों से 19 लोगों की मौत
सूडान के दक्षिण-पूर्वी इलाके में हुए ड्रोन हमलों में कम से कम 19 लोगों की जान चली गई। मृतकों में छह महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। मानवाधिकार संगठन इमरजेंसी लॉयर्स ने इन हमलों के लिए रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) को जिम्मेदार ठहराया है। ये हमले इथियोपिया की सीमा से लगे ब्लू नाइल प्रांत की राजधानी दमाजिन के रिहायशी इलाकों में किए गए। इसके अलावा रोजेयर्स शहर में भी हमले हुए। यहां एक जलाशय और बिजली संयंत्रों को निशाना बनाया गया, जिससे जरूरी सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।

सूडान में पिछले चार साल से चल रहा संघर्ष
सूडान में पिछले चार साल से सेना और अर्धसैनिक संगठन RSF के बीच संघर्ष चल रहा है। इस लड़ाई को खत्म करने के लिए इथियोपिया ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने की कोशिश की थी, लेकिन सूडान की सरकार ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। सरकार का आरोप है कि इथियोपिया निष्पक्ष नहीं है और वह RSF की मदद कर रहा है। सूडान ने दावा किया कि RSF को इथियोपिया की जमीन से ड्रोन हमले करने की छूट मिल रही है। उसने इस मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग भी की है। हालांकि, इथियोपिया ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।

गाजा में इस्राइली हमले में पूरा परिवार उजड़ा
गाजा सिटी के शाती शरणार्थी शिविर में रात के समय हुए इस्राइली हवाई हमले में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मोहम्मद माजिद अबू अल-औफ, उनकी पत्नी और उनकी दो किशोर बेटियां शामिल हैं। हमले में छह अन्य लोग घायल हुए हैं। हमास के नियंत्रण वाले गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, मोहम्मद उत्तरी गाजा में आंतरिक सुरक्षा सेवाओं के निदेशक थे। इजरायली सेना ने भी पुष्टि की है कि उसने हमास के एक लड़ाके को निशाना बनाया था, जो आंतरिक सुरक्षा सेवाओं से जुड़ा हुआ था। इस सप्ताह गाजा में इस्राइल ने कई हवाई हमले किए हैं। सोमवार रात से मंगलवार के बीच हुए हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई थी। इनमें हमास का एक अन्य वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी भी शामिल था। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 74,710 से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम लागू होने के बावजूद गाजा में लगभग रोजाना हमले हो रहे हैं। इससे वहां रहने वाले लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।


ये भी पढ़ें: परमाणु विस्फोटों के बीच भेजे गए 22 हजार सैनिक: पीढ़ियों तक भुगता असर; 40 साल बाद क्यों जागी ब्रिटेन सरकार?

जॉर्डन में सुरक्षा अधिकारी के हत्यारे को मौत की सजा
जॉर्डन की एक सुरक्षा अदालत ने बुधवार को एक व्यक्ति को मौत की सजा सुनाई है। उस पर राजधानी अम्मान में श्रीलंकाई दूतावास के पास एक सुरक्षा अधिकारी की हत्या करने का आरोप था। यह घटना इसी महीने की शुरुआत में हुई थी। जॉर्डन के सार्वजनिक सुरक्षा निदेशालय के मुताबिक, जांच में ऐसे सबूत मिले थे, जिनसे पता चला कि आरोपी ने सुरक्षा अधिकारी और उसके साथ मौजूद एक अन्य अधिकारी पर आतंकी हमला करने की योजना बनाई थी। इस हमले में दूसरा अधिकारी घायल हो गया था। इससे पहले अक्टूबर में एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में गोलीबारी के मामले में भी अदालत तीन लोगों को मौत की सजा सुना चुकी है। उस हमले में नौ लोगों की जान गई थी। इसे जॉर्डन के ईसाई समुदाय पर पिछले कई दशकों के सबसे बड़े हमलों में से एक माना गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed