Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Russia Hails Putin Talks with Trump and Xi as Historic Moment, Highlights Europe Absence

पुतिन-ट्रंप-जिनपिंग की मुलाकात को रूस ने बताया ऐतिहासिक: यूरोप को दिखाया बाहर का रास्ता, यूक्रेन पर हमले जारी

Sat, 21 Nov 2026 12:17 AM IST
शिवम गर्ग वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, मॉस्को
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, मॉस्को Published by: शिवम गर्ग Updated Sat, 21 Nov 2026 12:17 AM IST
सार

पुतिन, ट्रंप और जिनपिंग की शेनझेन बैठक को रूस ने वैश्विक राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत बताया। रूसी मीडिया ने यूरोप की गैरमौजूदगी को प्रमुखता दी, लेकिन यूक्रेन पर हमले और पोलैंड में मिसाइल गिरने की घटना ने रूस के शांति दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विज्ञापन
Russia Hails Putin Talks with Trump and Xi as Historic Moment, Highlights Europe Absence
डोनाल्ड ट्रंप, व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

रूस ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की इस सप्ताह हुई मुलाकात को ऐतिहासिक महत्व दिया है। हालांकि, इस बैठक से कोई बड़ी ठोस उपलब्धि सामने नहीं आई और यह मुलाकात काफी हद तक एक साझा तस्वीर खिंचवाने तक सीमित नजर आई। इसके बावजूद रूस के सरकारी मीडिया और टिप्पणीकारों ने इसे वैश्विक राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत बताया। उन्होंने पुतिन को अमेरिका और चीन के बराबर प्रभावशाली वैश्विक नेता के रूप में पेश किया और यूरोप की गैरमौजूदगी को खास तौर पर रेखांकित किया।

विज्ञापन


रूस ने बैठक को बताया दुनिया में शांति की कोशिश
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने शुक्रवार को अपने एक विचार लेख में कहा कि तीनों नेता दुनिया को बचाने और परमाणु संकट के खतरे को टालने के लिए मिले थे। लेख में दावा किया गया कि तीनों नेताओं का मकसद लगातार बातचीत और आपसी समझौते के जरिए हर कीमत पर शांति बनाए रखना है।
विज्ञापन


बैठक के बाद जारी एक संक्षिप्त 'शांति घोषणा' में संयुक्त राष्ट्र में सुधार, जीवाश्म ईंधन के अधिक शोधन, अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) की पहुंच सीमित करने और परमाणु जोखिम घटाने के लिए बातचीत जैसे मुद्दों का जिक्र किया गया। रूस के वरिष्ठ सांसद कॉन्स्टेंटिन कोसाचेव ने भी इस बैठक को धरती की सुरक्षा के लिए तीनों शक्तियों की जिम्मेदारी से जुड़ा बताया। उन्होंने शेनझेन में हुई इस त्रिपक्षीय मुलाकात को शांति चाहने वाले देशों का गठबंधन करार दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


रूस ने यूरोप की गैरमौजूदगी को बनाया मुद्दा
मॉस्को के विदेश नीति विशेषज्ञ फ्योडोर लुक्यानोव ने सरकारी अखबार रोसिस्काया गजेटा में लिखा कि चीन में हुई यह बैठक 1940 के दशक से चली आ रही विश्व व्यवस्था के अंत का संकेत देती है। उनके मुताबिक, इस व्यवस्था में अमेरिका का दबदबा था और यूरोप रूस के कथित 'सामूहिक पश्चिम' का हिस्सा था।

उन्होंने कहा कि शेनझेन में अमेरिका ने रूस और चीन के साथ समान स्तर पर बातचीत की, जबकि इस चर्चा में यूरोप मौजूद नहीं था। रूस के सरकारी टीवी चैनल 'रूस-1' ने भी शुक्रवार सुबह अपने समाचार बुलेटिन में इस बात पर जोर दिया कि यूरोप को बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया था। यह मुलाकात एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी, जिसका यूरोप सदस्य नहीं है। रूस के पूर्व राष्ट्रपति और सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर तीनों नेताओं की बैठक की तस्वीर साझा की। उन्होंने अंग्रेजी में लिखा, 'हम्म, यूरोप कहां है?'

यूक्रेन पर हमलों के बीच शांति के दावों पर सवाल
रूस की ओर से बैठक को शांति की कोशिश बताने वाले दावों के बीच यूक्रेन पर उसके हमले जारी रहे। रूस का यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने का सैन्य हमला पांचवें साल में पहुंच चुका है। गुरुवार को यूक्रेन की राजधानी कीव में विस्फोट और सायरन सुनाई दिए। इसके बाद गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह रूसी सेना ने यूक्रेन के कई क्षेत्रों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए। इन हमलों में आम नागरिकों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए।

यूरोपीय देशों ने अमेरिका के साथ की बातचीत
रूस और अमेरिका के नेताओं की गतिविधियों से यह भी संकेत मिला कि यूरोप को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। गुरुवार को यूक्रेन के यूरोपीय सहयोगियों ने बर्लिन में अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें युद्ध के बाद यूक्रेन की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पुतिन के साथ बातचीत के बाद इस बैठक में फोन के जरिए हिस्सा लिया। इसकी जानकारी उनके विशेष दूत और दामाद जेरेड कुशनर ने दी। पुतिन ने गुरुवार को यह भी बताया कि क्रेमलिन ने यूरोपीय अधिकारियों को बातचीत के लिए मॉस्को आने का न्योता दिया है। हालांकि, जर्मनी ने इस प्रस्ताव पर संदेह जताया है।

पोलैंड में रूसी मिसाइल गिरने से बढ़ा तनाव
रूस की शांति वार्ता में शामिल होने की इच्छा पर अगले ही दिन सवाल उठने लगे, जब पोलैंड में एक रूसी मिसाइल आ गिरी। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने इसे संभावित रूप से जानबूझकर की गई उकसावे वाली कार्रवाई बताया। यह घटना ऐसे समय हुई, जब पोलैंड में यूरोपीय सैन्य अभ्यास चल रहे थे। ये अभ्यास यूक्रेन में युद्ध के बाद संभावित सैन्य मिशन की तैयारियों का हिस्सा हैं।


यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने पोलैंड के साथ एकजुटता जताई। उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती है कि रूस शांति वार्ता में शामिल होने की इच्छा दिखाने के बजाय लगातार धमकियां दे रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed