Ukraine Kicked Out: तैयार थे पकवान, US ने बिना लंच परोसे लौटाए मेहमान, जेलेंस्की-ट्रंप की बहस से बिगड़ा जायका
Ukraine kicked out: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की व्हाइट हाउस में लंच करने वाले थे। व्हाइट हाउस में लंच टेबलों पर सजा भी दिया गया था। इसी दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई तीखी बहस के बाद माहौल कुछ ऐसा बिगड़ा कि यूक्रेनी अफसरों को भी बिना लंच परोसे व्हाइट हाउस से निकाल दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बहस के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और उनके यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल को बिना लंच किए व्हाइट हाउस से जाने के लिए कह दिया गया। दरअसल मुलाकात के बाद डोनाल्ड ट्रंप, जेडी वेंस और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ दोपहर का भोजन करने वाले थे। इसे लेकर खास तैयारियां की गई थीं। लंच को लेकर गाड़ियां व्हाइट हाउस भी पहुंच गईं थीं। पकवान व्हाइट हाउस में सज भी गए थे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई और माहौल बिगड़ गया। इसके बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की कॉन्फ्रेंस रूम से बाहर निकल गए।
ट्रंप और जेलेंस्की के बीच व्हाइट हाउस में बैठक करीब 40 मिनट तक चली, लेकिन आखिरी के 10 मिनट में बनती बात बिगड़ गई और दोनों नेताओं के बीच बैठक किसी सहमति पर पहुंचने के बजाय तनाव चरम पर पहुंच गया। जिसके बाद मीडिया को कमरे से बाहर जाने के लिए कह दिया गया। जिसके बाद जेलेंस्की प्रस्तावित दोपहर के भोजन में शामिल हुए बिना चले गए।
यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल के लिए लाए गए लंच को व्हाइट हाउस के कर्मचारियों को परोसा गया
बताया जा रहा है कि यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल पास के ही एक कमरे में करीब एक घंटे तक इंतजार करता रहा। उन्हें लगा था कि ट्रंप लंच पर बैठेंगे तो दोनों नेताओं के बीच बनी तनाव की स्थिति कम होगी और फिर चीजों को ठीक करने का मौका मिलेगा। लेकिन कुछ नहीं हुआ। इसके बाद व्हाइट हाउस की ओर से उन्हें जाने के लिए कह दिया गया। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल बातचीत जारी रखना चाहता था, लेकिन उन्हें मना कर दिया गया। इससे जेलेंस्की और गुस्सा गए और व्हाइट हाउस छोड़कर तुरंत होटल चले गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस ने यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल को लंच के लिए आमंत्रित नहीं किया। उनके खाने के लिए स्प्रिंग ग्रीन सलाद, रोजमेरी रोस्टेड चिकन और क्रीम ब्रुले जैसी खाने की चीजें बनाई गई थीं। जिसके बाद यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के लिए बनाए गए खाने को व्हाइट हाउस के कर्मचारियों को परोसा गया।
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ओवल ऑफिस में हुई बहस के फौरन बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपने प्रमुख सलाहकारों के साथ बैठक की। मीडिया के सामने हुए घटनाक्रम को लेकर राय मांगी। इसके बाद ट्रंप ने फैसला किया कि जेलेंस्की बातचीत को आगे नहीं बढ़ाएगे। उन्होंने विदेश मंत्री रुबियो और अपने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वॉल्ट्ज को ये संदेश देने का निर्देश दिया- जाकर कह दो कि जेलेंस्की के अब जाने का समय हो गया है।