Russia-Ukraine : रूस ने यूक्रेन के कई हिस्सों में मिसाइल और ड्रोन से किया हमला; चार लोगों की मौत, 16 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूक्रेन में बीती रात रूस के मिसाइल व ड्रोन हमलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए। कीव के नगर सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि राजधानी कीव में शनिवार तड़के बैलिस्टिक मिसाइल हमले में दो व्यक्तियों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। आपातकालीन सेवा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि एक गैर-आवासीय इमारत में आग लग गई, जबकि दूसरे स्थान पर मिसाइलों का मलबा खुले क्षेत्र में गिर गया, जिससे आसपास की इमारतों की खिड़कियों को नुकसान पहुंचा। द्निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्र के कार्यवाहक गवर्नर व्लादिस्लाव हैवानेंको ने बताया कि क्षेत्र में रूसी हमलों में दो लोग मारे गए और सात अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हमलों में इमारतें, निजी घर, एक दुकान और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने नौ मिसाइलें व 62 ड्रोन दागे, जिनमें से वायु रक्षा प्रणाली ने चार मिसाइलों व 50 ड्रोन को नष्ट कर दिया। उधर, रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने यूक्रेन के 121 ड्रोन मार गिराए।
युद्ध का रणनीतिक हल निकालने के करीब पहुंचे रूस, अमेरिका व यूक्रेन
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निवेश एवं आर्थिक सहयोग के विशेष दूत किरिल दिमित्रिएव ने शुक्रवार को कहा कि उनका देश, अमेरिका व यूक्रेन, युद्ध को समाप्त करने के लिए एक कूटनीतिक समाधान के करीब पहुंच गए हैं। अमेरिका की तरफ से रूसी तेल कंपनियों पर प्रतिबंध के एलान के बीच दिमित्रिएव वाशिंगटन पहुंचे हैं, जहां वे अमेरिकी अधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर वार्ता करेंगे।
सीएनएन से बात करते हुए दिमित्रिएव ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप व पुतिन के बीच बैठक रद्द नहीं हुई है। दोनों नेताओं के बीच बाद में किसी और दिन मुलाकात होने की संभावना है। रूस की तरफ से तत्काल युद्धविराम से इन्कार के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ बुडापेस्ट में तय बैठक को यह करते हुए स्थगित कर दिया था कि अभी इस मुलाकात का कोई अर्थ नहीं है। पुतिन के विशेष दूत दिमित्रिएव ने कहा, मेरा मानना है कि रूस, अमेरिका और यूक्रेन वास्तव में एक कूटनीतिक समाधान के काफी करीब हैं।
दिमित्रिएव ने कहा, राष्ट्रपति जेलेंस्की की तरफ से यह स्वीकार करना एक बड़ा कदम है कि यह युद्धक्षेत्रों के बारे में है। आप जानते हैं, उनका पिछला रुख यह था कि रूस को पूरी तरह से वापस लौट जाना चाहिए। इसलिए, मुझे लगता है कि हम एक कूटनीतिक समाधान के काफी करीब हैं, जिस पर काम किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन में बड़े पैमाने पर हमला किया था। इसके बाद से दोनों देशों में युद्ध जारी है। उधर, यूक्रेनी नेता जेलेंस्की ने अमेरिका से रूसी तेल पर प्रतिबंध का विस्तार करने और कीव को लंबी दूरी की मिसाइलें उपलब्ध कराने की मांग की है।
खुद को अलग-थलग कर रहा यूरोपीय संघः रूस
रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने मास्को के खिलाफ यूरोपीय संघ के नवीनतम प्रतिबंध पैकेज की आलोचना करते हुए कहा कि यूरोपीय संघ अपने निरंतर रूस विरोधी उपायों के माध्यम से खुद को अलग-थलग कर रहा है। रूसी विदेश मंत्रालय की तरफ से सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट में जखारोवा ने कहा, ब्रसेल्स इस तथ्य से बेखबर प्रतीत होता है कि रूस-विरोधी प्रतिबंधों को दरकिनार करने के प्रयास में वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुद को अलग-थलग कर रहा है। इस बीच, नाटो महासचिव मार्क रूट ने लंदन में विभिन्न यूरोपीय नेताओं से मुलाकात की और यूक्रेन को मदद देने के मुद्दे पर चर्चा की।