Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Pakistan: Hafiz Saeed-Linked Party Sends Legal Notice to Maryam Nawaz; Why Is PMML Upset

पाकिस्तान: मरियम नवाज को हाफिज सईद से जुड़े दल ने भेजा कानूनी नोटिस, क्यों भड़का पीएमएमएल? जानें पूरा मामला

Sat, 14 Nov 2026 05:57 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Sat, 14 Nov 2026 05:57 PM IST
सार

मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद से जुड़े माने जाने वाले पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग ने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज को कानूनी नोटिस भेजा है। पार्टी ने सात दिन में बयान वापस लेने और सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है। विवाद गुजरांवाला उपचुनाव के बाद शुरू हुआ। आखिर मरियम नवाज ने ऐसा क्या कहा था कि मामला अब अदालत तक पहुंचने की चेतावनी पर आ गया? आइए, इस पूरे मामले को विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
Pakistan: Hafiz Saeed-Linked Party Sends Legal Notice to Maryam Nawaz; Why Is PMML Upset
कानूनी नोटिस में मरियम नवाज से क्या-क्या मांग की गई? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पाकिस्तान में मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद से जुड़े एक राजनीतिक दल ने पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोल दिया है। पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) ने मरियम नवाज को कानूनी नोटिस भेजकर उनके बयान वापस लेने और सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। मरियम नवाज ने इस दल को आतंकवादी, अवैध और प्रतिबंधित संगठन बताया था। पार्टी ने इन टिप्पणियों को अपनी छवि खराब करने वाला और मानहानिकारक बताया है। नोटिस में मुख्यमंत्री को सात दिन का समय दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर सक्षम अदालतों में कानूनी कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
विज्ञापन


मरियम नवाज ने ऐसा क्या कहा था, जिस पर भड़का पीएमएमएल?
पीएमएमएल को हाफिज सईद के संगठन जमात-उद-दावा का राजनीतिक चेहरा माना जाता है। हाफिज सईद 2008 के मुंबई आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड है। उसे संयुक्त राष्ट्र ने आतंकवादी घोषित कर रखा है और पाकिस्तान में आतंकी फंडिंग से जुड़े कई मामलों में सजा भी सुनाई जा चुकी है। दरअसल, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की गुजरांवाला नेशनल असेंबली सीट एनए-77 पर आठ नवंबर को उपचुनाव हुआ था। इस चुनाव में मरियम नवाज की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने सीट बरकरार रखी। इसके बाद मरियम नवाज ने आरोप लगाया कि प्रतिबंधित संगठन और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) नए नामों के साथ चुनाव में उतरे थे। पंजाब की सूचना मंत्री अजमा बुखारी ने भी सवाल उठाया था कि जिन संगठनों पर सरकार ने प्रतिबंध लगाया है, वे नाम बदलकर चुनाव कैसे लड़ सकते हैं।
विज्ञापन


उपचुनाव के नतीजों को लेकर क्या है विवाद?
इस उपचुनाव में पीएमएल-एन के उम्मीदवार राशिद बशीर विर्क ने 43,365 वोट हासिल किए, जबकि पीएमएमएल के उम्मीदवार इब्राहिम गुज्जर को 30,218 वोट मिले। पीएमएमएल ने चुनाव परिणाम को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और आरोप लगाया कि चुनाव में धांधली हुई है। पार्टी ने दावा किया कि उसका उम्मीदवार चुनाव जीता था। इसके साथ ही उसने 50 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतगणना कराने की मांग की। पार्टी का कहना है कि उपचुनाव में उसका प्रदर्शन उसकी बढ़ती राजनीतिक ताकत को दिखाता है। इसी चुनावी विवाद के बाद मरियम नवाज की टिप्पणियों को लेकर पीएमएमएल ने कानूनी नोटिस जारी किया है। यानी मामला केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनावी नतीजों और राजनीतिक पहचान को लेकर भी दोनों पक्ष आमने-सामने हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


कानूनी नोटिस में मरियम नवाज से क्या-क्या मांग की गई है?
पीएमएमएल के अध्यक्ष खालिद मसूद संधू की ओर से जारी नोटिस में मरियम नवाज पर सोशल मीडिया पोस्ट और सार्वजनिक भाषण के दौरान मानहानिकारक बयान देने का आरोप लगाया गया है। नोटिस में मुख्यमंत्री से सात दिन के भीतर ये मांगें पूरी करने को कहा गया है।
  • विवादित बयान वापस लें और बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगें।
  • सोशल मीडिया पर साझा की गई संबंधित पोस्ट, वीडियो और टिप्पणियां हटाएं।
  • लिखित आश्वासन दें कि भविष्य में इस तरह के आरोप नहीं दोहराए जाएंगे।
  • मामले से जुड़े सभी दस्तावेज, रिकॉर्ड और बातचीत सुरक्षित रखें।
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि सात दिन के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर पार्टी सक्षम अदालतों में कानूनी कार्रवाई करेगी। इसमें उन सभी पोस्ट और सामग्री को हटाने की भी मांग की गई है, जो मुख्यमंत्री के नियंत्रण में सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से प्रसारित हुई हैं।

पीएमएमएल खुद को किस आधार पर वैध राजनीतिक दल बता रही?
पीएमएमएल का दावा है कि वह पाकिस्तान के चुनाव आयोग में पंजीकृत राजनीतिक पार्टी है और वर्ष 2022 से काम कर रही है। पार्टी का कहना है कि उसने 2024 के आम चुनाव में अपने चुनाव चिह्न 'कुर्सी' पर उम्मीदवार उतारे थे। उसका तर्क है कि किसी पंजीकृत राजनीतिक दल को बिना कानूनी और ठोस आधार के आतंकवादी संगठन बताना उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे उसके सदस्यों और समर्थकों के लोकतांत्रिक अधिकार भी प्रभावित होते हैं। पार्टी ने इसी आधार पर मरियम नवाज के बयानों को गलत बताते हुए उन्हें वापस लेने की मांग की है। हालांकि, पीएमएमएल के पंजीकरण और चुनाव में हिस्सा लेने के दावे के बावजूद उसका जमात-उद-दावा से जुड़ाव इस विवाद का अहम पहलू बना हुआ है।

हाफिज सईद की स्थिति क्या है और पाकिस्तान में उसे लेकर विवाद क्यों?
हाफिज सईद वर्ष 2019 से लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद है। उसे आतंकी फंडिंग से जुड़े मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद सजा सुनाई गई थी। पीएमएमएल और जमात-उद-दावा के संबंधों को लेकर पाकिस्तान की राजनीति में पहले भी सवाल उठते रहे हैं। खास बात यह है कि पीएमएमएल को पहले सरकारी स्तर पर समर्थन मिलने के संकेत भी सामने आए थे। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय में राज्य मंत्री और सीनेटर तलाल चौधरी ने फैसलाबाद स्थित पीएमएमएल के कार्यालय का दौरा किया था और उसके काम की सराहना की थी। इसी तरह पंजाब विधानसभा के स्पीकर मलिक अहमद खान ने भी एक सार्वजनिक रैली में हाफिज सईद की तारीफ की थी।


भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान भी जमात-उद-दावा को लेकर क्या हुआ था?
मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन तक चले सैन्य संघर्ष के दौरान भी जमात-उद-दावा को लेकर एक अहम घटनाक्रम सामने आया था। भारत के हमले में आतंकी ठिकानों पर मारे गए जमात-उद-दावा के सदस्यों के अंतिम संस्कार में पंजाब सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे। यह घटनाक्रम इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब इसी संगठन से जुड़े माने जाने वाले राजनीतिक दल ने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज को कानूनी नोटिस भेजा है। एक तरफ पीएमएमएल खुद को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लेने वाला पंजीकृत राजनीतिक दल बता रही है, वहीं दूसरी तरफ मरियम नवाज और उनकी पार्टी के नेताओं ने उस पर प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ाव के आरोप लगाए हैं। अब देखना होगा कि मरियम नवाज सात दिन के भीतर नोटिस का जवाब देती हैं या पीएमएमएल इस मामले को अदालत तक ले जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed