Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   indian sikh pilgrims to visit pakistan for guru nanak dev 557th birth anniversary

गुरु नानक देव की 557वीं जयंती: पाकिस्तान जाएंगे 3,091 भारतीय सिख, किस दिन किस गुरुद्वारे में करेंगे दर्शन?

Fri, 20 Nov 2026 09:38 PM IST
राकेश कुमार पीटीआई, लाहौर।
पीटीआई, लाहौर। Published by: राकेश कुमार Updated Fri, 20 Nov 2026 09:38 PM IST
सार

गुरु नानक देव की 557वीं जयंती के मौके पर भारत से 3,091 सिख श्रद्धालु 22 नवंबर को वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान पहुंचेंगे। 24 नवंबर को ननकाना साहिब स्थित गुरुद्वारा जन्म स्थान में मुख्य समारोह होगा, जिसके बाद श्रद्धालु करतारपुर साहिब, पंजा साहिब और लाहौर के ऐतिहासिक गुरुद्वारों में भी दर्शन करेंगे। उनकी सुरक्षा के लिए 2,500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और सभी श्रद्धालु एक दिसंबर को भारत लौटेंगे।
 

विज्ञापन
indian sikh pilgrims to visit pakistan for guru nanak dev 557th birth anniversary
गुरु नानक देव की जयंती - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की 557वीं जयंती के अवसर पर भारत से 3,091 सिख श्रद्धालु पाकिस्तान की यात्रा पर जाएंगे। पाकिस्तान सरकार ने इन सभी भारतीय श्रद्धालुओं को वीजा जारी कर दिया है। इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) के प्रवक्ता गुलाम मोहिउद्दीन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये सभी श्रद्धालु 22 नवंबर को वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान पहुंचेंगे। बॉर्डर पर ईटीपीबी के सचिव नासिर मुश्ताक, पंजाब के मंत्री और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार रमेश सिंह अरोड़ा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगे। यात्रा पूरी करने के बाद सभी श्रद्धालु एक दिसंबर को भारत लौट आएंगे।
विज्ञापन


ननकाना साहिब में होगा जयंती का मुख्य समारोह
गुरु नानक देव की जयंती का मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर को पाकिस्तान के ननकाना साहिब स्थित गुरुद्वारा जन्म स्थान में आयोजित किया जाएगा। यही वह पवित्र स्थान है, जहां गुरु नानक देव का जन्म हुआ था। इस मुख्य समारोह के दौरान अखंड पाठ साहिब का समापन होगा, जिसमें सिखों के पवित्र ग्रंथ का लगातार पाठ किया जाता है। इसके साथ ही भव्य नगर कीर्तन भी निकाला जाएगा, जिसमें देश-विदेश से आए श्रद्धालु धार्मिक जुलूस के रूप में शामिल होंगे।
विज्ञापन


किस दिन किस ऐतिहासिक गुरुद्वारे में होंगे दर्शन?
पाकिस्तान पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं के लिए कई ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन का कार्यक्रम तय किया गया है। आधिकारिक शेड्यूल के मुताबिक, 22 नवंबर को वाघा बॉर्डर से पाकिस्तान पहुंचने के बाद श्रद्धालु सीधे ननकाना साहिब जाएंगे और 23 नवंबर को जिले के विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों में मत्था टेकेंगे। इसके बाद 24 नवंबर को गुरुद्वारा जन्म स्थान में जयंती के मुख्य समारोह में शामिल होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


आगे की यात्रा में 25 नवंबर को श्रद्धालु फरूकाबाद स्थित गुरुद्वारा सच्चा सौदा जाएंगे। इसके बाद वे हसन अब्दाल पहुंचेंगे और गुरुद्वारा पंजा साहिब में रात बिताएंगे। 27 नवंबर को सभी नारोवाल जिले के करतारपुर स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब पहुंचेंगे और वहीं रुकेंगे। अगले दिन यानी 28 नवंबर को गुरुद्वारा दरबार साहिब में कबड्डी मैच का आयोजन होगा, जिसके बाद श्रद्धालु लाहौर के लिए रवाना होंगे और गुरुद्वारा डेरा साहिब में रात्रि विश्राम करेंगे। 29 और 30 नवंबर को लाहौर के अलग-अलग ऐतिहासिक गुरुद्वारों में दर्शन करने के बाद एक दिसंबर को सड़क मार्ग से वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लौटेंगे।

यह भी पढ़ें: काश पर्व: गुरु नानक जयंती पर क्यों मनाया जाता है प्रकाश पर्व? जानिए इसके पीछे की वजह


सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, 2,500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
पाकिस्तान के इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड ने पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और स्थानीय जिला प्रशासन के साथ मिलकर श्रद्धालुओं की यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उनके ठहरने, खाने-पीने, चिकित्सा सुविधा और आने-जाने के लिए परिवहन का खास इंतजाम किया गया है। ननकाना साहिब के डिप्टी कमिश्नर राणा हमीद ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जयंती समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 2,500 से अधिक पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है।

करेंसी बदलने के लिए बैंक काउंटर की सुविधा
पाकिस्तान पहुंचने वाले भारतीय श्रद्धालुओं को भारतीय रुपये को पाकिस्तानी मुद्रा में बदलने में कोई परेशानी न हो, इसका भी पूरा ध्यान रखा गया है। इसके लिए ननकाना साहिब में नेशनल बैंक और बैंक ऑफ पंजाब के विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। इन काउंटरों पर श्रद्धालु आसानी से अपनी जरूरत के मुताबिक करेंसी बदल सकेंगे। पाकिस्तान प्रशासन का कहना है कि यात्रा और धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed