Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   US: A magnitude 5 earthquake hits California, USGS says; no immediate reports of injuries

अमेरिका: कैलिफोर्निया में 5 तीव्रता का भूकंप, कई आफ्टरशॉक से दहला दक्षिणी इलाका; 2014 के बाद सबसे बड़ा झटका

Sun, 29 Nov 2026 06:09 AM IST
पवन पांडेय पीटीआई, कैलिफोर्निया
पीटीआई, कैलिफोर्निया Published by: पवन पांडेय Updated Sun, 29 Nov 2026 06:09 AM IST
सार

अमेरिका के कैलिफोर्निया में शनिवार सुबह 5 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र मैनहट्टन बीच से करीब पांच किमी दक्षिण-पश्चिम में था। भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक महसूस किए गए। हालांकि, तत्काल किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की खबर नहीं मिली। यह 2014 के बाद इस इलाके में आया सबसे बड़ा भूकंप बताया गया है।

विज्ञापन
US: A magnitude 5 earthquake hits California, USGS says; no immediate reports of injuries
कैलिफोर्निया में 5 तीव्रता का भूकंप - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

अमेरिका के कैलिफोर्निया में शनिवार सुबह आए 5 तीव्रता के भूकंप से दक्षिणी इलाके में लोगों के बीच दहशत फैल गई। भूकंप के कारण कई घरों में सामान गिर गया और दर्जनों आफ्टरशॉक यानी भूकंप के बाद आने वाले झटके महसूस किए गए। हालांकि, फिलहाल किसी के घायल होने या बड़े पैमाने पर संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र लॉस एंजिलिस शहर के दक्षिण-पश्चिम में स्थित मैनहट्टन बीच से करीब पांच किलोमीटर दूर था। यह इलाका समुद्र के किनारे बसा हुआ है। भूकंप के झटके दक्षिणी कैलिफोर्निया के बड़े हिस्से में महसूस किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, इस क्षेत्र में 2014 के बाद आया यह सबसे बड़ा भूकंप था।
विज्ञापन


रोज बाउल स्टेडियम का प्रेस बॉक्स भी हिला
भूकंप के बाद कई बार हल्के झटके आए। इनमें से एक झटके का असर पासाडेना स्थित ऐतिहासिक रोज बाउल स्टेडियम में भी महसूस किया गया। यहां दक्षिणी कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय लॉस एंजिलिस के बीच फुटबॉल मुकाबला होना था। मैच से पहले स्टेडियम का प्रेस बॉक्स एक झटके के कारण हिलने लगा। इस घटना के बाद आसपास के इलाकों में लोगों ने भी झटके महसूस किए। लोमिटा इलाके में रहने वाली 66 वर्षीय टेरेसा मैकियास ने बताया कि वह सुबह करीब 9:30 बजे सोकर उठी थीं और कॉफी बना रही थीं। तभी उनका घर तेजी से हिलने लगा। घर में सजावट के लिए रखी रंगीन बोतलें नीचे गिर गईं। उनका पालतू कुत्ता डरकर बिस्तर के नीचे छिप गया। उन्होंने बताया कि झटका इतना तेज था कि घर के हिलने से ही अंदाजा लग गया था कि भूकंप की तीव्रता पांच से अधिक के आसपास होगी।
विज्ञापन


106 दमकल केंद्रों के कर्मचारी अलर्ट पर
भूकंप के बाद लॉस एंजिलिस फायर डिपार्टमेंट ने एहतियातन आपातकालीन व्यवस्था लागू कर दी। शहर के 106 दमकल केंद्रों से कर्मचारियों को इमारतों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की जांच के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने शहर में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिलने के बाद आपातकालीन व्यवस्था समाप्त कर दी और विभाग ने सामान्य कामकाज शुरू कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


विशेषज्ञों ने आफ्टरशॉक को लेकर किया सतर्क
दक्षिणी कैलिफोर्निया की वरिष्ठ भूकंप वैज्ञानिक लूसी जोन्स ने बताया कि भूकंप के बाद आने वाले झटकों की संख्या सामान्य से कुछ अधिक रही, लेकिन यह गतिविधि सामान्य सीमा के भीतर है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी कुछ झटके महसूस किए जा सकते हैं। ये आफ्टरशॉक शुरुआती भूकंप के कुछ मिनट, घंटों या दिनों बाद तक आ सकते हैं। मैनहट्टन बीच प्रशासन ने भी लोगों को सतर्क रहने और संभावित झटकों के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।


क्यों आता है यहां भूकंप?
कैलिफोर्निया का इलाका कई भूगर्भीय दरारों (फॉल्ट लाइनों) से घिरा हुआ है। इसी वजह से यहां समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं। इनमें से कई इतने हल्के होते हैं कि लोगों को महसूस भी नहीं होते। हालांकि, शनिवार सुबह आए भूकंप ने छुट्टी के सप्ताहांत में घनी आबादी वाले दक्षिणी कैलिफोर्निया के लोगों को हिलाकर रख दिया। फिलहाल प्रशासन की ओर से लोगों को सावधानी बरतने और आफ्टरशॉक पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed