संयुक्त राष्ट्र ने टाला परमाणु हथियार सम्मेलन, कोरोना वायरस महामारी के चलते लिया अहम फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संयुक्त राष्ट्र ने कोरोना वायरस महामारी के पूरी दुनिया में बढ़ते प्रसार को देखते हुए परमाणु अप्रसार संधि के लिए आयोजित होने वाली अहम बैठक को टालने का फैसला लिया है। परमाणु अप्रसार संधि के 191 सदस्यों ने इसके क्रियान्यवन की समीक्षा करने के लिए होने वाले सम्मेलन को टाल दिया है।
संयुक्त राष्ट्र ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सदस्य हर पांच साल में यह चर्चा करने के लिए बैठक करते हैं कि यह कैसे काम कर रही है। इस बैठक में दुनिया के भीतर परमाणु अप्रसार को लेकर चल रही गतिविधियों की समीक्षा की जाती है। यह बैठक न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 27 अप्रैल से 22 मई के बीच होनी थी। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि परिस्थितियां ठीक होने पर जल्द से जल्द यह बैठक होगी लेकिन अप्रैल 2021 से पहले तो नहीं होगी। यानी यह अहम बैठक करीब एक साल तक के लिए टाल दी गई है।
यूएन के 86 कर्मचारियों को संक्रमण
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता ने कहा है कि विश्व भर में उसके स्टाफ के 86 सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। प्रवक्ता के मुताबिक, यूरोप में सर्वाधिक सदस्य कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। दुजारिक ने कहा कि अफ्रीका, एशिया, पश्चिम एशिया और अमेरिका में भी यूएन के कर्मचारी इस वायरस की चपेट में आए हैं। उन्होंने बताया कि संक्रमण रोकने के लिए यूएन के अधिकतर कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं।